Chandauli News: उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों का एनआईसी लखनऊ द्वारा विकसित पोर्टल samagrashikshaup.upsdc.gov.in के माध्यम से अनुबंध का नवीनीकरण आनलाइन माध्यम से किया जा रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि नवीन विद्यालय के लिए अनुबन्ध नवीनीकरण तीन चरणों में करने हेतु निर्देशित किया गया है। इस क्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अनुदेशकों के नवीन विद्यालय के लिए अनुबंध नवीनीकरण द्वितीय चरण हेतु समय सारणी शासन से जारी की गई।
उन्होंने बताया कि 100 से अधिक छात्र नामांकन वाले उच्च प्राथमिक विद्यालय, जहां पूर्व से अंशकालिक अनुदेशक कार्यरत हो ब्लॉकवार, विषयवार एवं विद्यालयवार अंशकालिक अनुदेशकों की रिक्तियों का ऑनलाइन प्रदर्शन 24 जनवरी से छह फरवरी तक होगा। अनुदेशकों द्वारा अधिकतम 05 विद्यालयों का विकल्प 30 जनवरी से 06 फरवरी की सायं 06 बजे तक ऑनलाइन भरा जाना है। बताया कि खण्ड शिक्षा अधिकारी द्वारा अपने विकास खण्ड से प्राप्त ऑनलाइन आवेदन पत्रों के विवरण को सत्यापित करते हुए सात से नौ फरवरी तक अग्रसारित करेंगे। वहीं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा सत्यापित करते हुए पोर्टल http://samagrashikshaup.upsdc.gov.in/ पर सबमिट करने की तिथि आठ से 12 फरवरी की शाम छह बजे तक निर्धारित है। अनुदेशकों के आवेदन पत्रों का भारांक के आधार पर नवीन विद्यालय के लिए अनुबंध नवीनीकरण हेतु जनपदवार की सूची का प्रकाशन एक जून को किया जाएगा। लिहाजा जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अनुदेशक एनआईसी लखनऊ द्वारा विकसित पोर्टल ऑनलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करें।
अनुबंध नवीनीकरण करें आनलाइन आवेदन करें अनुदेशक
Crime: खलिहान में रखा 40 कुंतल धान चुरा ले गए मैजिक सवार चोर
इलिया(Chandauli)। थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में मंगलवार की देर रात हौसला बुलंद चोरों ने विजेंद्र प्रताप सिंह के खलिहान में रखे गए 40 कुंतल धान को चुरा लिया। बुधवार की सुबह जब परिवार के लोग जगे तो खलिहान से धान गायब देख सन्न रह गए। घटना की जानकारी भुक्तभोगी विजेंद्र प्रताप सिंह ने घटना से स्थानीय थाने को अवगत कराया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक करने में जुट गए, जिसमें मैजिक सवार चोर चोरी की घटना को अंजाम देते हुए नजर आए।
बताते हैं कि बरियारपुर निवासी किसान विजेंद्र प्रताप सिंह धान की फसल की कटाई के बाद उसे अपने खलिहान में रखे हुए थे। इसी बीच मंगलवार की रात मैजिक सवार चोर बरियारपुर गांव पहुंचकर खलिहान में पड़े करीब 40 कुंतल धान को मैजिक पर लादकर कर बिहार की ओर भाग निकले। धान ज्यादा होने के कारण चोर पांच बोरी धान को खलिहान में ही छोड़ गए। सुबह जब भुक्तभोगी ने घटना की जानकारी के बाद गांव व आसपास के इलाकों में भवनों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया तो उसमें मैजिक सवार चोर घटना को अंजाम देकर बिहार प्रांत की ओर भागते नजर आए। फिलहाल पुलिस मामले की छानबिन कर रही है, लेकिन चोरी की इस घटना से आसपास के इलाके में दहशत व्याप्त है। ग्रामीण बताते हैं कि पिछले वर्ष भी पड़ोस के ऋषिकेश सिंह के यहां भी चोरी की घटना हो चुकी है। इस सम्बन्ध में जब प्रभारी निरीक्षक हरिश्चंद्र सरोज से बात करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल रिसीव नहीं हुआ।
PDA जन पंचायतः संसद तक पहुंचाएं पिछड़ों, दलितों व अल्पसंख्यकों की आवाज
मद्धूपुर गांव में सपा का PDA जन पंचायत कार्यक्रम का हुआ आयोजन
