Young Writer, कंदवा। क्षेत्र के ग्रामसभा अमड़ा में श्री रामलीला समिति की ओर से रामलीला का भव्य आयोजन किया गया। समिति के संस्थापक स्वर्गीय कृष्ण पाठक एवं स्वर्गीय भगवती सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ ही प्रभु श्रीराम का वंदन पूजन से आरंभ किया गया। इस वर्ष श्री रामलीला समिति अमडा़ द्वारा मंचन कि 76वीं वर्षगांठ हर्षाेल्लास पूर्वक मनाया जा रहा है। यहां रामलीला का प्रारंभ स्वतंत्रता वर्ष सन् 1947 से अनवरत किया जा रहा है।
प्रथम दिन कलाकारों ने धनुष यज्ञ का मंचन किया। राजा जनक ने स्वयंवर में प्रण रखी कि जो इस धनुष को प्रत्यंचा चढ़ा देगा उससे मेरी पुत्री सीता का विवाह कराया जाएगा। पर स्वयंवर सभा में रावण बाणासुर में वाक युद्ध प्रारंभ होता है रावण बाणासुर दोनों ही धनुष को नहीं तोड़ सके। गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से श्रीराम ने धनुष को उठाकर तोड़ दिया। तत्पश्चात माता सीता ने वरमाला राम को पहनाई। धनुष टूटने पर परशुराम क्रोधित हो उठे। इस पर श्रीराम के अनुज लक्ष्मण ने परशुराम से कहा कि यह धनुष स्पर्श करते ही टूट गया। इसमें हमारा क्या दोष है प्रभु श्रीराम, परशुराम जी से विनय पूर्वक कहते हैं कि बालक की बातों पर कान नहीं दें और इसे क्षमा करें। इस पर परशुराम ने श्रीराम को धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाने को कहते हैं। श्रीराम द्वारा धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाने पर परशुराम का भ्रम टूट गया और वह तपस्या करने हेतु चले गए। इस अवसर पर हरिओम पाठक, ऋषभ सिंह, परंतु यादव, भानु सिंह, रामअवतार सिंह, दिग्विजय सिंह, राजकुमार ने सहयोग प्रदान किया पात्रों द्वारा किए गए मंचन से दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। व्यास एवं निर्देशक की भूमिका में बलराम पाठक, यशवंत पाठक रहें। इस अवसर पर अनिल सिंह, शिवानंद सिंह, शिवकांत सिंह, अंकित सिंह, पप्पू जायसवाल, रामबचन सिंह, समर बहादुर सिंह, विनोद सिंह, अरविंद सिंह उपस्थित रहे।
रामलीलाः भगवान श्रीराम ने धनुष तोड़ा, आक्रोशित हो उठे परशुराम
अपने खेतों में काम करना किसान के लिए सम्मान व गौरव की बातः मनोज सिंह डब्लू
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू व पूर्व जिला पंचायत सदस्य मीना सिंह अपने खेत में की कटाई
Young Writer, चंदौली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि किसान होना सम्मान व गौरव की बात है जो सबको नसीब नहीं होता है। खेती व किसानी हमारे देश के अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। ऐसे में किसान व किसानी जितना मजबूत होगी हमारा देश उतना ही सशक्त होगा। उक्त बातें श्री सिंह ने खुरूहुजा गांव में अपनी बहन पूर्व जिला पंचायत सदस्य मीना सिंह के खेतों में धान की कटाई के बाद कही।
उन्होंने अपनी बहन को बतौर नजीर पेश करते हुए कहा कि मीना सिंह अपने अन्य जरूरी कामकाज को पूरी संजीदगी व जिम्मेदारी के साथ पूरा करती है। लेकिन इसके साथ ही अपने खेतों में भी भरपूर समय देती हैं। मसलन रबी के सीजन में गेहूं आदि की बोआई कार्य में बतौर किसान कार्य करती हैं और खरीफ में कीचड़ से भरे खेतों में उतरकर धान की रोपाई भी करती है। लेकिन दुर्भाग्य यह है कि आज की नई पीढ़ी खेती-किसानी से दूर होती जा रही है। पढ़े-लिखे हुनरमंद नौजवानों को कृषि सेक्टर और अपनी मिट्टी से जुड़ना चाहिए। क्योंकि यह बड़ा ही जिम्मेदारी भरा और बड़ा काम है। कहा कि आज वह अपनी बहन मीना सिंह के साथ धान की फसल को इसलिए काट रहे हैं ताकि