चंदौली। क्षेत्र के झांसी गांव स्थित यथार्थ नर्सिंग कॉलेज एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट में सोमवार को महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जिसमें कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और समाज में महिलाओं के अधिकारों तथा कानूनी जानकारी के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज परिसर से हुई, जहां प्रबंध निदेशक डॉ. धनंजय सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली कॉलेज से निकलकर जीटी रोड तक पहुंची और वहां से पुनः कॉलेज परिसर में आकर समाप्त हुई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न नारों और संदेशों के माध्यम से महिला अधिकारों और उनकी सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया। रैली के समापन के बाद आयोजित गोष्ठी में डॉ. धनंजय सिंह ने कहा कि छात्राओं के लिए शिक्षा के साथ-साथ अपने अधिकारों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जब तक महिलाएं शिक्षित और जागरूक नहीं होंगी। तब तक समाज और देश का समुचित विकास संभव नहीं है। महिलाओं का सशक्त होना सामाजिक और आर्थिक प्रगति के लिए बेहद जरूरी है। इस अवसर पर प्रिंसिपल डॉ. जे. नेट जे, प्रोफेसर प्रदीप गर्ग, धर्मेंद्र कुमार सिंह, रिंकू मौर्य, अनुराधा प्रजापति, आरती चौहान, स्नेहलता यादव, वंदना पाठक, आकृति यादव, अर्चना राज, मोहित तिवारी सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

