23.7 C
Chandauli
Thursday, October 1, 2026

Buy now

Home Blog Page 223

Social Work: श्री सेवा सामाजिक संस्था ने पटरी व्यापारियों में बांटा छाता

DDU Nagar में पटरी व्यापारियों में छाता वितरित करते सतीश जिंदल।
DDU Nagar में पटरी व्यापारियों में छाता वितरित करते सतीश जिंदल।

Young Writer, डीडीयू नगर। सामाजिक कार्यों में अग्रणी श्री सेवा सामाजिक संस्था द्वारा सोमवार को सट्टी बाजार में चिलचिलाती धूप में सड़क किनारे पटरी पर बैठकर सब्जी, फल आदि बेचने वाले गरीब, असहाय व्यक्तियों को धूप से बचाव हेतु 31 छातों का वितरण जरुरतमंदों में किया गया।
संस्था के संस्थापक सतीश जिंदल ने कहा कि वास्तविक जरुरतमंदों का हर प्रकार से सहयोग संस्था द्वारा किया जाता है। बनारस और डीडीयू नगर केे 75 मित्रों को इस संस्था में जोड़ा हुआ है और सभी लगातार अपना भरपूर सहयोग संस्था को देते आ रहे हैं और वास्तविक जरुरतमंदों का सहयोग हमारी संस्था द्वारा पिछले 4 वर्षों से किसी न किसी रूप मे प्रतिदिन किया जा रहा है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करना भगवान की सेवा के समान है जब किसी व्यक्ति को सख्त जरूरत होती है तो उस जरूरतमंद व्यक्ति की हर मदद संभव करनी चाहिए दया और सहानुभूति ही मानवता है और मानव सेवा ही सच्ची सेवा है। इस अवसर पर संजय राय, आशाराम यादव, आलोक सिंह, शिव शंकर लाला, सुरेंद्र टिकमानी उपस्थित रहे।

Lok Sabha Chandauli: नवीन मंडी में 8 बजे शुरू होगी मतगणना

नवीन मंडी में आठ बजे शुरू हो जाएगा मतगणना
नवीन मंडी में मतगणना कर्मियों को जानकारी देते डीएम।

मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में होगी मतों की गणना करेंगे 376 कर्मी

Young Writer, चंदौली। जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने मतगणना कार्य में लगे सभी अधिकारी व कार्मिकों को आयोग की गाइड लाइन के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। बताया कि मतगणना कार्य सुबह आठ बजे नवीन मंडी परिसर में शुरू हो जाएगा। इसलिए मतगणना से जुड़ी सभी तैयारियों पहले ही पूर्ण कर ली जाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी कार्मिक एवं एजेंट को मतदान कक्ष में मोबाइल ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। मोबाइल जमा करने हेतु क्लॉक रूम की व्यवस्था की गई है। 304 कार्मिक ईवीएम काउंटिंग एवं 72 कार्मिक पोस्टल बैलेट की गिनती में लगाए गए है। सभी कार्मिक प्रत्येक दशा में प्रातः 6 बजे नवीन मंडी में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। मतगणना स्थल की सुरक्षा हेतु त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। बताया कि नवीन मंडी में विधानसभा वार अलग अलग कक्ष बनाए गए हैं। विधानसभा वार 14-14 टेबल पर मतगणना का कार्य किया जाएगा।

चकिया और मुगलसराय विधानसभा की गणना 30 राउंड, सकलडीहा और सैयदराजा विधानसभा की गणना 26-26 राउंड में की जाएगी। पोस्टल बैलेट एवं डाक मतपत्र ई टीपीबीएस (सर्विस वोटर्स) की गिनती आरओ हॉल में होगी, जिसके लिए 14 टेबल डाक मतपत्र एवं 20 टेबल ईटीपीबीएस स्कैन करने के लिए लगाए गए हैं। कहा कि पोस्टल बैलेट की गणना हेतु होम वोटिंग एवं वोटर फैसिलिटेशन सेंटर पर प्राप्त पोस्टल बैलेट तथा सर्विस वोटर से प्राप्त ईटीपीबीएस की स्कैनिंग भी प्रातः 8 बजे से की जाएगी। स्कैनिंग के उपरांत ईटीपीबीएस मतों की गणना की जाएगी। जितने भी टेबल लगाए गए हैं सभी प्रत्याशी उस पर अपना एजेंट नियुक्त कर सकते हैं।

मतगणना के रुझान व परिणाम के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की गई है। साथ ही सभी लोग निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर मतगणना के रुझान एवं परिणाम जान सकते हैं। कहा कि हीट वेव एवं गर्मी से बचाव हेतु मतगणना स्थल पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। शीतल जल, मट्ठा एवं कूलर की समुचित व्यवस्था की गई है। हीट वेव से बचाव हेतु पर्याप्त ओआरएस, मेडिकल किट एवं मेडिकल टीम भी मतगणना स्थल पर उपलब्ध रहेगी। प्रत्याशी, उनके अभिकर्ता, मतगणना कार्मिकों एवं अन्य कर्मचारियों के बैठने के स्थान पर पंखे, कूलर आदि की व्यवस्था की गई है। सभी कार्मिकों को अपनी आवश्यक दवाएं अपने साथ ले जाने की अनुमति दी गई है। मतगणना में लगे सभी कार्मिकों को हल्के सूती वस्त्रों का प्रयोग करने की सलाह दी जाती है। कार्मिकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था रामपुर मछिया जीटी रोड (सर्विस लेन के बगल में) की गई है। राजनीतिक दलों के लिए नरसिंहपुर अंडरपास के सामने (मंदिर के बगल) एवं साथ ही रामपुर मछिया में की गई है।