दूसरे भी इससे प्रेरित होकर अपने खेतों में आए और किसान होने के सुख, सम्मान व गौरव को महसूस कर सके। कहा कि किसान चाहे छोटा हो या बड़ा उसे अपनी फसल की बोआई और कटाई स्वयं करनी चाहिए। कहा कि छोटा हो या बड़ा किसान काम करने में कोई हर्ज नहीं होना चाहिए। इस दौरान मनोज सिंह डब्लू अपनी बहन मीना सिंह व साथी कृषक मजदूरों के साथ अपने फसल की कटाई को लेकर काफी उत्साहित नजर आए। आह्वान किया कि नवीन कृषि तकनीकी और उन्नत बीजों के प्रयोग से बेहतर उत्पाद प्राप्त कर अच्छी आय अर्जित की जा सकती है। हमारा देश कृषि प्रधान है और आज इसकी प्रधानता को लोगों को समझना होगा और इससे जुड़कर कृषि सेक्टर के साथ ही देश को सशक्त बनाना होगा।
सहज व सरल रूप से उपलब्ध है प्राकृतिक व आयुर्वेद चिकित्साः डा. विवेक सिंह
हरिओम अस्पताल में मनाया गया भगवान धनवतरि का प्राकट्य दिवस
Young Writer, चंदौली। धनतेरस पर्व पर आरोग्य के देवता भगवान धनवंतरी प्राकट्य दिवस हरिओम हॉस्पिटल चंदौली में मनाया गया। इस दौरान सर्व प्रथम कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरोग्य भारती के जिलाध्यक्ष डा.शशिकांत मिश्रा ने भगवान धनवंतरी के तैल चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन व पुष्प हार अर्पण किया। तत्पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने भगवान धनवंतरी की वन्दना किया।

इस मौके डा. शशिकांत मिश्रा ने कहा कि मानव जीवन को सफल व स्वस्थ्य बनाने में प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद चिकित्सा, वन औषधियों का प्रयोग सबसे सरल और सहज रूप उपलब्ध हो जाता है। हम सभी जागरूक होकर उसका प्रयोग तथा प्रबंधन करना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन डा.विवेक सिंह ने चिकित्सा, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। कहा कि स्वास्थ्य के प्रति देश के प्रत्येक नागरिक को सजग रहता चाहिए। मन व मस्तिष्क स्वस्थ होगा, तभी अब अपने व राष्ट्र के विकास व उत्थान में अपना योगदान दे सकेंगे। लिहाजा खुद को फिट रखें और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधित दिक्कत होने पर अपने नजदीकी अस्पताल में चिकित्सकों की परामर्श व दवाएं लेते रहें। बताया कि हरिओम हॉस्पिटल में एक गंभीर रोगी की जान बचाने के लिए वरिष्ठ सेवाभावी कार्यकर्ता धीरज सिंह द्वारा निःशुल्क ब्लड दान किया गया। इसके सहयोग की हम सभी प्रशंसा करते हैं। ऐसे ही समाज के सजग व जागरूक नागरिकों को दूसरों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। हरिओम हॉस्पिटल की निदेशक डा.ममता राय ने उपस्थित सभी लोगों का आभार प्रकट करते हुए प्रसाद मिष्ठान वितरण किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ से हुआ।

छोटी दीपावली व धनतेरसः खरीदारों की भीड़ से गुलजार रहे बाजार
छूट व आफर के जरिए दुकानदारों ने ग्राहकों को रिझाया
Young Writer, चंदौली। धनतेरस त्यौहार पर शनिवार को जनपद के बाजार खरीदारों की भीड़ से गुलजार नजर आए। इस दौरान घर-गृहस्थी के सामान की खरीद के साथ ही सोने-चांदी के आभूषण व वाहनों की जमकर खरीद की गई। लोग ने धनतेरस की शुभ घड़ी में अपनी आवश्यकतानुसार खरीद किया। शाम होते-होते पूरा का पूरा बाजार रंग-बिरंगी रौशनी से जगमग हो उठा। नगरीय व कस्बाई इलाके के लोगों ने इलेक्ट्रनिक, सजावट और ऑटो मोबाइल आदि के सामान से लेकर कपड़े-गहनों की खरीदारी भी शुरू हो गई है।