Chandauli: समाजवादी पीडीए जन पंचायत का आयोजन बुधवार को सेक्टर प्रभारी दिलीप पासवान के संयोजन में मद्धूपुर गांव में किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रामकिशून यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने केवल फीता काटने का काम किया है। सपा पिछड़ों, दलितों व अल्पसंख्यकों, आदिवासियों व कमजोर वर्ग के विकास को लेकर संकल्पित है और यह तभी संभव होगा जब इन वर्ग के बच्चे लोकसभा व विधानसभा में जाएंगे। इसलिए अपनी आवाज को संसद व विधानसभा तक पहुंचाने के लिए आप सभी को दृढ़ संकल्पित होना होगा।

इस दौरान पूर्व प्रत्याशी चन्द्रशेखर यादव ने कहा कि भाजपा पूंजीपतियों का विकास कर रही है और किसान, नौजवान बदहाल है। सपा की सरकार में गरीबों के हितों के लिए जो योजनाएं शुरू की गई थी उसे बंद कर दिया गया। आने वाले लोकसभा के चुनाव में मतदाता झूठ और जुमले वाली भाजपा सरकार को करारा जवाब देंगे।

सपा नेता अखिलेश्वर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की जीत से देश व प्रदेश में खुशहाली लाने का काम करेगी। आज देश में बढ़ती बेरोजगारी से युवा परेशान हैं। आह्वान किया कि वे सपा की नीति, कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाएं जिससे सत्ता और व्यवस्था परिवर्तन का लक्ष्य पूरा हो। परवेज अहमद जोखू ने कहा कि पिछड़ों, दलितों व अल्पसंख्यकों की आबादी 85 प्रतिशत है। इसे जातियों में बांटकर और आपसी नफरत फैलाने का काम सत्ता पक्ष के लोग कर रहे हैं, जबकि भारतीय संविधान सबको बराबरी का हक देता है।

कार्यक्रम संयोजक व सेक्टर प्रभारी दिलीप पासवान ने कहा कि आज सत्ता की लालसा में भाजपा संविधान को खत्म करने का षड्यंत्र कर रही है। देश में लोकतांत्रिक मूल्यों का दमन किया जा रहा है। इसे बचाने के लिए हम सभी को संगठित होकर आगे आने की जरूरत है। इस दौरान मुसाफ़िर सिंह चौहान, नफ़ीस अहमद, चन्द्रभानु यादव, छोटू तिवारी, अरविंद पासवान, निरंजन कनौजिया, रामआशीष, राजू, वीरेन्द्र, मनीष, आशुतोष, अनिल, संदीप मौजूद रहे। अध्यक्षता राधेश्याम पाल व संचालन रामचंद्र पाल ने किया।
बिंदपुरवां में School और पुल नहीं बना सकी BJP Government: Manoj Singh W
स्कूल व पुल के अभाव में जान जोखिम में डालकर मुस्तफापुर पढ़ने जाते हैं स्कूली बच्चे
Chandauli News : मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के बिंदपुरवां के स्कूली बच्चे जान-जोखिम में डालकर स्कूल पढ़ने के लिए मुस्तफापुर जाते हैं। क्योंकि सरकार ने उनके गांव में स्कूल नहीं बनाए और ना ही उन्हें स्कूल तक जाने के लिए गड़ई नदी में पुल का ही निर्माण कराया। ऐसे में नदी तट पर गिरे हुए पेड़ों के तनों के सहारे छोटे-छोटे स्कूली बच्चों व ग्रामीणों का आवागमन होता है, जो जोखिम भरा है। बावजूद इसके शिक्षा पाने की ललक के साथ बच्चे ये जोखिम हर दिन सुबह-शाम उठाते हैं अब तक हुए हादसे में कई बच्चे हादसे का शिकार भी हो चुके हैं। बावजूद इसके स्थानीय प्रशासन व जनप्रतिनिधि उक्त स्थान पर पुल बनाने के अब तक गंभीर नहीं हुए।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान बिंदपुरवां गांव पहुंचे सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने जब बच्चों को पेड़ों के तनों से होकर गड़ई नदी को पार करते हुए देखा तो हतप्रभ रह गए। उन्होंने जब ग्रामीणों से इसकी वजह पूछी तो ग्रामीणों ने गांव में स्कूल का ना होना प्रमुख कारण बताया। कहा कि गड़ई नदी पर पुल होता तो उन्हें कोई दिक्कत नहीं होती, लेकिन आसपास नदी पर पुल नहीं होने के कारण जान जोखिम डालना मजबूरी है। बताया कि यदि यह जोखिम न उठाते तो बच्चे पढ़ नहीं पाएंगे। बारिश के मौसम में नदी में उफान के कारण बच्चों का स्कूल जाना बंद हो जाता है। समस्या से रूबरू होने के बाद मनोज सिंह डब्लू ने इसके लिए सीधे तौर पर डबल इंजन की सरकार व उनके प्रतिनिधियों पर निशाना साधा।

