चकिया/कमालपुर। जनपद में अलग-अलग स्थानों पर सर्पदंश से छात्रा समेत महिला की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।चकिया कोतवाली क्षेत्र के मुड़हुआ दक्षिणी गांव निवासी चंद्रिका यादव की 14 वर्षीय पुत्री साक्षी यादव कक्षा नौ की छात्रा थी। शनिवार की रात वह खाना बनाने के लिए ऊपले लेने गई थी। इसी दौरान वहां छिपे जहरीले सांप ने उसे डंस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन बाइक से उसे इलाज के लिए चकिया अस्पताल ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। साक्षी दो संतानों में बड़ी बेटी थी। परिजनों ने रविवार सुबह पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।वहीं कमालपुर क्षेत्र के इनायतपुर गांव में रविवार को 62 वर्षीय चनरा देवी की सर्पदंश से मौत हो गई। बताया गया कि व्रत के दौरान वह घर में दैनिक कार्य कर रही थीं। दीवार की दरार में रखा ब्रश निकालने के लिए हाथ डालते समय छिपे सांप ने उन्हें डंस लिया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