चंदौली नगर के चांदनी मार्केट व पुरानी बाजार के साथ-साथ बाजार के अन्य हिस्सों में अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक चहल-पहल दिखी। चांदनी मार्केट में बर्तन व सोने-चांदी के आभूषण की दुकानें धनतेरस के मद्देनजर सजी नजर आयी। लोगों ने खासकर घर-गृहस्थी के सामान के साथ ही सोने-चांदी के आभूषण की खरीदारी में दिलचस्पी दिखाई। वहीं दुकानदारों द्वारा खरीद में इजाफा और ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के ऑफर्स दिए जा रहे हैं। अबकी बार आनलाइन खरीद-फरोख्त का मार्केट पर सीधा असर दिखा। इस प्रभाव को कर करने के लिए दुकानदारों ने खरीद छूट देकर ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित का भी प्रयास किया। दूसरी ओर दिवाली पर्व के मद्देनजर लोग एक-दूसरे को बधाइयों के साथ उपहार देने की भी परंपरा का शुरूआत धनतेरस से करते हुए दिखे। इसके लिए दुकानों पर लोग मिठाइयां, ड्राई फ्रूट्स के पैकेट, बर्तन, चांदी के सिक्के आदि की खरीदारी करेंगे। इसके अलावा शोपीस, सजावटी सामान, बर्तन आदि को भी लोग ज्यादा तरजीह दे रहे हैं। चंदौली स्थित आदित्य नारायण हुंडई एजेंसी पर गाड़ी खरीदने वाले ग्राहकों की भीड़ दिखी। प्रबंधक अमित सिंह ने ग्राहकों को गाड़ी की चाबी सौंपी और त्यौहार की खुशियां बांटी।

अनियंत्रित बाइक से गिर कर घायल किशोरी सहित दो की हालत गंभीर,ट्रामा सेंटर रेफर
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर गांव के समीप शनिवार की देर रात तेज़ रफ़्तार बाइक अनियंत्रित होने से डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक पर बैठी किशोरी सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए मौके पर जुटे आस पास के ग्रामीणों ने तत्काल तीन को 108 एम्बुलेंस द्वारा जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहा चिकित्सकों ने दो कि हालत चिंताजनक देख ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
बताते हैं कि नगर पंचायत वार्ड नं 12 निवासी राकेश 35 वर्ष अपने दोस्त सरवन 22 वर्ष के साथ अपनी बहन अंजली 16 वर्ष को सैयदराजा दवा दिलाने के लिए ले कर जा रहा था जैसे ही तीनो भगवानपुर गांव के समीप पहुचे की अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई दुर्घटना में तीनों सड़क किनारे गिर कर लहूलुहान हो गए वही सरवन के सर में गंभीर चोटे आयी। मौके पर जुटे आस पास के ग्रामीणों ने तत्काल तीनो की 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहा चिकित्सकों में राकेश व सरवन की हालत चिंताजनक देख ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना को लेकर जिला अस्पताल में परिजनों की भीड़ लगी रही।
मुनाफाखोरी के लिए झारखंड जा रहा 75 हजार लीटर तेल जब्त, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
चंदौली। पुलिस और आपूर्ति विभाग ने संयुक्त कार्रवाई में 3 टैंकरों से करीब 75 हजार लीटर तेल बरामद हुआ है जिसे मुनाफाखोरी के लिए अवैध तरीके से झारखंड ले जाई जा रही थी। फिलहाल आपूर्ति विभाग की तहरीर पर सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। बताया जा रहा है।
दरअसल बिहार और झारखंड में तेल की कीमतें यूपी की अपेक्षा ज्यादा है। ऐसे में अधिक मुनाफाखोरी के लिए गैर प्रान्त में तेल भेजने का खेल चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर बीती रात एएसपी व जिला पूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में संयुक्त कार्रवाई करते हुए नौबतपुर बॉर्डर से दो टैंकर पकड़े गए। जिनसे पूछताछ के बाद इस गोरखधंधे का खुलासा हुआ।वहीं ड्राइवर की निशानदेही पर महावीर पेट्रोल पंप से तीसरा लोडेड टैंकर बरामद हुआ।जिसके बाद पुलिस ने वहां लगी सीसीटीवी फुटेज से जुड़ी डीवीआर को अपने कब्जे में ले लिया। गौरतलब है कि महावीर पेट्रोल पंप हिदुस्तान पेट्रोलियम का यूपी का सबसे बड़ा सेल्स पंप है।ऐसे में अब इस बात की आशंका जताई जा रही है।महावीर पेट्रोल पंप पिछले काफी दिनों अवैध तेल के गोरखधंधे में संलिप्त था। जिसकी वजह से इसका सेल्स रेकॉर्ड स्तर पर पहुँच गया। इस बात की भी जानकारी की जा रही है।
