चंदौली। जनपद में शनिवार को मौसम के बदले मिजाज ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज आंधी-तूफान और गर्जना के बीच हुई आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में एक विवाहिता, एक बालिका और एक वृद्ध महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
चकिया कोतवाली क्षेत्र के धनावल कला गांव की चुप्पेपुर वनवासी बस्ती में शनिवार शाम करीब छह बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार वाराणसी जनपद के चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव निवासी राजकुमार अपनी पत्नी रूबी 35 वर्ष के साथ पिछले दो वर्षों से यहां रहकर मजदूरी करते थे। शनिवार शाम रूबी पड़ोसी बेचू की 12 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी के साथ गांव के सिवान स्थित बगीचे के पास लकड़ी बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान के बीच हुए वज्रपात की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान पप्पू यादव ने पुलिस को अवगत कराया। थाना प्रभारी अर्जुन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जबकि तहसीलदार देवेंद्र कुमार ने राजस्व टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला संयुक्त चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया। उधर नौगढ़ क्षेत्र के चकरघट्टा थाना अंतर्गत बजरडीहा गांव में शनिवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से शकुंतला देवी 60 वर्ष पत्नी रामचंद्र की मौत हो गई। वह घर के सामने झाड़ू लगा रही थीं, तभी अचानक गिरी बिजली की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा राहत सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

