चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के नवीन मंडी पुलिस चौकी अंतर्गत बाजिदपुर गांव के समीप बुधवार की देर रात कार और ट्रक की टक्कर हो गयी। हादसे में एक कार सवार एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गयी वही 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे आस पास के ग्रामीणों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुचाया जहा उनका इलाज़ चल रहा।
बताते हैं कि एमपी जिले के दाहोद गांव निवासी शिवप्रसाद विश्वकर्मा 75 वर्ष अपने परिवार के साथ बौद्ध गया पिंडदान करने गए थे। उनके पूरा परिवार पिंडदान कर वापस घर लौट रहा था। जैसे ही वो बाजिदपुर गांव के समीप पहुचे सामने चल रहे ट्रक में कार ने टक्कर मार दी दुर्घटना में कार में बैठे शिवप्रसाद की मौके पर ही मौत हो गयी। अनीता विश्वकर्मा 40 वर्ष प्रशांत विश्वकर्मा 25 वर्ष रुपरानी विश्वकर्मा 55 वर्ष साधना विश्वकर्मा 45 वर्ष जय विश्वकर्मा 22 वर्ष शैलेंद्र विश्वकर्मा 35 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर जुटे आस पास के लोगो ने तत्काल घायलों को एम्बुलेंस द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहा उनका इलाज़ चल रहा है।
इस बाबत सदर कोतवाल संतोष सिंह ने बतया की बोधगया से लौट रहे कार की ट्रक से टक्कर हो गई जिसमें एक वृद्ध की मौत हो गई।अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पिंडदान कर घर लौट रहा था परिवार सड़क हादसे में एक कि मौत आधा दर्जन घायल
तेज़ रफ़्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक-युवती को मारी टक्कर, जिसने अस्पताल में कराया भर्ती उसी को ले गयी पुलिस
सैयदराजा थाना क्षेत्र के बरठी कमरौर के समीप मंगलवार को दो बाइक सवार युवक युवती को ट्रक ने टक्कर मार दिया। बाइक सवार अनियंत्रित होकर एक कार से टकरा गए। इस दुर्घटना में दोनों सड़क किनारे गिरकर लहूलुहान हो गया कार चालक ने तत्काल दोनों युवक- युवती को अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान युवक को मृत घोषित कर दिया वहीं पुलिस ने कार चालक को ही गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई
बताते है कि बिहार प्रान्त के बक्सर गांव निवासी गुड्डू 33 वर्ष अपने रिस्तेदार शबाना के साथ दवा लेकर सैयदराजा से अपने घर जा रहा था। जैसे ही दोनों बराठी गांव के समीप पहुचे की अचानक तेज रफ़्तार ट्रक ने गुड्डू की बाइक को टक्कर मार दिया। और मौके से फरार हो गया। वही गुड्डू की बाइक अनियंत्रित हो कर एक कार से टकरा गई।इस दुर्घटना में दोनों सड़क किनारे गिर कर लहूलुहान हो गए। कार चालक ने तत्काल अपनी वाहन से दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहा चिकित्सकों ने इलाज़ के दौरान गुड्डू को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर लगते ही गुड्डू के परिजनों में कोहराम मच गया। लोग रोते बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पहुच गए।
इस बाबत एसआई संजय सिंह ने बताया कि कार चालक को पूछताछ के लिए लाया गया है। परिजनों के तहरीर पर कार्यवाही की जाएगी।
प्रमुख सचिव समाज कल्याण ने नौगढ़ में देखी आश्रम पद्धति विद्यालयों का व्यवस्थाएं
