DDU Nagar, Chandauli: स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सोमवार की सुबह सवा नौ बजे सिकंदराबाद दानापुर स्पेशल ट्रेन के रवाना होने पर उतर रहे दंपत्ति का चार साल का पुत्र प्लेटफार्म व ट्रैक के बीच गिर गया। इस दौरान बालक का पैर का पंजा ट्रेन से कट गया। बच्चा को नीचे गिरता देखकर यात्रियों में हड़कंप मच गया। जीआरपी व आरपीएफ ने घायल बच्चे को लेकर लोको अस्पताल पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
बिहार प्रांत के रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के इकवनिया गांव निवासी त्रिभुवन सिंह अपनी पत्नी प्रियंका सिंह व चार साल के पुत्र अयांस को लेकर सिकंदराबाद दानापुर स्पेशल ट्रेन से डीडीयू तक यात्रा कर रहे थे। यात्री एसी कोच के बी6 कोच में सवार थे। ट्रेन के प्लेटफार्म संख्या एक पर सोमवार की सुबह पौने 9 बजे स्टेशन पर पहुंचे। यात्री उहापोह के कारण कोच से उतर नहीं पाये। वही ट्रेन के चालू होने पर उतरने लगे। तभी उनका चार साल का पुत्र हाथ से छूटकर ट्रेन के नीचे चला गया। गनीमत रहा कि बच्चे का पैर का पंजा ही कटा। वही बच्चे को ट्रेन के नीचे जाते ही स्टेशन पर लोगों में हड़कंप मच गया। ट्रेन रवाना होने पर जीआरपी व आरपीएफ के जवान आनन फानन घायल बच्चे को लेकर लोको अस्पताल पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जीआरपी कोतवाल सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। अस्पताल में जवान निगरानी के लिए तैनात है।
Accident: ट्रेन की जद में आए बालक का कटा पैर का पंजा
Loksabha Election: प्रत्याशी को छपवाना है विज्ञापन तो लेनी होगी मीडिया मानिटरिंग कमेटी से अनुमति
Young Writer, चंदौली। जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 को सकुशल संपन्न करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अनेक तरह के निर्देश दिए गए हैं। इस क्रम में विज्ञापनों के संबंध में आयोग का निर्देश है कि राजनीतिक दलों को किसी भी तरह के विज्ञापन प्रकाशन के पूर्व मीडिया प्रमाणीकरण एवं मॉनिटरिंग कमेटी से परमिशन लेना अनिवार्य होगा।
इस क्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवार, अध्यक्ष, महामंत्री अथवा उनके प्रतिनिधि प्रकाशन से पूर्व मीडिया सेल में आवेदन करके अनुमति ले सकते हैं। अनुमति लेने की प्रक्रिया बहुत ही सहज है। इसके लिए कलेक्ट्रेट में मीडिया सेल की स्थापना की गई है। इसके सदस्य सचिव जिला सूचना अधिकारी हैं। विज्ञापन प्रकाशन के संबंध किसी भी तरह की जानकारी के लिए इनके मोबाइल नंबर (9453005435) पर संपर्क किया जा सकता है। ऐसे किसी विज्ञापन को प्रकाशित व प्रचारित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी जो जाति, धर्म, भाषा आदि के आधार पर किसी समुदाय की भावना को आहत करता हो।
Hajj 2024 : हज यात्री पैदल चलने को आदत में करें शुमार‚ लिफ्ट और एक्सीलेटर का करें इस्तेमाल
हज तरबियत कैम्प में 88 लोगों का हुआ टीकाकरण