जिलाधिकारी ईशा दुहन, ने बताया पुलिस और आपूर्ति विभाग की कार्रवाई में तीन टैंकर पकड़े गए है। जो तेल के अवैध कारोबार में संलिप्त थे। इसमें दो महावीर पेट्रोल पंप के है।जबकि एक हिमांचल प्रदेश से जुड़ा है। महावीर पेट्रोल पंप पर अवैध तरीके से टैंकरों की फिलिंग होती हैःजिसे झारखण्ड भेजा जा रहा था।आपूर्ति विभाग की तरफ से पेट्रोल पंप मैनजर समेत 4 लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एआरटीओ चंदौली ने अवैध तरीके से यात्री ढो रहे दो ट्रैक्टर-ट्राली को किया सीज
Young Writer, चंदौली। एआरटीओ विनय कुमार ने धनतेरस पर्व पर शनिवार को ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ट्रैक्टर पर अवैध तरीके से ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार होकर यात्रा करते हुए 50 यात्री पाए गए। एआरटीओ विनय कुमार ने अवैध तरीके से यात्री परिवहन करने वाले दो ट्रैक्टर-ट्राली को सीज करते हुए उसे नवीन मंडी समिति में खड़ा करा दिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि हाल में घटित सड़क हादसों को संज्ञान में लेते हुए सरकार ने ट्रैक्टर-ट्राली पर सवारियों के परिवहन को प्रतिबंधित करते हुए उसे अवैध माना है। साथ ही इसके खिलाफ कार्यवाही के लिए शासन से निर्देश भी है, ताकि सड़क हादसा होने पर लोगों को जान न गंवानी पड़े। इसी क्रम में जनपद में ट्रैक्टर-ट्राली पर अवैध तरीके से सवारियों के परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया गया, जिसमें दो ट्रैक्टर-ट्राली पर कुल 50 लोग यात्रा करते हुए पाए गए, जिन्हें परिवहन विभाग की टीम ने रोका और ट्रैक्टर को सीज करने की कार्यवाही अमल में लाई। साथ ही हिदायत दिया कि जनपद में ट्रैक्टर-ट्राली पर यात्री परिवहन पूरी तरह से अवैध है। ऐसा पाए जाने पर संबंधित चालक व मालिक के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
नेताजी मुलायम सिंह यादव के आशीष का आजीवन रहूंगा कर्जदारः मनोज सिंह डब्लू
माधापुर में श्रद्धांजलि सभा के दौरान हुआ हवन-पूजन, गरीबों में बंटा कंबल
Young Writer, धानापुर। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के देहावसान के 11वें दिन शुक्रवार को सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के पैतृक आवास पर शांति पाठ का आयोजन किया गया। इस आयोजन में समाजवादी पार्टी के लोग एक साथ हवन-पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस दौरान मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि नेताजी मेरे राजनीति गुरु थे जिनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन से राजनीति के बाबत बहुत कुछ जानने व सीखने को मिला। उन्होंने निरंतर मुझे अपना आशीष दिया, जिसका कर्जदार आजीवन रहूंगा। उनका जाना समाजवादी पार्टी के साथ साथ पूरे देश के लिए अत्यंत दुखदाई है। विदित हो कि माधोपुर में सपा संस्थापक नेताजी मुलायम सिंह यादव की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें पूर्व विधायक मनोज सिंह के साथ सैकड़ों सपाइयों व आमजन ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूरे विधि-विधान पूजा-अर्चना