चंदौली। कोडिन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों के खिलाफ मुगलसराय पुलिस ने कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के आदेश पर शनिवार को वाराणसी स्थित आरोपियों के आवासों पर नोटिस चस्पा कर डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई गई।
पुलिस ने बताया कि 2025 में थाना मुगलसराय में कोडिन कफ सिरप के अवैध क्रय-विक्रय, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा अपराध संख्या 570/2025 और 571/2025 दर्ज किया गया था। इन मामलों में वाराणसी निवासी शुभम जायसवाल, प्रशांत कुमार कसेरा, अंजली रानी कसेरी और आकाश गुप्ता वांछित हैं। लगातार फरार रहने पर फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम, चंदौली ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत उद्घोषणा जारी करने का आदेश दिया था। इसके अनुपालन में पुलिस टीम ने आरोपियों के घरों के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा किया। पुलिस ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करने पर आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में विवेचना सेल, क्राइम ब्रांच और मुगलसराय थाने की संयुक्त टीम शामिल रही।

