चंदौली। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर रविवार को जनपद के विभिन्न देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंजते रहे जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
नवरात्र को लेकर मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालु सुबह से ही हाथों में नारियल, चुनरी, फूल-माला और पूजन सामग्री लेकर माता के दरबार में पहुंचते रहे। महिलाओं और युवतियों में पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने माता रानी के दर्शन कर नारियल, चुनरी और प्रसाद अर्पित किया। वहीं नवरात्र को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। पूजा सामग्री, चुनरी, नारियल, फल-फूल और मिठाइयों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। दुकानदारों ने भी त्योहार को देखते हुए दुकानों पर पूजन सामग्री की विशेष व्यवस्था की है। बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी अलर्ट रहा। मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन सुचारु रखने पर ध्यान दिया गया। शारदीय नवरात्र को लेकर जनपद में चारों ओर भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है।