Young Writer, चंदौली। प्रमुख सचिव, समाज कल्याण विभाग एवं निदेशक जनजाति विकास यूपी के नोडल अधिकारी डा.हरिओम जनपद भ्रमण के दूसरे दिन राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय चकिया, निर्माणाधीन अनुसूचित जाति एवं जनजाति छात्रावास महर्षि बाल्मीकि सेवा संस्थान नौगढ़, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय गोलाबाद, नौगढ़ का निरीक्षण किया गया। राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय चकिया में सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यापर्ण एवं दीप प्रज्वलित किया गया। प्रमुख सचिव द्वारा कक्षाओं में जाकर छात्रों से पठन-पाठन से संबंधित जानकारियां ली। छात्र-छात्राओं से भोजन व नाश्ते की जानकारी ली। इसके अलावा किचन रूम में भोजन की गुणवत्ता भी स्वयं परखी। कहा कि मानक के अनुरूप साफ-सफाई के साथ नाश्ता एवं भोजन बनाया जाए। उन्होंने परिसर में आम का पौधरोपण भी किया। निरीक्षण के दौरान जर्जर हो गई भवनों के ध्वस्तीकरण के लिए विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कक्षा 10 के छात्र हार्दिक प्रजापति द्वारा प्रमुख सचिव का स्क्रैच फोटो बनाकर सौंपा। जिस पर प्रमुख सचिव ने छात्र के आर्ट की बेहतर प्रतिभा को देखकर काफी प्रभावित हुए और उपहार स्वरूप 2000 रुपये भी दिया। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की कम तैनाती एवं कंप्यूटर लाइब्रेरी की बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराते हुए कंप्यूटर लाइब्रेरी को संचालित करने एवं बेहतर पठन पाठन हेतु निर्देशित किया। इस दौरान जिलाधिकारी संजीव सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अजीतेंद्र नारायण उपस्थित हुए रहे।
पड़ाव पर केदारनाथ धाम का स्वरूप ले रहा दुर्गा पूजा पंडाल
Young Writer, पड़ाव। दो वर्ष बाद एक बार फिर दुर्गा पूजा के लिए एक माह पहले से ही पंडाल बनना और सजना शुरू हो गया है। स्थानीय चौराहे के पास दुर्गा पूजा समिति पड़ाव चंदौली द्वारा विमल यादव की अध्यक्षता में बड़े पैमाने पर दुर्गा पूजा का कार्यक्रम होता है। दशकों से हर वर्ष जगह जगह के मंदिरों का झांकी पंडाल के रूप में तैयार कर मां दुर्गा का सप्तमी वाले दिन मूर्ति स्थापित कर विधि विधान से पूजा पाठ किया जाता है।
इस वर्ष बंगाल के कुशल कारीगरों द्वारा उत्तराखंड स्थित केदारनाथ मंदिर का स्वरूप पंडाल के रूप में किया जा रहा है जिसमें 800 बल्ली और बास 60 बंडल कपड़ायुक्त रस्सी का इस्तेमाल होगा। विदित हो कि कोरोना की वजह से सन 2020 और 2021 दुर्गा पूजा नहीं मनाया गया था जबकि 2019 में श्रीराम मंदिर का पंडाल बना था इस बार केदारनाथ धाम मंदिर बनाया जा रहा है उक्त संस्था के अध्यक्ष विमल यादव ने बताया कि पड़ाव ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के सौजन्य से एक अक्टूबर को पंडाल में मूर्ति स्थापित किया जाएगा, जबकि इससे पूर्व नवरात्र के प्रथम दिन ही कलश की स्थापना कर पूजा पाठ आरंभ कर दिया जाएगा। मूर्ति स्थापित के बाद प्रसाद के रूप में सूजी का हलवा वितरित किया जाएगा, जो मूर्ति विसर्जन तक वितरण होगा।
भाकियू लड़ेगा सच और झूठ की लड़ाई‚ जेल से बाहर आए भाकियू नेता मणिदेव का स्वागत!
