फल और गन्ने की जमकर हुई खरीदारी,नगर पंचायत ने टैंकर से कराई सड़कों की धुलाई
चंदौली। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को लेकर जनपद में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। छठ पर्व के अवसर पर व्रती महिलाओं ने विभिन्न तालाबों और घाटों पर पहुंचकर बेदी बनाई और विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। व्रती महिलाओं के साथ पहुंचे परिजनों में भी त्योहार को लेकर खासा उल्लास देखने को मिला। परिवार के लोग पूजन की तैयारियों में जुटे रहे और घाटों पर छठी मइया के गीत गूंजते रहे।
पर्व को लेकर नगर के बाजारों में भी रौनक छाई रही। फल, गन्ना, नारियल और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। लोगों ने छठ पूजा के लिए जमकर खरीदारी की। वहीं महापर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत भी पूरी तरह सक्रिय नजर आई। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की साफ-सफाई के साथ टैंकर के माध्यम से सड़कों की धुलाई कराई गई। ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। दूसरी तरफ तालाबों और घाटों के आसपास नेताओं के होर्डिंग और पोस्टर भी बड़ी संख्या में लगाए गए। जिससे घाटों का नजारा राजनीतिक प्रचार से भी पटा दिखाई दिया। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारी तथा पुलिसकर्मी भी मुस्तैद रहे। अधिकारी और पुलिस के जवान पूजा की तैयारियों से लेकर आयोजन के अंतिम चरण तक घाटों पर जमे रहे। लगातार निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ महापर्व की तैयारियों और पूजन में भाग लिया।