Young Writer, चंदौली। हज-2024 के चयनित यात्रियों का हज तरबीयती कैम्प एवं टीकाकरण का कार्यक्रम सोमवार को सेंट अल हनीफ एजुकेशन सेमरा में उत्तर प्रदेश हज सेवा समिति (Haj Committee of India) की ओर से आयोजित हुआ। 48 महिला और 40 पुरुष कुल 88 हज यात्रियों का टीकाकरण कराया गया। प्रोग्राम की शुरुआत कुरान पाक की तिलावत से किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि मदरसा बोर्ड उत्तर प्रदेश के चेयरमैन डा. इफ्तिखार अहमद जावेद मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि हज की ट्रेनिंग दो तरह को होती है दुनियावी यहां से हासिल कीजिए और दीनी अपने अपने मानने वाले जानकर मौलाना से ट्रेनिंग लें। उत्तर प्रदेश हज सेवा समिति के अध्यक्ष हाजी वसीम अहमद ने हज तरबियत कैम्प एवं टीकाकरण कराया। इस मौके पर हाजी अब्दुल रहमान साहब ने घर से लेकर एयरपोर्ट तक क्या करना है और कौन कौन सा सामान ले जाना है। इस पर रौशनी डाली और हज व उमराह कैसे करना है हदीस की रौशनी में जानकारी दी। इसके बाद हाजी मोहम्मद इमरान ने दुनियावी तरीके से सफर की ज़रूरी जानकारी दी।
बताया कि रोज 5 से 6 किलोमीटर पैदल चलने की आदत में शुमार करें और लिफ्ट व एक्सीलेटर का इस्तेमाल करने की सलाह दी, ताकि वहां पर कोई दुश्वारी ना हो। हज ट्रेनर हाजी साजिद खान हज की वापसी की जानकारी दी। जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. युगल किशोर रॉय अपनी उपस्थिति के साथ और उनके द्वारा नामित डा. अमित दुबे, डा.अखिलेश सिंह, रवि कुमार और उनकी पूरी टीम ने सहयोग किया। इस मौके पर समिति के सदस्य मोहम्मद अनीस अंसारी, मोहम्मद मुश्ताक, साजिद, सफीर अहमद, निजामुल हक़, सेराज, जफीरुद्दीन और पूरी टीम ने सहयोग किया।
Chandauli:गैर मान्यता प्राप्त सात विद्यालयों पर लगे ताले,मचा हड़कंप
चकिया। अवैध तरीके से पिछले कई वर्षों से संचालित गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी रामटहल ने विकासखंड के अलग-अलग गांव में मनमाने तरीके से संचालित सात विद्यालयों को बंद करने की नोटिस जारी करते हुए चेतावनी के साथ विद्यालयों पर ताला जड़ दिया। सोमवार की सुबह स्कूल खुलने के साथ ही अपनी टीम के साथ लेवा पहुंचे बीईओ ने कक्षा 1 से 5 तक की मान्यता होते हुए कक्षा 6 से 8 तक का मनमाने तरीके से संचालन कर रहे शिवा शिक्षा निकेतन के प्रबंधक को नोटिस जारी करते हुए उनके कक्षा 6 से 8 तक के संचालन को बंद कराते हुए विद्यालय गेट पर ताला जड़ दिया। इसके बाद भावपुर कुर्थियां पहुंची टीम ने गैर मान्यता प्राप्त नमो बिंदेश्वरी शिक्षण संस्थान को तत्काल बंद कराते हुए सील कर दिया। उन्होंने अभिभावकों से अपिल की कि आप अपने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे स्कूलों में दाखिला काराए जो मान्यता प्राप्त हो उनको अच्छी शिक्षा मिल सके और वह आगे बढ़ सके। उतरौत गांव पहुंचे बीईओ रामटहल ने महात्मा बुद्ध शिक्षण संस्थान, भरुहियां (कटरिया) में संत निरंकारी सेवा संस्थान के अलावा भस्करपुर गांव में संचालित आरके कान्वेंट स्कूल और दिरेहूं गांव में संचालित नव ज्योति कान्वेंट स्कूल में बिना मान्यता के चल रहे 6 से 8 तक के संचालन को बंद कराते हुए नोटिस जारी की। विद्यालय प्रबंधन की टीम को चेताते हुए स्कूल के गेट पर ताला लगवा दिया। इसके उपरांत चकिया कस्बे में बुद्ध नगर कॉलोनी के पास संचालित गैर मान्यता प्राप्त स्कॉलर वैली स्कूल को बंद कराते हुए गेट पर ताला जड़ दिया। खंड शिक्षा अधिकारी रामटहल ने बताया कि गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय अभिभावकों के साथ छल कर रहे हैं। बताया ऐसे विद्यालयों को चिन्हित करके उनको बंद किया जा रहा है।
Honour : सेंट्रल पब्लिक स्कूल ग्रुप के प्रमुख विनय कुमार वर्मा को राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान
चंदौली। समाजसेवा, शिक्षा के साथ ही साहित्य व पत्रकारिता जगत को अपनी उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले मुगलसराय निवासी सेंट्रल पब्लिक स्कूल के एमडी विनय कुमार वर्मा को एक सम्मान से नवाजा गया है। अंतर्राष्ट्रीय संस्था गोल्डेन स्पैरो नईदिल्ली द्वारा बीते 28 अप्रैल को दिल्ली के तीन मूर्ति भवन में प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेत्री व भरतनाट्यम नृत्यांगना रुसुधा चंद्रन द्वारा राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया।

इस दौरान सुधा चंद्रन ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में हार ना माने। स्वयं को हर बार एक और मौका और दें। यही जीवन की महानता है। कहा कि आज समाज के रियल हीरो को सम्मानित कर रही है उन्हें भी बहुत अच्छा लग रहा है। इस अवसर पर जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी गिरीश महाराज भी उपस्थित थे। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोगों को इस सम्मान के लिए चुना गया था। सम्मान पाकर जनपद लौटे सेंट्रल पब्लिक स्कूल ग्रुप के प्रमुख विनय कुमार वर्मा का डीडीयू नगर में विभिन्न स्थानों पर जोरदार स्वागत एवं सम्मान हुआ।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य करने के साथ ही लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के मिशन को पूरी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि जनपद में साक्षरता दर को बेहतर किया जा सके। शिक्षा से ही सफलता को अर्जित किया जा सकता है। इसे लेकर निरंतर जागरूक किए जाने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा जिले के साहित्यकारों की रचनाओं और कृतियों को भी देश व विदेश स्तर पर पहचान स्थापित करने के लिए चेतना मंच प्रकाशन की स्थापना की गई है। समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम, गोष्ठी व सेमिनार करते हुए बदलते परिवेश में साहित्य को जीवंत बनाए रखने के लिए चर्चाएं व परिचर्चाएं की जाती है।
गर्मी : तीखी धूप से आंख को बचाने के लिए बाहर निकलने से करें परहेज
तापमान में आंख के बचाव के लिए सावधानी बरते की जरूरत
Young Writer, चंदौली। जनपद में बढ़ते तापमान के दौरान लोगों को आंख को सुरक्षित रखने की जरूरत है। इसके लिए कम से कम धूप में लोगों को बाहर निकलना चाहिए, ताकि आप सुरक्षित रख सके। अगर धूप में निकले तो आंखों को सुरक्षित कर रखने के लिए धूप छांव वाला चश्मा अवश्य प्रयोग करें, ताकि आंख सुरक्षित रह सके।
मुख्यालय के पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में तापमान बढ़ने के बाद आंख के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जहां प्रतिदिन ओपीडी में 150 मरीज पहुंच रहे है। वहीं वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक डॉ दीपक मेहता ने कहा कि बाइक चलाते समय धूप के दौरान हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें। और हेलमेट के अंदर चश्मा का भी प्रयोग करें, ताकि आंख धूप में सुरक्षित रह सके। धूप में काले चश्मे के साथ-साथ ऑटोमेटिक चश्मा का प्रयोग करें। इससे भी आंख सुरक्षित रहेगी। अगर किसी प्रकार की आंख में परेशानी हो तो आंख बंद करके ताजे पानी से मुंह को धोए और आंख पर बार-बार छींटे मारे और किसी भी प्रकार की परेशानियां हो तो तत्काल नेत्र चिकित्सा की सलाह पर दवा का प्रयोग करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें नहीं तो आंख पर इसका असर पड़ सकता है। जो मरीज को परेशनी में डाल सकता है।
चंदौली नगर में जर्जर पानी टंकी की नहीं हो रही मरम्मत, जिम्मेदार मौन