बैठक कर भाकियू ने आर-पार की लड़ाई का किया ऐलान
Young Writer, चंदौली। वाराणसी कारागार में निरूद्ध भाकियू प्रवक्ता मणिदेव चतुर्वेदी मंगलवार को जमानत पर बाहर आए तो उनके साथियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। साथ ही इस कड़ी में आर-पार की लड़ाई का ऐलान भी किया। आरोप लगाया कि क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध सिंह के दबाव में आकर थानाध्यक्ष बबुरी द्वारा भाकियू मंडल प्रवक्ता मणि देव चतुर्वेदी और कार्यकर्ता ओमवीर सिंह पर 10 सितंबर को फर्जी मुकदमा दर्ज कर जिला कारागार वाराणसी भेजा गया। संगठन ने जब दबाव बनाया तो शासन प्रशासन ने आनन-फानन में रात को जेल से रिहा किया।
विदित हो कि 11 सितंबर को भारतीय किसान यूनियन के भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कड़े शब्दों में चंदौली पुलिस को चेतावनी दिया था कि जल्द से जल्द फर्जी मुकदमे में बंद किए गए लोगों को पुलिस प्रशासन रिहा करें। इस वीडियो पर भारतीय किसान यूनियन के शीर्ष नेतृत्व ने संज्ञान में लेते हुए मंडल प्रवक्ता से जेल में मुलाकात की। रिहा होने पर जिला कार्यालय सकलडीहा में मंडल प्रवक्ता और कार्यकर्ता का स्वागत किया गया। साथ ही सभा का आयोजन किया गया। मंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप तिवारी ने कहा कि हम इस सच और झूठ की लड़ाई आर-पार लड़ेंगे। जिलाध्यक्ष सतीश सिंह चौहान ने कहा कि यह लोकतंत्र को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है हमारे यूनियन के पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं को पुलिस गिरफ्तार कर झूठे मुकदमों में फंसाने का कार्य कर रही है। इसके विरोध हम तब तक करेंगे की जब तक यह फर्जी मुकदमा वापस नहीं ले लिया जाता। इस मौके पर प्रेम नारायन मौर्या, रंकज सिंह, रामआसरे प्रजापति, सोमनाथ राय, रमेश यादव, सुरेंद्र यादव, लालमन चौहान, छोटू चौहान, भूलई चौहान, जीतपाल, हरीश चंद यादव, गोविंद राय आदि उपस्थित रहे।
बीसी सखियों ने बैठक कर सरकार से मांगा नियमित मानदेय
Young Writer, चंदौली न्यूज। चहनियां क्षेत्र के लक्ष्मनगढ़ स्थित लच्छू ब्रह्म मन्दिर परिसर में बीसी सखियों ने बैठक करके कार्य करने के दौरान आ रही समस्याओं के बाबत चर्चा की। इस दौरान बीसी सखियों ने सरकार द्वारा प्रत्येक बीसी सखी को दिये गए लोन को माफ करने व नियमित मानदेय देते हुए राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग उठाई।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने व प्रत्येक गांव को बैकिंग प्रणाली से जोड़ने के सरकार के संकल्प के तहत प्रत्येक गांव में बीसी सखी रखी गयी है। जिनको कार्य शुरू करने के लिए सरकार द्वारा 75000 रूपये का लोन स्वीकृत किया गया था साथ ही 4000 रूपये मासिक मानदेय निर्धारित किया गया था। जो छह महीने तक मिला। सखियों ने कहा कि बैंकों द्वारा लोन को अदा करने के लिए बीसी सखियों पर दबाव बनाया जाने लगा और मानदेय भी नियमित नहीं हुआ, जिससे नाराज बीसी सखियों ने बैठक करके प्रत्येक बीसी सखियों को सरकार द्वारा दिए गये 75000 के लोन को माफ करने, मानदेय को नियमित करते हुए राज्य कर्मचारी का दर्जा दिलाए जाने की मांग की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी को पत्र भेजने का निर्णय किया गया। मांग पूरी न होने पर धरना-प्रदर्शन करने पर भी विचार विमर्श हुआ। बैठक में निशा देवी, मिन्ता खरवार, संगीता, चन्द्रज्योति, सोनी, प्रमिला, शकुन्तला, मन्जू, रीता, अनीता सहित कई बीसी सखिया उपस्थित रही।

बीसी सखियों ने डिवाइस की जगह लैपटाप देने की मांग
शहाबगंज। कस्बा स्थित पंचायत भवन पर बीसी सखी महिला उत्थान समिति के तत्वावधान में मंगलवार को बीसी सखी की समस्याओं को लेकर बैठक की गयी। बैठक में बीसी सखी को दी गयी डिवाइस, मानदेय व पंचायत भवन में बैठने को लेकर विस्तार पूर्वक चर्चा किया गया।इस दौरान बीसी सखियों ने कहा कि शासन द्वारा प्रत्येक बीसी सखी को 75000रुपया प्रदान किया गया। जिसमें से 32570 रुपया डिवाइस खरीदने के लिए मणिपाल प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया। लेकिन कम्पनी ने मेड इन चाइना डिवाइस दे दिया।जो महीने के 10-15 दिन खराब ही रहता है। जिसके कारण सखियों को काफी समस्या हो रही है। लेनदेन नहीं होने के कारण ग्रामीण मायूस होकर घर वापस चले जाते हैं। डिवाइस को बदलकर लैपटाप देने की मांग किया। राष्ट्रीय महासचिव निशा कुमारी ने कहा कि सरकार ने बीसी सखियों को पंचायत भवन पर ही बैठकर कार्य करने का आदेश दिया है। लेकिन ग्राम प्रधान व सचिव द्वारा पंचायत भवन में जगह उपलब्ध कराने में हीलाहवाली की जा रही हैं। वही सरकार द्वारा प्रदान की गरी 75000 रुपये की धनराशि को माफ करने, प्रदान की जा रही मानदेय को स्थाई करने,सभी सखियों को हेल्थ इंश्योरेंस कराने व डिवाइस की जगह लैपटाप देने की मांग किया। जिससे बीसी सखियों का कार्य सुचारू रुप से चलता रहे। बैठक में बन्दना जायसवाल,निधि तिवारी,प्रिया सिंह,पूजा पाल सहित आदि बीसी सखी उपस्थित रहीं। बैठक का संचालन पूजा तिवारी ने किया।
एक दशक से शोपीस बना चंदौली जिला अस्पताल का आईसीयू!