Manoj Singh W ने कहा कि बीते दिनों मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल द्वारा बिंदपुरवां-मुस्तफापुर के बीच गड़ई नदी पर पुल निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये जारी होने का दावा करते हुए सुर्खियां बंटोरी, लेकिन मौके पर सबकुछ नगण्य है। इसके साथ ही पुल निर्माण का दावा करने वाले चंदौली सांसद पर भी उन्होंने निशाना साधा। कहा कि बिंदपुरवां गांव में गड़ई नदी को पारकरते हुए यदि हादसे में कोई हताहत हुआ तो इसके लिए सीधे तौर पर सत्ता पक्ष जिम्मेदार होगा, क्योंकि उनके गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण आज ग्रामीण अपने बच्चों की सुरक्षा के साथ इतनाबड़ा खतरा मोल ले रहे हैं।
Accident: ट्रैक्टर चालक के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर
Naugarh News: नौगढ़ थाना क्षेत्र के चकिया मार्ग पर प्राथमिक विद्यालय गोडटूटवां के समीप मोड़ पर सोमवार की रात अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्राली पलट जाने से जमसोती व हिनौतघाट गांव निवासी मजदूर बसंत कोल 50 वर्ष व अजय 22 वर्ष की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर चालक रामप्रकाश यादव, ग्राम जमसोती के विरुद्ध धारा-279, 337, 338 व 304ए का मुकदमा दर्ज कर के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजवाया।
मंगलवार को मृतक बसंत कोल व अजय के परिजनों ने पोस्टमार्टम हाऊस चन्दौली से शव को लेकर जनपद मिर्जापुर के नरायनपुर स्थित शवदाह स्थल पर अंतिम संस्कार किया। प्रभारी निरीक्षक विमलेश मौर्य ने मृतक बसंत कोल व अजय के घर जाकर रोते बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाया। नौगढ़ के जंगल में हो रही वनतूलसिया के झाडियों की सफाई मे लगे हिनौतघाट व जमसोती गांव के मजदूर टैक्टर टा्ली पर सवार होकर के सोमवार को देर शाम अपने घर जा रहे थे। रास्ते में गोड़टूटवां गांव के समीप असंतुलित हुयी ट्रैक्टर-ट्राली पलट जाने से 01 दर्जन मजदूरो को घायल हो जाने की सूचना पर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की 03 एंबुलेंस से सभी घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया पहुंचाया गया था। जिसमें बसंत कोल 55 वर्ष अजय 22 वर्ष की मौत हो जाने की पुष्टि कर चिकित्सकीय टीम ने प्यारे 66 वर्ष श्याम 40 वर्ष छब्बी 55 वर्ष गोविंद 30 वर्ष रामप्रकाश 50 वर्ष राम प्रसाद 55 वर्ष छोटू 15 वर्ष अतीश 20 वर्ष शिव प्रसाद 25 वर्ष रामदेव 30 वर्ष धर्मेंद्र 30 वर्ष हीरालाल 25 वर्ष का ईलाज शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक विमलेश मौर्य ने बताया कि हिनौतघाट गांव निवासी शिवाजी पुत्र बाबूलाल ने थाने में तहरीर देकर चालक की लापरवाही से घटना होने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर चालक रामप्रकाश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
Mahatma Gandhi के बताए रास्ते पर चलने की जरूरतः धर्मेन्द्र तिवारी
चंदौली(Chandauli): पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में कांग्रेस ने शहीद दिवस मनाया। इस दौरान कांग्रेसियों ने महात्मा गांधी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। विदित हो कि जनपद में राहुल गांधी की आने वाली न्याय यात्रा से पूर्व ब्लाक स्तरीय भारत जोड़ो-न्याय यात्रा 26 जनवरी से लेकर 30 जनवरी तक चली। जनपद में ब्लाक कांग्रेस के प्रभारियों और ब्लाक अध्यक्षो के नेतृत्व में चलायी गयी पांच दिवसीय भारत जोड़ो-न्याय यात्रा अपने अपने ब्लाकों से चलकर जूलूस के शक्ल में चलकर मुख्यालय पहुंचकर सभा के रूप में परिवर्तित हो गयी।

