चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के झांसी गांव के समीप सोमवार की देर रात भीषण सड़क हादसे में मैजिक वाहन में सवार 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहा सभी का इलाज़ जारी है।
बिहार प्रांत के चैनपुर क्षेत्र से कुछ लोग एक शव को अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी लेकर जा रहे थे। इसी दौरान झांसी गांव के पास उनकी मैजिक गाड़ी किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक में बैठे लोग घायल हो गए और वाहन के अंदर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण शोर सुनकर तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। हादसे में घायल अधिकांश लोगों के पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