किया। इसके बाद मुलायम सिंह यादव के तैल चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शांति पाठ और हवन पूजन के कार्यक्रम में काफी संख्या में लोग एक साथ नजर आए। कार्यक्रम के दौरान विधवा, दिव्यांग, वृद्धा सहित अन्य जरूरतमंदों में कंबल वितरित किया गया। इस दौरान धनंजय सिंह, नईमूल हक खान, सीताराम प्रजापति, मैनेजर गोंड, रामाश्रय मौर्या, शिवाजी सिंह, नंदकुमार राय, रामप्रताप सिंह, गुड्डू सिंह, जगमेंद्र यादव, रामधनी यादव, इंद्रजीत सिंह, सुभाष यादव, गणेश गुप्ता, अखिलेश सिंह, सुनील यादव मौजूद रहे।
22 नवंबर को होगा नेताजी के कुटिया का शिलान्यास
धानापुर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नाम 22 नवंबर को उनके जन्मदिन पर चंदौली जनपद के माधोपुर गांव में कुटिया का शिलान्यास किया जाएगा, जिसमें नेताजी स्मृतियों को सहेजा जायेगा। माधोपुर में आयोजित शुक्रवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम के तहत सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि माधोपुर में अपनी जमीन पर क्षेत्र के लोगो के योगदान से एक कुटिया का निर्माण कराया जायेगा, जिसका शिलान्यास नेताजी के जन्मदिन पर किया जाएगा। इस कुटिया में एक पुस्तकालय और संग्रहालय का भी निर्माण किया जाएगा, जिसमें नेताजी के साथ साथ जनेश्वर मिश्र के भी यादों को संग्रहित करने का काम किया जाएगा।
चंदौली दीवानी न्यायालय के नाम हस्तानान्तरित हुई अधिग्रहित जमीन
अधिवक्ताओं ने जताई खुशी, एक-दूसरे को खिलाई मिठाई
Young Writer, चंदौली। डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के साधारण सभा की बैठक शुक्रवार को अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। जिसमें दीवानी न्यायालय भवन हेतु चिह्नित जमीन का अधिग्रहण सम्पूर्ण रूप से विशेष भूमि आज्ञप्ति अधिकारी वाराणसी द्वारा किए जाने के उपरान्त उक्त भूमि का अन्तरण अभिलेख में जनपद एवं सत्र न्यायाधीश चंदौली के नाम कब्जा सहित किए जाने पर खुशी व्यक्त की गई।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि जनपद का सृजन 13 मई 1997 में हुआ था और शेषन खण्ड की स्थापना वर्ष 1998 में की गई। जिसके लगभग 25 साल तक यहां के अधिवक्ता न्यायालय भवन की लड़ाई लड़ रहे थे। अपनी मांगों के समर्थन में महीनों-महीनों तक धरना-प्रदर्शन, आमरण अनशन तक किया गया। जिसमें जिले के व्यापार मंडल, किसान यूनियन, भूतपूर्व सैनिक यूनियन व सामाजिक संगठन व प्रदेश बार कौंसिल का खुला समर्थन मिला। उच्च न्यायालय के आदेश से चिह्नित जमीन के अधिग्रहण की कार्यवाही अंतिम रूप से बीते 19 अक्टूबर 2022 को विशेष भूमि आज्ञप्ति अधिकारी वाराणसी द्वारा पूरा करते हुए उक्त जमीन पर जिला जज चंदौली का नाम दर्ज किए जाने व कब्जा दिए जाने के सम्बन्ध में अपना आदेश जारी किया गया। इस क्रम में तहसीलदार सदर शुक्रवार को जमीन पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश चंदौली का नाम दर्ज करने व कब्जा की कार्यवाही पूर्ण की गई। इसके साथ ही अधिवक्ताओं के प्रथम चरण की लड़ाई व 25 वर्षों का संघर्ष सफल हुआ। इसके लिए बार एसोसिएशन द्वारा आपस में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया गया। साथ ही इस संघर्ष में साथ देने वाले सामाजिक संगठन, व्यापार मंडल, प्रदेश बार कौंसिल उ0प्र0 के पूर्व चेयरमैन व नामित सदस्य हरिशंकर सिंह, अरुण त्रिपाठी व जनपद एवं सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार व जिलाधिकारी चंदौली ईशा दुहन का आभार व्यक्त किया। बैठक में राजेंद्र प्रसाद पाठक, विद्याचरण सिंह, आनंद सिंह, सुल्तान अहमद, राकेश रत्न तिवारी, राजबहादुर सिंह, प्रकाश सिंह, राजेश मिश्रा, जेपी सिंह (टुन्नू), योगेंद्र सिंह, विजय कुमार गौतम आदि उपस्थित रहे। संचालन महामंत्री शमशुद्दीन ने किया।