50 वर्ष पूर्व बने पानी टंकी से अभी भी पूरी क्षमता के साथ नगर में हो रही सप्लाई
Young Writer, चंदौली। नगर के वार्ड नंबर 6 इंदिरा नगर में स्थित जल निगम द्वारा बनाए गए। 50 वर्ष पूर्व पानी टंकी से अभी भी पूरी क्षमता के साथ नगर में पानी की सप्लाई हो रही है। कालातीत हो चुके पानी टंकी की हालत अब जर्जर होने लगी है। कभी भी इसके धराशायी होने का खतरा मंडरा रहा है। यह पानी टंकी यदि धरासायी हुआ तो नगर में बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता है।
लेकिन नगर पंचायत द्वारा जर्जर हो चुके इस पानी टंकी के मरम्मत का प्रयास नही किया गया। डर तो इस बात का है। कि इस पानी टंकी के नीचे इंद्रा नगर का पूरा वार्ड बसा हुआ है। यदि कभी हादसा हुआ तो नगर में पेयजल संकट के साथ बड़ी छति का सामना करना पड़ सकता है। गौरतलब है कि वर्ष 1974 में जल निगम द्वारा सबसे पहला पानी टंकी का निर्माण चंदौली नगर में कराया गया था। और नगर पंचायत बनने के बाद उसको सुपुर्द कर दिया गया था। यह पानी टंकी 10 हजार लीटर क्षमता का है। जिसकी ऊंचाई 15 मीटर है। इस पानी टंकी से नगर में 50 वर्षों से पेयजल सप्लाई की जा रही है। बाद में आबादी बढ़ने के बाद नगर में पानी की किल्लत होने लगी जिसके लिए वर्षों बाद नगर पंचायत द्वारा दो बड़ी पानी टंकियां बनाई गई। तब जाकर नगर वासियों को पानी से राहत मिली। बावजूद इसके 50 वर्ष पुराने पानी टंकी से नगर के सहित आसपास के कई मोहल्लों में सप्लाई जारी है।
वर्तमान में इस पानी टंकी की हालत अत्यंत दयनीय हो चुकी है। पानी टंकी का प्लास्टर फटने लगा है। और पिलर में कई जगह दरारें आ चुकी हैं। सीमेंट व क्रांकीट सरिया से अलग होने लगे हैं। ऐसी स्थिति में भी पानी टंकी से पानी सप्लाई निरंतर जारी है। और तो इस पानी टंकी के नीचे कान्हा गौ आश्रम स्थापित होने से दर्जनों कर्मचारी हर रोज ड्यूटी में तैनात रहते हैं। यदि कभी पानी टंकी धराशायी हुआ। तो जनहानि के साथ इंद्रा नगर का अधिकांश वार्ड चपेट में आ सकता है। इससे पूरे नगर की पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। प्रशासन व नगर निगम यदि जल्द कोई पहल नहीं करता है। तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस बाबत अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जहां भी पानी टंकी का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है‚ उसे जल्द ठीक करा दिया जाएगा।
चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, एक दर्जन लग्जरी वाहनों के उतारे काली फिल्म मचा हड़कंप

चंदौली। लोकसभा चुनाव को देखते हुए शनिवार को सीओ सदर राजेश राय ने पुलिस टीम के साथ नगर स्थित पुलिस चौकी के समीप दो पहिया व चार पहिया वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने एक दर्जन वाहनों लगे काली फिल्म हटाए, वहीं दो पहिया वाहनों पर बैठे तीन सवारियों का ई चालान किया। इस अभियान से वाहन स्वामियों में हड़कंप मच गया
इस दौरान सीओ राजेश राय ने बताया कि आगामी चुनाव को देखते हुए नगर व क्षेत्र में प्रतिदिन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इससे चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो साथ ही पुलिस संदिग्धों व अराजकतत्वों पर विशेष ध्यान दे रही है। चुनाव में दखल डालने वाले किसी भी हाल में बख्से नही जाएंगे। चेकिंग अभियान में चार पहिया वाहनों पर लगे काली फ़िल्म को उतारा गया है। साथ ही बिना हेलमेट दो पहिया वाहन सवारों को हेलमेट लगाने की हिदायत दी गई। इस दौरान कोतवाल गगन राज सिंह, अमित मिश्रा, शिवबाबू यादव, पीएसी व पुलिस बल मौजूद रहें।
