चकिया। नगर के शमशेर नगर स्थित यूनियन बैंक की मुख्य शाखा में रविवार की देर शाम भीषण आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली के शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। आग की लपटें उठती देख क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया।
बताया जाता है कि वार्ड नंबर-3 शमशेर नगर में स्थित यूनियन बैंक की यह शाखा लंबे समय से संचालित है। बैंक में लॉकर सुविधा के साथ ऊपरी मंजिल पर आधार सेवा केंद्र भी संचालित किया जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार शाम ढलने के बाद बैंक भवन से धुआं निकलता दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और भवन से ऊंची लपटें उठने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बैंक का मुख्य चैनल और दरवाजा खोलने में कठिनाई होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में जुटी टीम को अंदर पहुंचने के लिए विशेष प्रयास करने पड़े। देर रात तक आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रहा। शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने बताया कि आग से हुए नुकसान का सही आकलन आग पूरी तरह बुझने और बैंक परिसर की जांच के बाद ही किया जा सकेगा। फिलहाल बैंक के अभिलेखों, उपकरणों और अन्य सामग्री को हुए नुकसान का मूल्यांकन किया जा रहा है।
इनसेट——
फायर अलार्म नहीं बजने पर उठे सवाल
चकिया। बैंक में अग्नि सुरक्षा के लिए फायर अलार्म प्रणाली स्थापित होने के बावजूद आग लगने के दौरान अलार्म के सक्रिय न होने की चर्चा क्षेत्र में होती रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अलार्म समय पर बज जाता तो आग पर शुरुआती चरण में ही नियंत्रण पाया जा सकता था। घटना के बाद बैंक की सुरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अधिकारियों द्वारा मामले की जांच कराई जा रही