लोकसभा चंदौलीःभीषण गर्मी के बीच पड़ा 60.38 प्रतिशत मतदान,ईवीएम में गड़बड़ी व धीमे मतदान के कारण घंटों लाइन में खड़े रहे मतदाता

filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; module: j; hw-remosaic: 0; touch: (0.49374998, 0.49374998); modeInfo: ; sceneMode: Hdr; cct_value: 0; AI_Scene: (-1, -1); aec_lux: 152.7067; hist255: 0.0; hist252~255: 0.0; hist0~15: 0.0;


चंदौली। लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान शनिवार को सम्पन्न हुआ। इस दौरान भीषण गर्मी व तपन के बाद भी मतदाताओं ने अपने बूथों पर जाकर अपने मत का इस्तेमाल किया। सुबह सभी बूथों पर मतदाताओं की कतार देखने को मिली। इस दौरान कहीं धीमी गति से मतदान की समस्या रही तो कहीं ईवीएम में आई गड़गड़ी के कारण मतदान कार्य घंटों प्रभावित रहा। इस जनपद में कुल 59.16 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया। संसदीय क्षेत्र चंदौली की बात करें तो 60.38 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान समाप्त होते ही 10 प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम मंे कैद हो गया। मतदान सम्पन्न होने के बाद पोलिंग पार्टियों ने पोलिंग एजेंट की मौजूदगी में ईवीएम को सील कर उसे नवीन मंडी स्थित स्ट्रांग रूम में जमा किया।


चंदौली लोकसभा के 1868 बूथों पर शनिवार की सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गया, जिसमें जहां मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। सुबह नौ बजे तक लोकसभा चंदौली के मुगलसराय विधानसभा में 14.06 प्रतिशत, सकलडीहा में 14.54 प्रतिशत, सैयदराजा में 15.05 प्रतिशत, अजगरा सुरक्षित में 14.69 प्रतिशत व  शिवपुर में 13.54 प्रतिशत मतदान हुआ। यही आंकड़ा दोपहर 11 बजे तक बढ़ कर मुगलसराय में 28.16 प्रतिशत, सकलडीहा में 29.77 प्रतिशत, सैयदराजा में 30.56 प्रतिशत, अजगरा में सुरक्षित 30.18 प्रतिशत, शिवपुर में 27.12 प्रतिशत हुआ।  दोपहर एक बजे तक मतदान प्रतिशत बढ़कर 42.06 मतदान प्रतिशत हो गया। जिसमें मुगलसराय में 40.69 प्रतिशत, सकलडीहा में 42.68 प्रतिशत, सैयदराजा में 42.32 प्रतिशत, अजगरा सुरक्षित में 44.20 प्रतिशत तथा शिवपुर 41.59 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम तीन बजे मतदान प्रतिशत बढ़कर 51.00 प्रतिशत हो गया। जिसमें मुगलसराय 47.97 प्रतिशत, सकलडीहा 50.67 प्रतिशत, सैयदराजा 50.59 प्रतिशत, अजगरा सुरक्षित 54.54 प्रतिशत व शिवपुर 52.11 प्रतिशत रहा। शाम पांच बजे मतदान प्रतिशत तक 58.18 मतदान प्रतिशत रहा। जिसमें मुगलसराय 53.95 प्रतिशत, सकलडीहा 57.18 प्रतिशत, सैयदराजा 56.07 प्रतिशत, अजगरा सुरक्षित 62.59 प्रतिशत व शिवपुर 60.77 प्रतिशत रहा। मतदान समाप्ति तक मतदान प्रतिशत  मुगलसराय 56.11 प्रतिशत, सकलडीहा 58.93 प्रतिशत, सैयदराजा 58.41 प्रतिशत, अजगरा सुरक्षित 65.17 प्रतिशत व शिवपुर 63.30 प्रतिशत रहा।

इसके अलावा जनपद के चकिया विधानसभा में सुबह नौ बजे तक 15.95 प्रतिशत, 11 बजे तक 32.09 प्रतिशत, दोपहर एक बजे तक 45.85 प्रतिशत, तीन बजे तक 54.33 प्रतिशत, 05 बजे तक 61.68 प्रतिशत तथा मतदान समाप्ति तक चकिया विधानसभा में कुल 62.54 प्रतिशत रहा है। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, एसपी डा. अनिल कुमार समेत आला अधिकारी चुनाव के दौरान बूथों पर भ्रमणशील रहे। इस दौरान कुछ बूथों पर नोक-झोंक की घटनाएं हुई। वहीं कुछ इलाकों में स्थानीय मुद्दों को लेकर मतदान बहिष्कार की सूचनाएं आयी।