चंदौली में आइसोलेशन वार्ड के रूप में किया जा रहा है इसका प्रयोग
Young Writer, चंदौली। मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में गंभीर मरीजों के बेहतर इलाज के लिए आईसीयू की स्थापना की गई। लेकिन भवन बनकर तैयार होने के बाद भी मानव संसाधन के अभाव में आज तक इसका संचालन नहीं हो पाया। आईसीयू का संचालन नहीं होने से दुर्घटना में गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल की ओर से वाराणसी रेफर कर दिया जाता है, जिससे कई मरीजों की रास्ते में मौत हो जाती है, वहीं अधिकांश को तमाम तरह की दुश्वारियों का दंश झेलना पड़ता है। साथ ही उन्हें बड़ी आर्थिक क्षति भी होती है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ ही जिला प्रशासन, जिले के जनप्रतिनिधि व सरकार को जनता जिम्मेदार मान रही है।
विदित हो कि मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन 20 से 25 की संख्या में मरीज प्रतिदिन विभिन्न रोगों से ग्रसित भर्ती भी होते हैं। यहां चिकित्सकों के साथ-साथ कर्मचारियों की व्यवस्था है, लेकिन अभी भी आईसीयू भवन का संचालन मानव संसाधन के अभाव में एक दशक से अधिक समय से लटका पड़ा हुआ। फिलहाल इस भवन को कोरोना काल से आइसोलेशन वार्ड के रूप प्रयोग किया जा रहा है। विभाग का दावा है कि जल्द ही आईसीयू का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। आईसीयू भवन के अभाव में खासकर गंभीर रूप मरीजों को अस्पताल में उपचार नहीं मिल पाता और उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया जाता है। कई बार तो ऐसा भी देखा गया है कि मरीज वाराणसी पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देते हैं। विभाग की इस लापरवाही को लेकर जनता में जबदरस्त आक्रोश व्याप्त है। इस बाबत सीएमएस डा. उर्मिला सिंह ने कहा कि आईसीयू के संचालन के लिए जो कमियां है उसे दूर करने के लिए शासन को अवगत कराया गया, ताकि जल्दी से इस समस्या को दूर कर लिया जाए।
आक्रोशः समय सारणी में बदलाव से नाराज दिखे सफाई कर्मचारी
एडीओ पंचायत ने पुराने आदेश को बहाल करने का दिया आश्वासन
Young Writer, शहाबगंज। विकास खण्ड क्षेत्र में नियुक्त सफाई कर्मियों ने सोमवार को एडीओ पंचायत द्वारा सफाई कार्य को करने के लिए नया आदेश जारी कर दिया। जिससे नाराज होकर दर्जनों की संख्या में सफाई कर्मियों ने बैठक कर एडीओ पंचायत को ज्ञापन सौंपा और पुराने ही आदेश को लागू करने की बात कही। जिस पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने आश्वासन देते हुए पुराने ही आदेश को पुनः जारी करने का भरोसा दिया।
शासन के निर्देश पर सफाई कर्मियों के लिए गर्मी के दिनों में सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक और ठंड के दिनों में सुबह 8 बजे से शाम 3 बजे तक समय सारणी निर्धारित था। लेकिन एडीओ पंचायत अरविंद सिंह ने सफाई कर्मियों के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक समय सारणी जारी कर दिया। नया आदेश मिलते ही सफाई कर्मियों हड़कंप मच गया। सोमवार को सफाई कर्मियों ने पशु चिकित्सालय परिसर में बैठक कर नाराजगी व्यक्त करते हुए। कहा कि एडीओ पंचायत द्वारा मनमाने ढंग से नियम बनाकर परेशान किया जा रहा है।जिसको सफाई कर्मी कत्तई बर्दाश्त नहीं करेंगे। सफाई कर्मियों ने एडीओ पंचायत से समय बदलने को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान नुरुल होदा, बाबूलाल भास्कर, रियाज अहमद सहित आदि सफाई कर्मी उपस्थित रहे।
