चकिया। कोतवाली क्षेत्र के चकिया-अहरौरा मार्ग पर रघुनाथपुर गांव स्थित काली मंदिर के पास बुधवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार एक युवक और तीन वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां एक की हालत नाजुक होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर गांव के डिबरी स्थित दलित बस्ती निवासी तीन वर्षीय अमित अपने ननिहाल बिहार के कैमूर जनपद के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित तेनुअरा गांव गया हुआ था। बुधवार शाम वह अपने मामा दीपक और उसके एक दोस्त के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहा था। रात करीब आठ बजे रघुनाथपुर गांव के काली मंदिर के समीप अहरौरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 वर्षीय दीपक और बालक अमित गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। शव को मर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। गुरुवार को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के साथ मृतक की शिनाख्त में जुटी है। घटना की सूचना पर विधायक कैलाश आचार्य अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

