चंदौली। अधिशासी अभियंता विद्युत आशीष कुमार के निर्देश पर मंगलवार को बिजली विभाग और विजिलेंस टीम ने नगर क्षेत्र में संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिजली चोरी, अवैध कनेक्शन तथा बकाया बिलों की जांच की गई। विभागीय कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही। जांच के दौरान सात लोगों को अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया। इन सभी के खिलाफ बिजली चोरी के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया।
इसके अलावा टीम ने बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए करीब 70 हजार रुपये की वसूली की। जिन उपभोक्ताओं ने मौके पर बकाया जमा नहीं किया, उन्हें जल्द भुगतान करने की चेतावनी दी गई। अवर अभियंता प्रमोद यादव ने बताया कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ विभाग की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी से विभाग को आर्थिक नुकसान होता है और ईमानदारी से बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए किसी भी स्थिति में बिजली चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम उपभोक्ताओं से अपील की कि वे वैध विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें और समय पर बिजली बिल जमा करें। अवर अभियंता ने स्पष्ट किया कि बकायादारों और अवैध कनेक्शन धारकों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाना, राजस्व वसूली बढ़ाना तथा उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना है। इस दौरान बिजलेंस प्रभारी आशीष मिश्रा, बिजलेंस जेई मड़ी शंकर पाल, सुनील कुमार, बिनय कुमार, बीरबल चंदन आदि मौजूद रहे।