चंदौली में चोरी हो रही नगर पंचायत की सम्पत्ति‚ एक्शन लेने की बजाय नगर पंचायत उदासीन
Young Writer, चंदौली। नगर पंचायत की सम्पत्तियां अब कतिपय चोरों के निशाने पर है। इन दिनों या यूं कहें लम्बे समय से नगर क्षेत्र में जगह-जगह नालियों के ऊपर लगी जालियां चोर चुरा ले जा रहे हैं। उससे उस इलाके के लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रही है। ताजा मामला नगर के वार्ड नंबर-13, राजीव नगर का है। जहां गत दिनों नाली के ऊपर लगी लोहे की जाली चोरी हुई तो वार्डवासियों ने इसकी शिकायत नगर पंचायत के चेयरमैन रवींद्रनाथ व कर्मचारियों से की। छानबीन में पता चला कि जाली को कतिपय सफाई कर्मी ने चोरी करके सैयदराजा बेच दिया। दिलचस्प यह कि उसी वार्ड में मात्र 40 मीटर की दूरी पर तीन स्थानों की जालियां गायब हैं। फरियाद नहीं सुनने से खफा वार्डवासियों ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराते हुए समस्या के समाधान की आवश्यकता जताई है।

वार्ड में नगर पंचायत द्वारा लगाए गए जालियों को किसने गायब किया या उसे किसी चोरी किया। इसके बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता, लेकिन वार्डवासियों का आरोप है कि शिकायत व सूचना के बाद भी नगर पंचायत के जिम्मेदार अफसरों व कर्मचारियों ने एक्शन नहीं लिया, जिससे लोग आक्रोशित और नाराज है।
इस बाबत वार्डवासी सुनील गुप्ता व अनिल गुप्ता आदि ने बतायाकि हम सभी ने जाली चोरी की फरियाद लगाई गई तो नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारियों ने बताया कि कतिपय सफाई कर्मी ने लोहे की जाली को चुरा कर सैयदराजा में कबाड़ी की दुकान पर बेच दिया था, जिसे वापस मंगा लिया गया है। कल जाली लग जायेगा, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण यह कि एक सप्ताह से अधिक का समय बीत जाने पर भी जाली नहीं लगी। जिस कारण कई बच्चे नाली में गिर गए। बाइक वाले भी चोटिल हो चुके हैं। ज

नहित से जुड़े काम के प्रति नगर पंचायत के कर्मी बेहद उदासीन और लापरवाह हैं, जिससे प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि खराब की जा रही है। बताया कि वार्ड में 40 मीटर की दूरी के अंदर नाली पर लगी तीन जालियां चोरी कर ली गई हैं जो दुबारा नहीं लग पाई है। कहा कि एक वार्ड के एक इलाके में यह हाल है तो नगर पंचायत के 15 वार्डों की स्थिती का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। नगर पंचायत की संपत्ति लगातार चोरी हो रही है। बावजूद इसके नगर पंचायत के चेयरमान, अधिशासी अधिकारी और जिम्मेदार कर्मचारियों द्वारा कोई एक्शन नहीं लिया गया। इससे यह प्रतीत होता है कि चोरी की इन घटनाओं में नगर पंचायत के किसी कतिपय कर्मचारी की मिलीभगत है। दूसरी ओर जन शिकायतों को नगर पंचायत द्वारा संज्ञान में न लेना लापरवाही और उदासीनता को प्रदर्शित करता है। जिसकी वजह से वार्डवासियों को तमाम तरह की दिक्कतें हो रही है और वे पत्थर व पटिया आदि रखकर किसी तरह आवागमन कर रहे हैं जो बेहद खतरनाक है। मांग किया कि नाली के ऊपर से गायब जाली को लगवाया जाए। कहा कि यदि इस दरम्यान उक्त स्थान पर नाली में गिरकर कोई भी बच्चा या वार्डवासी हताहत होता है तो उसके लिए सीधे तौर पर नगर पंचायत चंदौली के चैयरमेन, अधिशासी अधिकारी और संबंधित कर्मचारी जिम्मेदार होंगे।












