चंदौली। कैण्ट से पड़ाव मार्ग पर स्थित मालवीय राजघाट पुल पर ड्रेनेज स्पाउट एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत के मद्देनजर यातायात पुलिस ने विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। यह कार्य मेसर्स कन्स्ट्रक्शन इक्यूमेन्ट कम्पनी शास्त्री नगर मेरठ द्वारा कराया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि 14 जून से 13 अगस्त तक प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 6:30 बजे तक पड़ाव चौराहे से सूजाबाद पुलिस चौकी एवं राजघाट पुल की ओर जाने वाले सभी ऑटो, टोटो और मालवाहक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। मरम्मत कार्य के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रतिबंधित अवधि में पड़ाव चौराहे से आने वाले वाहन वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे। वाहन चालक पड़ाव चौराहा से रामनगर, सामनेघाट, विश्व सुन्दरी पुल, बहादुरपुर होते हुए रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। जनपद पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर प्रशासन का सहयोग करें। इससे मरम्मत कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा होने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी।