चंदौली पुलिस ने गोवंश के साथ दो तस्करों को किया गिरफ्तारमुखबीर सूचना पर बड़े साहब ढाबे के सामने से मिली सफलता
चंदौली। कोतवाली पुलिस ने थाना क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर वांछित, संदिग्ध व्यक्ति, वाहन, वस्तु की चेकिंग व अवैध गौ तस्करी की चेकिंग के दौरान दो तस्करों को धर-दबोचा। पुलिस ने बड़े साहब ढाबा के पास कार्यवाही करते हुए चार गौवंश को बरामद करते हुए तस्करी में लिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। जिनके खिलाफ पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्यवाही में जुट गई।
बताते हैं कि लोकसभा चुनाव व गौवंश तस्करी की रोकथाम के लिए चंदौली पुलिस वाहनों की जांच-पड़ताल में जुटी थी तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गौवंश को हाइवे के रास्ते बिहार ले जाया जा रही है। इसके बाद चौकी प्रभारी मण्डी व मय फोर्स बड़े साहब ढाबे के सामने पुलिस ने एक पिकअप 04 राशि गोवंश बरामद किया गया है। तलाशी के दौरान पुलिस को चार जिंदा गाय व एक मृत सांड बरामद हुआ। साथ ही तस्करी में लिप्त मोहम्मद इरशाद पुत्र मोहम्मद उमर निवासी राजपुर रायपुरवा जिला कानपुर देहात व संतोष कुमार पुत्र अच्छेलाल निवासी श्रीगंज रामपुर बन्तरा थाना नन्दगंज जिला गाजीपुर के पास से तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना स्थानीय चन्दौली पर मुकदमा अपराध संख्या-92/24, गोवध निवारण अधि0 व 11 पशु क्रुरता अधिनियम व 429 भादवि व 3/25 व एक्ट पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। पुलिस टीम में कोतवाल गगन राज सिंह, रावेन्द्र सिह चौकी प्रभारी मण्डी, एसआई अशोक सिंह, सुनिल सिंह, अनुज कुमार पाण्डेय शामिल रहे।
भीषण गर्मी को देखते हुए जनपद चंदौली में प्रातःकालीन संचालित होंगी अदालतें
चंदौली। जिला न्यायाधीश सुनील कुमार चतुर्थ ने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए मई व जून में जनपद में अदालतें सुबह सात से दोपहर एक बजे तक संचालित होंगी। उन्होंने उच्च न्यायालय इलाहाबाद के प्रशासनिक आदेश का हवाला दिया। जिसमें यह दिशा-निर्देश दिया गया है कि उत्तर प्रदेश के 35 जनपदों, जिनमें जनपद चन्दौली भी सम्मिलित है प्रतिवर्ष माह मई व जून में प्रातःकालीन न्यायालय रहेगा। प्रातःकालीन न्यायालय का समय प्रातः 07 बजे से अपराह्न 01 बजे तक रहेगा। जिसमें पूर्वाह्न 10.30 बजे से पूर्वाह्न 11.00 बजे तक रेसस रहेगा। उच्च न्यायालय इलाहाबाद के उक्त पत्र के अनुसार यदि जनपद के बार एसोसिएशन द्वारा प्रातःकालीन न्यायालय हेतु सहमति नहीं दी जाती है तो माह मई व जून में भी कार्यावधि प्रातः 10.00 बजे से सायं 05.00 बजे तक रहेगी। इसके साथ ही सिविल बार एसोसिएशन चन्दौली तथा डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन चंदौली द्वारा 24 अप्रैल को प्रेषित किये गये संयुक्त प्रस्ताव का जिक्र किया, जिसमें माह मई व जून 2024 में जनपद न्यायालय चंदौली में न्यायालयों का समय प्रातः 07 बजे से अपराह्न 01 बजे तक किए जाने का आग्रह किया गया था। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश व संयुक्त बार के प्रस्ताव के मद्देनजर माह मई व जून में जनपद न्यायालय चंदौली में न्यायालय की कार्यावधि पूर्वाह्न 07 बजे से अपराह्न 01 बजे तक होगी।










