चंदौली। नगर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार की शाम सीओ सदर देवेंद्र कुमार तथा कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय ने भारी पुलिस बल के साथ नगर के प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों पर पैदल गश्त किया। इस दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच की। बिना आवश्यक दस्तावेजों के चल रहे वाहनों की जांच करते हुए लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
पैदल गश्त के दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से ठेले एवं खुमचे लगाने वालों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित स्थानों पर दुकान लगाने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें बेहतर सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि नगर में शांति, सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित रूप से पैदल गश्त और सघन जांच अभियान जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से आम नागरिकों और व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है तथा लोगों ने पुलिस के प्रयासों की सराहना की।