Chandauli:चुनाव ड्यूटी में लगे दो पीठासीन अधिकारी की मौत,जाने कहां थी तैनाती


चंदौली। सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के दानुपुर बूथ पर तैनात पीठासीन अधिकारी की इलाज के दौरान शुक्रवार की रात मौत हो गई। बताते हैं कि सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के दानुपुर बूथ पर पीठासीन अधिकारी के रूप में तैनात मुगलसराय चतुभुजपुर के निवासी गुलाब प्रसाद 55 वर्ष की हालत बिगड़ गई। तत्काल साथ के कर्मचारियों ने मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने वाराणसी रेफर कर दिया,लेकिन पीठासीन अधिकारी की रास्ते में मौत हो गई। वहीं पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज आगे कार्रवाई में जुट गई वही दूसरी ओर चहनियां बलुआ थाना क्षेत्र के मथेला स्थित बूथ नम्बर 131 पर तैनात पीठासीन अधिकारी 45 वर्सीय सन्तोष कुमार की लू लगने से मौत हो गयी । दूसरे पीठासीन अधिकारी की नियुक्ति होगी। जनपद चन्दौली के सुल्तानपुर के रहने वाले सन्तोष कुमार का मथेला पूर्व माध्यमिक बिद्यालय पर पीठासीन अधिकारी के पद पर निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्ति हुई थी । शुक्रवार की शाम को अचानक तबियत खराब होने पर उन्हें अन्य कर्मियों ने चहनियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया । जहां हालत गम्भीर होने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डा0 रितेश कुमार ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय से भी वाराणसी के लिए रेफर किया गया । रास्ते मे कही मौत हो गयी । इस संदर्भ में उपजिलाअधिकारी अनुपम मिश्रा ने कहा कि पीठासीन अधिकारी की मौत हुई है। दूसरे पीठासीन अधिकारी को लगाया जा रहा है ।

सपा के राष्ट्रीय सचिव Manoj Singh W ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गंजी प्रसाद को दी श्रद्धांजलि

सपा के राष्ट्रीय सचिव Manoj Singh W ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गंजी प्रसाद को दी श्रद्धांजलि
बौरी स्थित पूर्व सांसद रामकिशुन के आवास पर स्वर्गीय गंजी प्रसाद को श्रद्धांजलि देते मनोज सिंह डब्लू।

Young Writer, चंदौली। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व पूर्व विधायक गंजी प्रसाद की पुण्यतिथि शुक्रवार को बौरी स्थित पूर्व सांसद रामकिशुन यादव के आवास पर श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस दौरान सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू समेत कई राजनैतिक हस्तियों ने गंजी प्रसाद के चित्र पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके व्यक्तित्व व समाज को दिए गए योगदान पर प्रकाश डाला।

बौरी स्थित पूर्व सांसद रामकिशुन के आवास पर स्वर्गीय गंजी प्रसाद को श्रद्धांजलि देते मनोज सिंह डब्लू।

इस दौरान सपा के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय गंजी प्रसाद ने जनता के हित में कई ऐतिहासिक कार्य किए। उनके कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने देश व समाज के लिए जो योगदान दिया उसे सदैव याद रखा जाएगा। कहा कि वह एक उम्दा राजनेता भी रहे। जिन्होंने अपने नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए मुगलसराय से निर्दल उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीत कर इस प्रमाण दिया। स्वर्गीय गंजी प्रसाद ने कभी अपने आदर्श व वसूलों से समझौता नहीं किया और जीवन पर्यंत समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम किया। आज वे हम सभी के बीच नही है लेकिन विचार आज भी प्रासंगिक हैं। पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि स्वर्गीय गंजी प्रसाद ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में इन्होंने देश की सेवा करने का काम किया था। इसके साथ ही मुगलसराय में जनता के हित व दुख दर्द में शामिल होकर इनकी लड़ाई लड़ने का काम किया है। आज हम सभी उनके पदचिह्नों पर चलकर उनके विचारों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। आज के युवाओं के उनके व्यक्तित्व से प्रेरित होकर देश व समाज हित में कार्य करने के लिए आगे आना चाहिए।

भीषण गर्मी:चंदौली में अलग-अलग जगहों पर लू की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत

भीषण गर्मी लोगों की लू की जान लेने लगा है। बृहस्पतिवार को अलग अलग स्थानों पर लू लगने से ट्रेन मैनेजर, तकनीशियन सहित तीन रेलकर्मियों की मौत हो गई। ट्रेन मैनेजर के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए रेलकर्मियों ने देर शाम रेलवे अस्पताल में हो हल्ला किया। मामले की जांच कराने का आश्वासन मिलने पर रेलकर्मी शांत हुए। तीनों रेलकर्मियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के यार्ड में बृहस्पतितवार की शाम चार बजे अंकोढ़ा गया रूट से आ रही मालगाड़ी के गार्ड ब्रेक में ड्यूटी रत ट्रेन मैनेजर सतीश रंजन निवासी सासाराम पीरो की ​तबियत खराब हो गई। मालगाड़ी के रुकने के बाद सतीश नीचे उतरने लगे। इसी बीच वह अचानक जमीन पर औंधे मुंह गिर गए। यह देख आस-पास काम कर रहे कर्मचारियों ने उन्हें लोको मंडलीय अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी देने के लिए यूनियन के पदाधिकारी सीएमएस को फोन करने लगे, लेकिन काफी देर तक उन्होंने फोन नहीं उठाया। यूनियन के लोग अस्पताल पहुंच गए और हंगामा करने लगे। वहीं सूचना पाकर वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक मुहम्मद इकबाल, वरीय मंडल कार्मिक अ​धिकारी सुरजीत सिंह सहित अन्य अ​अधिकारी भी पुहंच गए। घटना की सूचना मृतक के परिवार वालों को भी दी गई। इस संबंध में डॉ. केशव चंप्रमनारी ने बताया कि पहली नजर में ट्रेन मैनेजर की मौत हीट स्ट्रोक से हुई लगती है। बताया कि इलाज में लापरवाही नहीं की गई है। इसके पूर्व प्लांट डिपो इंजीनियरिंग कारखाना में कार्य करते समय बृहस्पतिवार की दोपहर में टे​क्नि​शियन राकेश कुमार के नाक से खून निकलने लगा और वह अचेत हो गया। सहकर्मियों ने उसे उठाकर लोको मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घो​षित कर दिया। राकेश कुमार के तीन पुत्र ​शिवशंकर राय 21, पवन राय 19, सत्यम 18 और एक पुत्री मोना कुमार 23 वर्ष हैं। राकेश की मौत से बच्चों के साथ पत्नी प्रतिमा का रो रोकर हाल बेहाल हो गया। इसी तरह मानस नगर में रहने वाले टे​क्नि​शियन कृष्णा राम (50) अंकोढ़ा में तैनात थे। दोपहर में कार्य के दौरान अचेत हो गए। सहकर्मी उसे उका कर डेहरी ऑन सोन ​स्थित चिकित्सालय में ले गए। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घो​षित कर दिया।

वही दूसरी ओर चंदौली। जनपद में लोकसभा चुनाव के लिए वाहनों का अधिग्रहण किया गया था। और सभी वाहन को मंडी आस पास खड़ा किया गया था, लेकिन पानी के अभाव होने के कारण बृहस्पतिवार की एक चालाक हालत बिगड़ी गई। आनन फानन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे गुस्साए चालको ने मंडी परिसर के पास हाईवे जामकर दिया। जानकारी होने के बाद मौके पर पहुचे उपजिला निर्वाचन अधिकारी अभय कुमार पांडे व एडिशनल एसपी विनय कुमार सिंह ने किसी तरह समझा बुझा कर मामले को शांत कराया। वहीं जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने कहा कि चालक के परिजनों को शासन की ओर से सभी सुविधा मुहैया कराई जाएगी। शव को पोस्टमार्टम भेज दिया गया है पुलिस आगे कार्रवाई कर रही है। बताते हैं कि 1 जून को होने वाले मतदान के लिए 31 मई को नवीन मंडी परिषद से पोलिंग पार्टियों रवाना होगी। पोलिंग पार्टी के रवाना लिए अधिकृत की गई। गाड़ियों के ड्राइवर को पानी न मिलने के कारण इस तपिश भारी धूप में बृहस्पतिवार को चकिया थाना क्षेत्र के गोगहरा गांव निवासी पत्तू राम 55 वर्ष चालक की हालत बिगड़ गई। इसके बाद साथी चालकों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए लेकिन जहां उसकी मौत हो गई है। इसको लेकर मंडी के पास हाईवे को जाम कर मुआवजे की मांग करने लगे वहीं मौके पर जिलाधिकारी वह एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे इससे कुछ देर नेशनल हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जानकारी के बाद मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकार सदर सहित सदर कोतवाली की पुलिस पहुंच गई है। समझा बूझकर किसी प्रकार मामलों को शांति कराया और जिलाधिकारी ने चालक के परिजनों को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया


इनसेट——-
लू लगने से होमगार्ड की मौत
चंदौली। कोतवाली में तैनात शहाबगंज थाना क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी होमगार्ड बलवंत शर्मा 50 की बृहस्पतिवार को लू लगने से मौत हो गई। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मौत खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। भारी संख्या में परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुच गए।

बुखार में हाँफते दिन : Dr. Umesh Prasad Singh

लोकसभा चुनाव : Young Writer

Young Writer, साहित्य पटल। ललित निबंधकार डा. उमेश प्रसाद सिंह

बुखार में हाँफते दिन: चुनाव के अन्तिम चरण के दिन दस्तक दे रहे हैं। मतदान की आखिरी तिथि बिल्कुल सामने दिखाई पड़ने लगी है। समय बड़ा हलकान है। एक बुखार उतरने से पहले दूसरा चढ़ बैठा है।तापमान इतना बढ़ गया है कि दिन पसीने में डूब गया है। रात बेचैन है। नींद के पीछे सपने डंडे लेकर ऐसे पड़े हैं कि वह लस्त-पस्त भागने में लथपथ है। दौड़ते समय की साँसे उखड़ रही हैं। जो कुछ भी समय में समाहित है, सब हाँफ रहा है। सबसे ज्यादा समाचार चैनलों के एंकर हाँफ रहे हैं। ऐसे हाँफ रहे हैं, जैसे पहाड़ चढ़कर अब गिरने ही वाले हैं। वे बिना रुके, बिना थके लगातार बोल रहे हैं। बोलते जा रहे हैं। गला सूख जाने पर पानी पी-पीकर बोल रहे हैं। वे अपनी तरफ से नहीं बोल रहे हैं। अपने लिए नहीं बोल रहे हैं। उनको इहलाम हुआ है कि वे समय की तरफ से समय के लिए बोल रहे हैं। उनको डर है कि वे नहीं बोलेंगे तो समय गूँगा हो जाएगा। समय को गूँगा होने से बचाए रखने के लिए वे बोल रहे हैं। वे कितना बड़ा काम कर रहे हैं। कितना बड़ा एहसान कर रहे हैं।

