चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के दैथा गांव निवासी 21 वर्षीय सोनू उर्फ रामदेव पांडे की कर्मनाशा नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां मीरा समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताते हैं कि दैथा गांव निवासी सोनू उर्फ रामदेव पांडे 21 वर्ष गुरुवार को खेत की ओर घूमने गया था। इसी दौरान कर्मनाशा नदी के किनारे पहुंचने पर अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में समा गया। हादसे की जानकारी होने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कर दी। काफी अथक प्रयास के बाद सोनू का शव नदी से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना तत्काल कंदवा पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। युवक की मौत से गांव में भी मातम पसरा हुआ है। बताया गया कि सोनू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से मां मीरा और दोनों भाइयों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

