चंदौली। कोतवाली क्षेत्र के कोडरिया-बसरिकपुर मार्ग पर गोवंश तस्करी कर रहे तस्करों ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया वही अन्य तस्कर खेतों के रास्ते फरार हो गए। मौके से पुलिस ने क्रूजर वाहन में लदे एक गाय और एक सांड को बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सकलडीहा हाईवे की तरफ से आ रहे संदिग्ध क्रूजर वाहन को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस के पीछा करने पर वाहन सवार बदमाशों ने टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद कुछ बदमाश चलती गाड़ी से उतरकर खेतों में भागने लगे। प्रभारी निरीक्षक ने आत्मरक्षा में दो राउंड हवाई फायर किए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सूरज उर्फ गोलू पटेल निवासी लमही, थाना पहड़िया, वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पांच हजार रुपये और गांजा पीने के लालच में गोवंश तस्करी में शामिल हुआ था। वाराणसी से छुट्टा गोवंश को क्रूजर में लादकर बिहार ले जाया जा रहा था। वाहन में विकास चौहान, बाबू यादव, संतु यादव और शिवकुमार सोनकर भी सवार थे। पुलिस ने बताया कि शिवकुमार सोनकर ने विकास चौहान के कहने पर पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। पुलिस ने क्रूजर वाहन संख्या यूपी 64 एटी 0120 समेत दो गोवंश बरामद किए हैं। मामले में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई जुट गई।