अगर लोग एहसान फरामोश न हों तो समूचे देश को उनका ऋणी हो जाना चाहिए। खैर!
हमारा देश भी बड़ा अद्भुत देश है। बड़ा चमत्कारी देश है। यह जो कुछ होता है, आँख मूँदकर हो जाता है। चुनाव के समय हमारे देश की समूची जनता राजनीतिक हो जाती हैं राजनीतिक ही नहीं, राजनीति में पारंगत हो जाती है। पंडित हो जाती है। जो राजनीति की वर्णमाला तक नहीं जानता, वह राजनीति का प्रकाण्ड विद्वान बन जाता है। नुक्कड़-नुक्कड़ पर संसद देखना चाहैं तो चुनाव के समय कहीं भी देख लें। ज्ञान की बरसात बिना बादल हर कहीं होने लगती है। हर कोई भींग रहा होता है। जो नहीं भींग रहा होता है, उसकी गिनती आदमी में नहीं, उल्लू में होती है।

जो उल्लू नहीं है। जो उल्लू होने से बचे हुए लोग हैं, उनकी चिन्ताएँ अछोर है। उनकी व्यस्तताओं का क्या कहना। उनके दिमाग में उठने वाला तूफान संभावनाओं की सरहदों से टकरा-टकराकर उनकी जड़े हिलाने में दिन-रात व्यस्त है।
इन थोड़े से बचे हुए दिनों के पैर दावों के दलदल में धँसे हुए अफना रहे हैं। अनुमानों की आँधी में पीले पत्तों की तरह उड़ रहे हैं। आँखों में धूल झोंक रहे हैं। गहमागहमी में हाँफते हुए दिन कितने लाचार, कितने बेबस और कितने दीन दिखाई दे रहे हैं। दिनों की दयनीयता देखकर समय का मुँह सूख गया है। साँसें सहम गई हैं।

हर जगह चर्चे चल रहे हैं। हर कोई सरकार बना रहा है। हर कोई सरकार बिगाड़ रहा है। आँकड़े, रुझान, विश्लेषण में समूचा देश व्यस्त है। अपना काम छोड़कर हर कोई सरकारी काम में दखल दे रहा है। सरकारी काम में दखल देना वैसे दण्डनीय माना जाता है। मगर चुनाव के दौर में नहीं। चुनाव के दरम्यान में यह दखलन्दाजी पुरस्करणीय हो जाती है। जो जितना ही सक्रिय है वह उतना ही महत्वपूर्ण है। हो भी क्यों नहीं? चुनाव के दौरान तो समूची जनता ही सरकार है। सरकार चुनने की हकदार जनता भला सरकार से कम कैसे कही जा सकती है। कभी-कभी कुछ भ्रम भी कितने रोमांचक हो जाते हैं।

कौन बढ़ रहा है। कौन घट रहा हैं।किसने छक्का जड़ दिया, किसने चौका मार दिया। किसका बाल बाउन्सर चला गया। किसका विकेट गिर गया। कौन कैसे दहाड़ा। कौन कैसे मुस्कराया। किसका हाथ हिलाना आँधी बन गया। किसके आँसू बाढ़ बन गए। किसकी कौन सी अदा भीड़ को दिवाना बना गई! एक नहीं। हजार-हजार सिलसिले। कोई ओर नहीं। कोई छोर नहीं। बातों का क्या! सिर्फ बातें ही नहीं। बातों के अचार और मुरब्बों की गली-गली में दुकान लगी है। कहा जाता है कि आदमी अपने को नहीं देखता। दूसरों के काम में ज्यादा दिलचस्पी लेता है। चुनाव के समय में हर आदमी दूसरे के काम में डूबा हुआ है। राजनीतिक दलों के काम में समूचे देश की जनता डूब-उतरा रही है। बहुत लोग तो आकण्ठ डूब गए हैं। इतने डूब गए है कि दिख ही नहीं रहे हैं। कुछ लोग हैं जो इस कदर डूबे हैं कि बस डूब मरने से किसी तरह बचे हुए हैं।

अब सबकी निगाहें अनुमानों पर जाकर टिक गई है। सबकी साँसे पूर्वानुमानों की घोषणाओं में समा गई है। अनुमानों के इतने-इतने रंग, इतने-इतने ढंग कि कुछ पूछिए मत। राजनीतिक विश्लेषकों की एक पूरी बिरादरी ही अड्डा जमाए हुए है। ये राजनीति नहीं करते। राजनीति का विश्लेषण करते हैं। अपने को बुद्धिजीवी कहते हैं। इण्टेलेक्चुअल कहने से ये लेाग ज्यादा खुश होते हैं। ज्योतिषियों की तरह इतकी भी दुकानें है। एजेन्सियाँ है। एग्जिट-पोल के आर्गेनाइजेशन है। इनको और कुछ से नहीं अपनी फीस से मतलब है। अपने मुनाफे की फिक्र है। इनका काम, काम कम है, धन्धा ज्यादा है। मुनाफा कमाने के लिए जो काम किया जाता है, उसे काम नहीं धन्धा कहा जाता है। पता नहीं कैसे, पता नहीं क्यों, हमारे समय के लोकतंत्र में सारे काम धन्धे में बदल गए हैं। अब बदल गए हैं तो बदल गए हैं। आप मान सकें तो भी और न माने तो भी कोई फर्क नहीं। हमारे समय में तो घाटा और मुनाफा हमारे भीतर इतना घर कर गया है कि आदमी की जिन्दगी ही धन्धा बन गई है।

