चंदौली। मुख्यालय पर कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ न्यायालय परिसर एवं जिला चिकित्सालय का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लेते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली गई।
साथ ही न्यायालय परिसर अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीओ सदर ने सड़कों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को लेकर भी सख्त रुख अपनाया।

उन्होंने दुकानदारों एवं ठेला संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। कहा कि ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। इस दौरान सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

