नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव के रास्ते पर गोधना मोड़ स्थित आभूषण दुकान बंद कर मनोहरपुर अपने घर जा रहे आभूषण कारोबारी सुजीत कुमार को बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मार कर घायल कर दिया। क्षेत्र में फायरिंग की सूचना होते ही हड़कंप मच गया। सूचना पर तत्काल पुलिस के आलाधिकारी पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गए। वहीं घायल सुजीत को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद से लोगों में काफी आक्रोश है।
मनोहरपुर गांव निवासी भाजपा के बूथ अध्यक्ष सुजीत गोधना मोड पर आभूषण की दुकान चलते हैं। गुरुवार की शाम करीब आठ बजे अपनी दुकान बंद कर सुजीत बाइक से अकेले अपने घर मनोहरपुर जा रहा था। जैसे ही वह गांव के रास्ते पर पहुंचा कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली सुजीत के बाएं हाथ मे लग गई। संयोग से इसी बीच सुजीत का पुत्र अरुण भी साइकिल से मौके पर पहुंचा। जहां बदमाशों और पिता पुत्र में गुत्थम गुत्थी हुई। जब तक लोग समझते तब तक बदमाश सुजीत के पिट्ठू बैग से कुछ नगदी लेकर फरार हो गए। हालांकि ग्रामीणों ने मौके से बदमाशों का एक मोबाइल पुलिस को सौंपा है। फायरिंग की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आनन फानन में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। वही क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गए। इस बाबत अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि गोली कांड का मामला संज्ञान में है घटना का सीसी टीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