इस दौरान Congress जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चलकर ही अखंड भारत की परिकल्पना की जा सकती है। वर्तमान सरकार गांधी जी से जुड़े स्मारकों को गिराने और उनके विचारों को मिटाने का प्रयास कर रही है जो निंदनीय है। कहा कि देश में राहुल ग़ांधी की लोकप्रियता और उनके द्वारा की जा रही न्याय यात्रा से सरकार भयभीत है। जगह जगह सरकारी मशीनरियों और अराजक तत्वों द्वारा इस न्याय यात्रा को विफल करने और रोकने, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने तथा उनके साथ मारपीट करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेसजन एकजुट है। देश मे व्याप्त अराजक माहौल से छुटकारा दिलाने तथा वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकने के प्रति कृतसंकल्प है। इस कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष रामजी गुप्ता, विजय त्रिपाठी, आनंद शुक्ला, डा.नारायण मूर्ति ओझा, मधु राय, प्रताप पांडेय, शीतल सिंह, रजनीकांत पांडेय, अकिल अहमद, मुनीर खान डॉ सुल्तान खान, गंगा प्रसाद, प्रदीप मिश्रा, शशि उपाध्याय, राजेंद्र गौतम, डा.राम आधार जोसेफ, कमलेश संत, इंद्रजीत मिश्र, सत्येंद्र उपाध्याय, नेहाल अख्तर बाबू, मुकेश, गौतम गुप्ता, त्रिजा इलियट, संत यादव, विजय गुप्ता, परमानंद पटेल, किरन श्रीवास्तव, चंद्रशेखर तिवारी, शमशेर अली, सुजीत सिंह, अमरदेव राम, संपूर्णानंद राम, विश्वजीत सेठ उपस्थित रहे।
Chandauli:नेशनल हाईवे पर तेज आवाज के साथ रेलिंग से जा टकराई ट्रक,उड़े परखच्चे
चंदौली। नगर के पुलिस चौकी के समीप नेशनल हाईवे पर मंगलवार की देर रात तेज़ रफ़्तार ट्रक का टायर ब्लास्ट कर गया। जिससे ट्रक बेकाबू हो कर हाईवे पर लगी रेलिंग से टकरा कर बीचों बीच फस गयी। घटना में चालक मौके से कूद कर फरार हो गया। वही ट्रक में बैठा खलासी गभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद नेशनल हाईवे कुछ घंटे के लिए ट्रकों की लाइन लग गयी। सूचना के बाद मौके पर पहुची सदर कोतवाली पुलिस ने तत्काल खलासी की जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहा उसका इलाज चल रहा है।

बताते हैं कि ट्रक आलू लादकर मुगलसराय की तरफ से बिहार की तरफ जा रहा था। जैसे ही वो नगर के पुलिस चौकी के समीप पहुचा की अचानक उसका टायर ब्लास्ट हो गया और अनियंत्रित हो कर हाईवे पर बनी सीमेंट की रेलिंग से टकरा गया।घटना में हाईवे की रेलिंग पूरी तरह से धरासायी हो गया। वही ट्रक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर पहुची पुलिस ने तत्काल घायल खलासी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहा उसका इलाज चल रहा है। इस बाबत कस्बा इंचार्ज अमित मिश्रा ने बताया कि ट्रक का टायर ब्लास्ट हो जाने से ट्रक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गयी है। जिसमे खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसका इलाज जिला अस्पताल में कराया जा रहा है।
लोकसभा चुनाव 2024ः प्रत्याशी चयन के साथ फ्रंट फूट पर नजर आ रही समाजवादी पार्टी
Chandauli: लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर समाजवादी पार्टी फ्रंट फूट पर नजर आ रही है। चुनाव के सबसे अहम और प्राथमिक चरण यानी प्रत्याशी चरण को लेकर जिस तरह से समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने प्राथमिकता और अपनी स्पष्टता दिखाई है, उससे साफ जाहिर होता है कि अबकी बार लोकसभा चुनाव की रणनीति सपा ने पहले से तैयार कर रखी है। सपा की ओर से प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने के साथ ही जिले के सपाई भी अपनी दावेदारी व उम्मीदवारी को लेकर चर्चा-परिचर्चा का दौर भी शुरू हो गया है।
