चंदौली। जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को अयोध्या स्थित प्रभु श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के विरोध में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने “चढ़ावा चोर गद्दी छोड़” मार्च और “बुद्धि शुद्धि पदयात्रा” निकाली। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना ने आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की धनराशि और बहुमूल्य आभूषणों की कथित चोरी से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही प्रदेश सरकार और भाजपा पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में जनता द्वारा जवाब देने का दावा किया।जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में लीपापोती कर रही है और दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान बृजेश गुप्ता, विजय त्रिपाठी, रामनंद यादव, रजनीकांत पांडेय, डॉ. रामधार जोसफ, राजेंद्र गौतम, मुनीर खान, गंगा प्रसाद सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