मनुष्य की प्रवृत्तियाँ इतनी शाश्वत और सनातन है कि बदलने का नाम ही नहीं लेती। रूप बदल जाता है रंग बदल जाता है, ढंग बदल जाता है मगर आत्मा नहीं बदलती। समय की सतह पर युग बदल जाता है, मगर सीने में चलने वाली साँसे वही रहती हैं।

आदमी के भीतर आगे आने वाले समय के अन्तराल में मौजूद यथार्थ को जान लेने की उत्कण्ठा उसकी आदिम उत्कण्ठा है। हमेशा से वह मनुष्य के जीवन में मौजूद रही है। वह आदमी को हमेशा बेचैन रखती है। वैसे यह बेचैनी पूरी तरह से व्यर्थ है, क्योंकि थोड़े से धैर्य से देखो तो भविष्य तो वर्तमान होने ही वाला होता है। मगर नहीं, पता नहीं क्यों मनुष्य कल को आज ही जान लेने को हमेशा उतावला बना रहता है। इस उतावली को संतुष्ट करने के निमित्त ही ज्योतिषशास्त्र का आविर्भाव हुआ होगा, ऐसा कहा जा सकता है। मनुष्य की इसी उतावली के ज्योतिषियों ने अकूत लाभ कमाए हैं। आज भी सारी आधुनिक बौद्धिकता और वैज्ञानिकता के दम्भ के बावजूद आदमी का ज्योतिष में विश्वास कम नहीं हुआ है। कभी कम होगा भी नहीं। थोड़ी गंभीरता से विचार करें तो हमारे समय में एग्जिट पोल की प्रणाली ज्योतिष के ही आधुनिक संस्करण की उपस्थिति है। प्रणाली वही है, प्रकल्प वही है, प्रतिज्ञा वही है, केवल उपादान अलग हैं। ग्राहक वही हैं। व्यवस्था वही है। मुनाफा वैसा ही है। बस ढंग और ढर्रा बदला है। भाषा बदली है। व्यापार की तकनीक बदली है। भावनाओं को भजाने की वृत्ति नहीं बदली हैं।

पाँवों पर दौड़-दौड़कर थके हुए दिन अब दौड़ के परिणाम की आकुलता में हाँफ रहे हैं। धूप में तपे हुए दिन। पसीने में डूबे हुए दिन। प्रतीक्षा में पगे हुए दिन। भूख से भकुआए हुए दिन। प्यास से पगलाए हुए दिन। सचमुच कितने कठिन हैं, ये दिन। दिन चाहे जितने भी कठिन हों कट ही जाते हैं। कट ही जाएंगे। निकल ही जाएंगे। सरकार बन ही जाएगी। फिर रहेगा पांच साल आराम से सोचने का समय। इत्मीनान के साथ सोचने का समय कि सरकार किसकी है, किसके लिए है। बचा रहेगा देखने का समय। देखना भी क्या? देख तो कबसे रहे हैं। सरकार है, जनता के लिए इतना ही बहुत है। जैसी भी होगी, नयी तो होगी।

Manoj Singh W की अपील‚ एक जून को सारे काम छोड़कर सुबह के वक्त ही करें मतदान

मनोज सिंह डबलू

Young Writer, चंदौली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने गुरुवार को चंदौली के मतदाताओं से खास अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम बेहद तल्ख है। इसलिए मतदाता सुबह ही अपने घरों से निकले और बूथों पर जाकर अपने मतदान के लिए कतारबद्ध हो जाएं। देश में सत्ता परिवर्तन की लहर में अपने मत की आहुति देकर एक सशक्त सरकार के निर्माण करें।

उन्होंने कहा कि सभी मतदाता का आह्वान किया कि एक जून उन ताकतों को मात देने का स्वर्णिम अवसर है जिन्होंने जनता जर्नादन को पिछले 10 सालों तक हाशिए पर रखा। चंदौली के विकास के साथ खिलवाड़ करते रहे और अब जब चुनाव आया है तो घर-घर और लोगों के दर पर जाकर अपने जाति, अपनी पार्टी की दुहाई देते हुए नजर आ रहे हैं। ऐसे लोग जिन्होंने पिछले 10 वर्षों तक जमीन पर पैर नहीं रखा आज वे गलियों का खाक छान रहे हैं। ऐसे में मतदाताओं का यह दायित्व बनता है कि वे अपने मत की ताकत को समझे और खुद को किसी भी हालत में मतदान से वंचित न होने दें। तेज धूप व भीषण गर्मी है लिहाजा सुबह उठे और अपने बूथ की ओर रूख करें और अपना मतदान करके ही लौटे।