विदित हो कि लोकसभा चुनाव-2024 का बिगुल कभी भी बज सकता है। इसके मद्देनजर सत्तारूढ़ दल को कड़ी टक्कर देने और चुनावी रण को अपने नाम करने के लिए विपक्षी दलों द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर रणनीति को तय करते हुए उसे अमल में लाया जा रहा है। सूबे में इंडिया गठबंधन में कांग्रेस व स्थानीय दलों के बीच सीट बंटवारे की चल रही कवायदों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिशा-निर्देशन में समाजवादी पार्टी ने कई नेताओं को समाजवादी पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित करते हुए सूची सार्वजनिक कर दी है।

प्रत्याशियो की सूची में दिवंगत समाजवादी नेता व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की सीट से अबकी बार उनकी बहू डिम्पल यादव प्रत्याशी होंगी। इसके अलावा संभल से शफीकुर्रहमान बर्क, फिरोजाबाद से अक्षय यादव, एटा से देवेश शाक्य, बदायूं से धर्मेन्द्र यादव, खीरी से उत्कर्ष वर्मा, धौरहरा से आनन्द भदौरिया, उन्नाव से अनु टण्डन, लखनऊ से रविदास मेहरोत्रा, फर्रूखाबाद से डा. नवल किशोर शाक्य, अकबरपुर से राजाराम पाल, बांटा से शिवशंकर सिंह पटेल, फैजाबाद से अवधेश प्रसाद, अम्बेडकर नगर से लालजी वर्मा, बस्ती से रामप्रसाद चौधरी, गोरखपुर से काजल निषाद को सपा प्रत्याशी घोषित किया गया है।
प्रत्याशियों की घोषणा के बाद समाजवादी पार्टी के टिकट पर चंदौली समेत पूर्वांचल के अगल-अलग लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार पार्टी शीर्ष नेतृत्व से सम्पर्क साधने और टिकट पाने की जुगत में जुट गए। इसके साथ ही सपा की पीडीए जन पंचायत में भी इन नेताओं की भागीदारी व सक्रियता साफ नजर आ रही है। अब देखना यह है कि आगामी लोकसभा चुनाव में सपा का यह दांव कितना कारगार साबित होता है।
Bhakpa Male: आजादी के आंदोलन में महात्मा गांधी का रहा बड़ा योगदान
Chandauli: भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बिछिया धरनास्थल से जिलाधिकारी कार्यालय पर मार्च निकाला और सभा आयोजित कर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और 16 सूत्रीय ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान भाकपा(माले)राज्य स्थाई समिति सदस्य व जिला सचिव अनिल पासवान ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का देश के आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने देश की दिशा व दशा तय करने में बड़ा योगदान दिया। आज उनकी हत्या करने वाले की विचारधारा के समर्थक सत्ता में काबिज है जो हम सभी के लिए शर्म का विषय है। हम सभी को इन्हें सत्ता से बेदखल करने की मुहिम को आगे बढ़ना होगा, यही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस दौरान शशिकांत सिंह ने कहा कि लोकसभा के चुनाव करीब आ रहे है। अच्छे दिन, काला धन वापस लाने, हर वर्ष 2 करोड़ रोजगार देने, किसानों की आय दोगुनी करने जैसे वादों के जुमला बन जाने के बाद आगामी चुनाव में भाजपा राम के नाम पर वोट मांगने की जुगत कर रही है। लोकतांत्रिक धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था में राज्य का कोई धर्म नहीं होता। वह निजी मामला होता है लेकिन पूरी सरकारी व्यवस्था राम मंदिर उद्घाटन में झोंक दी गई। अखिल भारतीय किसान महासभा जिलाध्यक्ष श्रवण मौर्य ने कहा कि भाजपा विपक्ष रहित संसद और विरोधमुक्त सड़कें चाहती है। थोक भाव में विपक्षी सांसदों को पूरे सत्र के लिए संसद से निलंबित कर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी का बुल्डोजर जो मुसलमानों के खिलाफ चलना शुरू हुआ था अब गांव शहर के गरीबों के घरों पर चल रहा है।
