यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने की कार्रवाई
चंदौली। जनपद में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रविवार को सीओ सदर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी से वाहन चालकों और स्वामियों में हड़कंप मच गया। कई वाहन चालक पुलिस जांच से बचने के लिए रास्ता बदलते भी नजर आए।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, नंबर प्लेट, हेलमेट और सीट बेल्ट की जांच की। इस दौरान बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे कई वाहनों को सीओ देवेंद्र कुमार ने तत्काल जब्त करने का निर्देश दिया। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट चल रहें वाहनों को 10 वाहनों को जब्त किया गया। वही बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने वाले तथा सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले चार पहिया वाहन चालकों का चालान काटा गया। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के नियम लोगों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। इसलिए इनका पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकें।