इस दौरान किसी भी तरह के प्रलोभन व प्रभाव को दरकिनार कर पूरे जोश के साथ अपने मत का प्रयोग करते हुए नई सरकार के गठन में अपना अमूल्य योगदान दें। कहा कि आगे आना वाला समय देश के लिए स्वर्णिम काल होगा। इंडिया गठबंधन के दावे जमीनी हैं जो जमीनी स्तर के लोगों के सुझावों से तैयार किए गए हैं। जून में सरकार बनने के साथ ही जुलाई से महिलाओं व कमजोर वर्ग की सामाजिक सुरक्षा के साथ ही नौकरी के अवसरों के सृजन की गारंटी को पूरा करने के काम होगा। अंत में उन्होंने इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार के समर्थन में वोट करने का आह्वान किया। कहा कि चंदौली की जीत इंडिया गठबंधन की सरकार का एक मजबूत स्तंभ साबित होगा।

सकलडीहा में गरजे Babu Singh Kushwaha‚ कहा संविधान व लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है BJP

सकलडीहा में चुनावी सभा को संबोधित जनअधिकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा।
सकलडीहा में चुनावी सभा को संबोधित जनअधिकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा।

Young Writer, सकलडीहा। भाजपा सरकार में संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। क्योंकि इनकी सरकार बनी तो बाबा साहब द्वारा दिया गया गरीब, दलित, पिछड़े, शोषित व वंचितों का अधिकार छीन जायेगा। ये लोग अमीरों को और अमीर बना रहे है। गरीबों को और गरीब बना रहे है। उक्त बातें बाबूसिंह कुशवाहा ने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही।

सकलडीहा में बाबूसिंह कुशवाहा की सभा में उपस्थित लोगों की भीड़।
सकलडीहा में बाबूसिंह कुशवाहा की सभा में उपस्थित लोगों की भीड़।

इस मौके पर जन अधिकार पार्टी के प्रत्येक सदस्यों को सपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील किया। जनअधिकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि आज हमें जो बोलने व पढ़ने का मौका मिला है। यह बाबा साहब डा. आम्बेडकर के संविधान की देन है। आज भाजपा देश में लोकतंत्र पर पाबंदी लगाने के लिये संविधान को तोड़ने की साजिश रच रही है, जिससे गरीब पिछड़े, दलित और शोषित वंचित के बेटा बेटी और महिलाओं का अधिकार छीन जायेगा। इस लिये हम सभी सजग होकर इंडिया गठबंधन को मजबूत करते हुए लोक सभा प्रत्याशी को चुनाव जीता का संविधान को बचाने का काम करना होगा। सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह ने कहा कि हर वर्ग का भला इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर होगा। इस मौके पर कांग्रेज प्रदेश महासचिव देवेन्द्र प्रताप सिंह मुन्ना,सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, जेएपी के जिलाध्यक्ष संजय सिंह मौर्या, इंदू मेहता, डा.काशीनाथ मौर्य, गनेश भारती, दिलीप गुप्त आदि मौजूद रहे।

झण्टों उस्ताद का सपना

रामजी प्रसाद भैरव
रामजी प्रसाद भैरव
Young Writer, साहित्य पटल। रामजी प्रसाद “भैरव” की रचना

झँटो उस्ताद को नींद का पहला झोंका आया ही था कि वह सपनों की दुनियां में विचरने लगे। नीले आकाश में सफेद सफेद बादल उनके आस पास घेरा बना कर खेल रहे थे । कहीं सुंदर सुंदर अप्सराएं हंसी ठिठोली करती चली जा रही हैं । कोई कोई तो झँटो उस्ताद को देखकर मुस्कुरा उठती । उस्ताद को भी अपनी बढ़ती उम्र का आभास नहीं था । वह युवा की तरह आनन्द के लहरों में गोते खा रहे थे । तभी राजा का स्वर्ण रथ उनकी ओर आता दिखाई दिया । रथ पर कई लोग सवार थे । जो हवा में हाथ हिला रहे थे । राजा भी विनम्रता से अभिवादन में हाथ जोड़े मुस्कुरा रहा , हालांकि मुस्कुराहट का साथ उसका चेहरा नहीं दे रहा था, फिर भी वह जबरजस्ती मुस्कुरा रहा था । कभी कभी रथ पर सजे पुष्पों को वह इधर उधर फेंक कर खुश हो रहा था।

फिर जाने कैसे अधनंगे लोगों की भीड़ राजा के सामने झुक झुक कर अभिवादन करने लगी । भीड़ की कृतज्ञता ऐसी थी कि जैसे उनका जीवन राजा का ऋणी है। राजा के रथ पर सवार लोग भीड़ देखते ही रथ से उतर कर राजा के फोटोयुक्त कार्यों के पर्चे भीड़ में बांटने लगे। भीड़ के चेहरे पर मुस्कान तैरने लगी । धीरे धीरे भीड़ बढ़ने लगी । अचानक भीड़ इतनी बढ़ गयी कि राजा का रथ मन्थर गति से चलने लगा । भीड़ रथ के दोनों किनारों पर चलने लगी । राजा भाषण देने लगा । वह एक एक कर भीड़ की दुःखती रग पर हाथ रखने लगा । भीड़ सुबकने लगी । फिर राजा ने दुःख दूर करने के सपने दिखाने लगा । भीड़ मुस्कुरा उठी । भीड़ के कुर्ते में जेबे नहीं हैं ।