मिड डे मीलः नौगढ़ के इन विद्यालयों में नहीं होता फल व दूध का वितरण
रिठिया में नहीं बना मिड-डे-मील तो भैसोड़ा में मीनू की अनदेखी
Young Writer, नौगढ़। पूर्व माध्यमिक विद्यालय रिठिया में शनिवार व सोमवार को मिड डे मील के तहत भोजन नहीं बनने व प्राथमिक विद्यालय भैसौड़ा मे मीनू के अनुपालन को धता बतलाने के साथ ही सोमवार को फल व बुधवार के दिन दूध का वितरण कभी नहीं किया जाता। जिसकी जानकारी भाजपा मंडल अध्यक्ष भगवान दास अग्रहरी ने उच्चाधिकारियों को देकर के बताया है कि यही हाल अनेकों परिषदीय विद्यालयों का है। जहां पर शिक्षकों की मनमानी व लेटलतीफी कायम है।
जिससे बच्चों को समुचित शिक्षा नहीं मिल पा रही है। साथ ही सरकार द्वारा संचालित सुविधाओं का यथोचित लाभ बच्चे नहीं पा रहे हैं। लॉकडाउन की अवधि में मिड डे मील के तहत बच्चों को मुहैया कराने के लिए आहारित खाद्यान्न का वितरण भी नाकाफी हुआ है। जिसका प्राधिकार पत्र भरवाने मे भी अनियमितता बरती गई है। उपजिलाधिकारी डा.अतूल गुप्ता ने कहा कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय रिठिया में शनिवार व सोमवार को मिड डे मील के तहत भोजन नहीं बनने की मिली शिकायत पर जांच करके दो दिनों में रिपोर्ट प्रेषित करने का निर्देश खण्ड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज को दिया गया है। वहीं प्राथमिक विद्यालय भैसौड़ा मे सोमवार को फल व बुधवार को दूध बच्चों को नहीं दिए जाने के मामले में औचक निरीक्षण करके पुष्टि की जाएगी।
आरपीएफ के हत्थे चढ़ा दुरंतो एक्सप्रेस में महिलाओं से छेड़खानी करने वाला युवक
Young Writer, डीडीयू नगर। सियालदह से नई दिल्ली जा रही दुरंतो एक्सप्रेस में महिला यात्रियों के साथ हुई छेड़खानी मामले में डीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी ने कार्यवाही की। पुलिस द्वारा छेड़खानी करने वाल युवक को उतारकर उसके खिलाफ मुकदमा कायम किया गया।
बताते हैं कि 12259 अप सियालदह बीकानेर दुरंतो एक्सप्रेस बी3 कोच के बर्थ संख्या 49 व 52 पर 2 महिला यात्री यात्रा कर रही थी उसी ट्रेन के कोच संख्या बी2 के बर्थ नंबर 34 पर एक यात्री सियालदह से नई दिल्ली तक की यात्रा कर रहा था दोनों महिला यात्रियों ने आरोप लगाया कि वर्धमान से ट्रेन खुलते ही यात्री महिलाओं के साथ छेड़खानी करना शुरू कर दिया जिसकी शिकायत उन्होंने टीटी से की। टीटी ने इसकी शिकायत डीडीयू कंट्रोल रूम को की कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर आरपीएफ व जीआरपी के जवान ट्रेन पर पहुंचे यात्री को उतारकर थाने लाया गया यात्री नशे की हालत में था जिसे महिला यात्रियों की तहरीर पर मुकदमा कायम कर जेल भेज दिया गया। इस संबंध में जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि दुरंतो एक्सप्रेस में महिला यात्रियों के साथ छेड़खानी करने की सूचना मिली थी एक यात्री को उतारा गया था वर्तमान में छेड़खानी हुई थी जिसे वर्तमान जीआरपी को सुपुर्द कर दिया गया।











