चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के औरैया गांव में रविवार को शौचालय निर्माण के लिए गड्ढा खोदना दर्दनाक हादसे का कारण बन गया। गड्ढे से सटी ईंट की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। इसकी चपेट में आने से विमल उर्फ धर्मेंद्र राम (34) और रामप्यारे राम गंभीर रूप से घायल हो गए। वाराणसी ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान विमल की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार औरैया गांव निवासी रामप्यारे राम के घर में शौचालय निर्माण के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। उस समय रामप्यारे और विमल गड्ढे के अंदर काम कर रहे थे। जबकि रामप्यारे का पुत्र सतीश ऊपर मौजूद था। इसी दौरान गड्ढे के किनारे बनी ईंट की दीवार अचानक दोनों के ऊपर ढह गई। दीवार गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने रामप्यारे को भर्ती कर उपचार शुरू किया। जबकि विमल की हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची कंदवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।