राजा उपहार बांटने लगा । उपहार लोगों के हाथों में अट नहीं पा रहे थे । वे सिर पर रख कर भागने लगे । भीड़ छंटते ही रथ आंखों से ओझल हो गया । उस्ताद बादलों के साथ खेलते हुए आगे बढ़ गए । एक जगह नर पुंगवों का समूह रुदन कर रहा था । फिर देखते ही देखते रोटी के लिए लड़ने लगे । रोटी किसी के हाथ नहीं लगी । सब मन मार कर बैठ गए । उनके रोने का क्रम वैसे ही जारी था । उनका समवेत रुदन उस्ताद के मन को आहत कर रहा । उनकी प्रफुल्लता गायब हो गयी । उसके स्थान पर अवसाद ने मन को आवृत्त कर लिया । वे रुदन के स्वर को अनसुना नहीं कर सके । उनके पाँव स्वतः उधर मुड़ गए । पास आते ही उस्ताद ने उनसे पूछा -” आप लोग कौन हैं , क्यों रो रहे हैं ।” इतना पूछना भर था । उनका रुदन और तेज हो गया। उस्ताद उन्हें सांत्वना दे रहे थे । उन्होंने रोते हुए बताया ” हम लोक तंत्र की आत्मा हैं । हमारी दशा का जिम्मेदार राजा है।”

उस्ताद ने कहा-” लेकिन राजा तो लोकप्रिय है । वह लोगों को उपहार बांटता है । राजा के साथ भारी भीड़ है । ” लोगों ने कहा ” भीड़ को मूर्ख बनाया जा रहा है , हमें कुचला जा रहा है । “
” वह कैसे “उस्ताद ने आश्चर्य से पूछा
” देश में युवाओं को नौकरी न देकर , उन्हें भरमाया जा रहा है।

रोजगार के नाम पर अस्थिर जीवन दिया जा रहा है । महज कुछ सालों का रोजगार फिर सड़क पर , क्या इसी दिन के लिए युवाओं ने राजा को चुना था । राजा का धर्म के नाम पर लोगों को लड़ा कर , नफ़रत फैलाना क्या उचित है । विकास के नाम पर लोगो को भर्मित करना क्या ठीक है । देश की संपत्ति को अपने फायदे के लिए बेच देना ठीक है । हमारा राजा झूठ ज्यादा बोलता , क्या उसे यह शोभा देता है । अपने पूर्ववर्ती राजाओं को गाली देता है , क्या यह उचित है । वह अपने को इंसान की जगह भगवान मानता है । उसकी प्रजा भेड़ बकरियों की तरह है । जो समय आने पर वोट में तब्दील हो जाती हैं । भय , लालच , धर्म , वैमनस्यता आदि उसके हथियार हैं । जिसे वह समय समय पर प्रजा पर छोड़ता है । “
” इसमें गलत क्या है , सभी राजा करते हैं , उसने भी किया। ” झँटो उस्ताद ने टटोलने का प्रयास किया।

“यहाँ का नागरिक अब बौद्धिक नहीं रह गया है , जो खुद का विचार रख सके । वह राजा के तोतों का पाठ दुहरा रहे हैं। तोतें राजा का रटाया पाठ घूम घूम दुहराते हैं । प्रजा वही राग दुहरा रही है । जहाँ तक तुम्हारा कहना है कि सब राजा ऐसा ही करते हैं , तो तुम्हारा सोचना गलत है । हमारा राजा स्वयं को महिमामण्डित करने में जुटा है । सुना है स्वयं को भगवान का अवतार घोषित कर दिया है । अब वह दिन दूर नहीं जब स्वयं को पूजा करवाने की घोषणा कर दे।”
संवाद जोर पकड़ा ही था कि दरवाजे ठकठक से झँटो उस्ताद की नींद खुल गयी । देखा टी.वी चल रहा है । चुनाव का जुलूस अपने नेता का जयकारा लगा रहा है ।

जीवन परिचय-
रामजी प्रसाद ” भैरव “
जन्म -02 जुलाई 1976
ग्राम- खण्डवारी, पोस्ट – चहनियाँ
जिला – चन्दौली (उत्तर प्रदेश )
मोबाइल नंबर- 9415979773
प्रथम उपन्यास “रक्तबीज के वंशज” को उ.प्र. हिंदी संस्थान लखनऊ से प्रेमचन्द पुरस्कार ।
अन्य प्रकाशित उपन्यासों में “शबरी, शिखण्डी की आत्मकथा, सुनो आनन्द, पुरन्दर” है ।
कविता संग्रह – चुप हो जाओ कबीर
व्यंग्य संग्रह – रुद्धान्त
सम्पादन- नवरंग (वार्षिक पत्रिका)
गिरगिट की आँखें (व्यंग्य संग्रह)
देश की विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में रचनाओं का प्रकाशन
ईमेल- ramjibhairav.fciit@gmail.com

Chandauli
clear sky
23.7 ° C
23.7 °
23.7 °
85 %
2.8kmh
2 %
Wed
23 °
Thu
32 °
Fri
32 °
Sat
32 °
Sun
32 °
Verified by MonsterInsights