खेग्रामस जिला सचिव रामायण राम ने कहा कि चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र में पुस्तों से बसे आदिवासियों और ग्रामीणों को उजाड़ा जा रहा है किस्मत यादव ने कहा की महिलाओं पर अभूतपूर्व हिंसा है और उनके अपराधियों को भी खुले आम संरक्षण दिया जा रहा है। भाजपा सरकार महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के आरोपी सांसद बृजभूषण को पूरा संरक्षण देती है, जिससे वह गिरफ्तारी से बचे रहे। बीएचयू आईआईटी गैंगरेप के सभी तीनों आरोपी भी भाजपा से जुड़े हैं। इस अवसर पर समाजसेवी विद्याधर मास्टर, चंद्रिका यादव, उमानाथ चौहान, हरिशंकर विश्वकर्मा, श्यामदेयी, ठाकुर प्रसाद, विजई राम, रामबचन पासवान, मुनिलाल राम, रामकिशुन राम, सूचित राम, पार्वती वनवासी शामिल रहे।
Meeting: जनहित से जुड़े मामलों की निगरानी करेगा अधिवक्ता टास्क फोर्स
Chandauli: डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार सभागार में मंगलवार को अधिवक्ताओं की बैठक हुई। इस दौरान चंदौली में विकास कार्यों में निरंतर बरती जा रही अनियमितता, जन सुविधाएं प्रदत्त करने में हो रही लापरवाही एवं भ्रष्टाचार के मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आकांक्षी जनपद चंदौली में सभी तरह के सरकारी संस्थाओं द्वारा जनहित में संचालित कल्याणकारी योजनाओं एवं क्रियाशील एवं स्थगित विकासपरक कार्यों की निगरानी अधिवक्ता टास्क फोर्स करेगी। डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के महामंत्री झन्मेजय सिंह ने बताया कि उक्त टास्क फोर्स मुख्य उद्देश्य अधिवक्ता हितों की रक्षा एवं सामाजिक कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करना होगा।
इस दौरान झन्मेजय सिंह ने कहा कि अधिवक्ता चंदौली के विकास, योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार की लड़ाई लम्बे समय से लड़ते आ रहे हैं। ऐसे में इस लड़ाई को और मजबूत सुनियोजित एवं संगठित तरीके से करने के लिए अधिवक्ता टास्क फोर्स का गठन किया गया है। टास्क फोर्स में शामिल अधिवक्ता अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए भ्रष्टाचार के मामलों को देखेंगे और कमियों को सार्वजनिक पटल पर लाते हुए उसमें लिप्त अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ सड़क से लेकर न्याय तक की लड़ाई को लड़ने का काम करेंगे। इसके अलावा जन सुविधाएं आम लोगों तक पहुंचाने में कोताही करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर भी अधिवक्ता टास्क फोर्स की नजर होगी। मसलन पात्र गरीबों को कल्याणकारी योजनाएं पहुंचाएं। बेहतरए स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी सुविधाएं आम लोगों तक पहुंचाना उक्त टास्क फोर्स की प्राथमिकता होगी। इसके अलावा विषम परिस्थितियों में अधिवक्ता टास्क फोर्स स्वयंसेवक की भूमिका में भी नजर आएंगे। कहा कि जनपद चंदौली में बड़े पैमाने पर जनहित से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार, लापरवाही व अनियमिता के साथ ही शिथिलता बरती जा रही है, जिससे चंदौली आकांक्षी जनपदों में श्रेणी में शामिल हो गया है जो हम सभी के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। इसे मिटाने के लिए अब अधिवक्ता कमर कसकर पूरी तरह से तैयार हैं। बैठक में धनंजय सिंह, मणिशंकर सिंह, अरविंद भारती, रामकृत, राहुल सिंह, उज्ज्वल स्वरूप श्रीवास्तव, अवकाश कुमार मौर्य, अनिल कुमार यादव, संजय सिंह, पूरन यादव, गांधी रंजन, मोनिस आलम, दुष्यंत यादव, अंकित सिंह, अनिमेक सिंह, सुनील कुमार, लव सिंह, विकास कुमार, कांतिभूषण आदि उपस्थित रहे। संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने किया।











