चंदौली। विंध्य एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए किसानों की उपजाऊ जमीन के अधिग्रहण का विरोध तेज होने लगा है। गुरुवार किसान न्याय मोर्चा के प्रदेश संयोजक एडवोकेट महेंद्र प्रसाद यादव के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात की। इस दौरान किसानों ने एक्सप्रेसवे के लिए उनकी उपजाऊ जमीन अधिग्रहित किए जाने पर आपत्ति जताते हुए अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
किसानों का कहना था कि उनके पास खेती योग्य यही जमीन है। जो उनके परिवार के भरण-पोषण और आजीविका का एकमात्र आधार है। जमीन अधिग्रहित होने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा। डीएम से मुलाकात के बाद किसान न्याय मोर्चा आरोप लगाया कि विंध्य एक्सप्रेसवे की योजना से बड़े औद्योगिक घरानों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि योजना की पीडीआर में अडानी रोडवेज के नाम से सड़क निर्माण का उल्लेख है। किसान न्याय मोर्चा के अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद यादव ने चेतावनी दी कि किसानों को उचित मुआवजा दिए बिना जमीन अधिग्रहित की गई तो किसान आर-पार की लड़ाई लड़ने को बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस दौरान शमीम अहमद मिल्की, इंद्रजीत शर्मा, यमुना प्रसाद विश्वकर्मा, सुशील यादव, बाबूलाल यादव, धनंजय यादव, रमेश कुमार और सतीश सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

