जावेद जाफरी
चंदौली। लोक आस्था का महापर्व डाला छठ सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जनपद में 15 और 16 नवंबर को होने वाले छठ पूजा के आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पूरे जनपद को पांच जोन और 15 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पुलिस बल और पीएसी के जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया जाएगा।जिले में कुल 637 छठ घाट चिह्नित किए गए हैं। इनमें 61 पक्के और 576 कच्चे घाट शामिल हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 637 घाटों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा घाटों पर सुरक्षा निगरानी के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था और ध्वनि विस्तारक यंत्रों की व्यवस्था की गई है। आंकड़ों के अनुसार 637 घाटों पर प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। वहीं 210 स्थानों पर लाउडस्पीकर अथवा पीए सिस्टम की व्यवस्था रहेगी। छठ पर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। 14 नवंबर को खरना के बाद व्रती महिलाएं 15 नवंबर की शाम नदी, तालाब और पोखरों के किनारे अस्ताचलगामी सूर्य को प्रथम अर्घ्य देंगी। इसके बाद 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण करेंगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, रोशनी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिसकर्मियों को लगातार भ्रमणशील रहकर भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर रखने को कहा गया है, ताकि महापर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
इनसेट——
चंदौली। जनपद में कुल 637 घाट चिह्नित किए गए हैं। इनमें 61 पक्के और 576 कच्चे घाट हैं। क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार चंदौली में 33, सैयदराजा में 67, कंदवा में 57, मुगलसराय में 18, अलीनगर में 62, बबुरी में 35, सकलडीहा में 80, बलुआ में 64, धानापुर में 45, धीना में 56, चकिया में 35, शहाबगंज में 16, इलिया में 20, नौगढ़ में 12 और चकरघट्टा में 37 घाट हैं। सभी 637 घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सह ही घाटों 60 नाविक और 615 नाव तैनात रहेंगे।

