35.3 C
Chandauli
Wednesday, July 15, 2026

Buy now

Home Blog Page 474

जयंती: दलितों व शोषितों के प्रति आजीवन समर्पित रहे वीपी सिंह

चंदौली में वीपी सिंह की जयंती मनाते किसान मंच के सदस्य।
चंदौली में वीपी सिंह की जयंती मनाते किसान मंच के सदस्य।

गोष्ठी आयोजित कर पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह को दी श्रद्धांजलि

Young Writer, Chandauli New: किसान मंच की ओर से शनिवार को जिला मुख्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय विश्वनाथ प्रताप सिंह की जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। इस दौरान लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। साथ ही गोष्ठी आयोजित कर उनके संघर्ष, त्याग व बलिदान पर प्रकाश डालने के साथ ही उनके द्वारा दिए गए मार्ग पर चलने के संकल्प को दोहराया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से श्रीराम यादव व केशव राजभर ने उनके जीवन पर प्रकाश डाला।
इस दौरान यूपी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि स्वर्गीय विश्वनाथ प्रताप सिंह ने मंडल आयोग लागू करके सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र में पिछड़ी व दलितों को पहचान दिलाई वह सराहनीय कार्य है। उनके पद चिन्हों पर चलना ही हम सभी के लिए सच्ची श्रद्धांजलि है। पूर्व जिला भूमि संरक्षण अधिकारी इंजीनियर राम केश सिंह यादव ने कहा कि स्वर्गीय विश्वनाथ प्रताप सिंह राज घराने में जन्म लेने के बाद भी गरीबों और दलितों व असहाय वर्ग के हक और अधिकार की बात की। इस लड़ाई में उनकी अगुवाई करते नजर आए। उनके फैसलों व प्रयासों से दलितों, पिछड़ों व असहाय वर्ग को सामाजिक सुरक्षा प्राप्त होने के साथ ही उनकी आर्थिक, राजनीतिक व सामाजिक दशा में सुधार हुआ। कहा कि वीपी सिंह ने गरीबों, दलितों, शोषितों और वंचितों के लिए कल्याण व भलाई के लिए अपनी कुर्सी तक कुर्बान कर दिया। उनकी सोच हमेशा गरीब तबके के लोगों को ऊपर उठाने की रही है। आह्वान किया कि आज हम सभी को यह संकल्प लेने की जरूरत है कि उनके पद चिन्हों पर चलकर समाज को आगे बढ़ाएं। सियाराम चौहान ने कहा कि आज ही के दिन इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी लागू किया था आज उस मसीहा का जन्मदिन है जो हमेशा जुल्म और गरीबों के अधिकार के लिए आवाज बुलंद कर लड़ाई लड़ी है। इस दौरान मुरलीधर सिंह, नंदकिशोर सिंह, इंद्रजीत शर्मा, दीनानाथ श्रीवास्तव, अजय राय, जोखू सिद्धकी, तिलकधारी बिंद, श्रवण यादव हरिदास यादव, कैलाश यादव आदि उपस्थित है। संचालन सूर्यनाथ सिंह ने किया। वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय कृषक दल के अध्यक्ष महेंद्र यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह की जयंती मनाई और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

डीडीयू जंक्शन पहुंची कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंची भारत गौरव ट्रेन

डीडीयू जंक्शन पर भारत गौरव ट्रेन की सुरक्षा में तैनात फोर्स।
डीडीयू जंक्शन पर भारत गौरव ट्रेन की सुरक्षा में तैनात फोर्स।

ट्रेन के आगमन को देखते हुए जंक्शन पर रही भारी सुरक्षा

Young Writer, डीडीयू नगर। दिल्ली से चलकर नेपाल के जनकपुर सीता जन्मस्थली और सीतामढ़ी के पुनौरा धाम की यात्रा के बाद बक्सर से होते हुए भारत की पहली प्राइवेट पर्यटक ट्रेन भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन शनिवार की दोपहर में एक बजे डीडीयू जंक्शन पहुंची। इस दौरान बक्सर से सुरक्षा के बीच डीडीयू जंक्शन पर पहुंची ट्रेन की सुरक्षा में आरपीएफ, जीआरपी और मुगलसराय कोतवाली पुलिस तैनात रही। दस मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन वाराणसी के लिए रवाना हुई।
बताते हैं कि रामायण काल के पर्यटक स्थलों के दर्शन कराने के लिए भारत की पहली पर्यटक ट्रेन भारत गौरव रामायण सर्किट ट्रेन के आगमन को लेकर स्टेशन पर सतर्कता रही। 21 जून को दिल्ली से चली पर्यटक ट्रेन नंदीग्राम के बाद गुरुवार की रात जयनगर पहुंची। यहां से जनकपुर और फिर शुक्रवार को सीतामढ़ी स्थित पुनौरा धाम का दर्शन कर रात दस बजे यह ट्रेन सीतामढ़ी पहुंची। वहां से मुजफ्फरपुर, पाटलिपुत्र होते हुए बक्सर की यात्रा पूरी की। शनिवार को बक्सर में पर्यटकों ने रामरेखा गंगा घाट पर स्नान ध्यान किया और इसके बाद ट्रेन वाराणसी के लिए रवाना हुई। अग्नि पथ योजना के विरोध में हो रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा के लिए बक्सर से आरपीएफ के जवानों से भरे पायलट ट्रेन चलाया गया। पायलट ट्रेन के पीछे शनिवार की दोपहर में एक बजे ट्रेन डीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर पहुंची। यहां आरपीएफ के सहायक कमांडेंट एचएन राम, आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार, जीआरपी डीडीयू प्रभारी सुरेश कुमार सिंह, मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेशचंद तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रही। वहीं प्लेटफार्म पर ट्रेन में सवार सुरक्ष बलों ने भी गेट पर खड़े होकर सुरक्षा में लगे रहे। इस दौरान निरीक्षकों ने पर्यटकों काहाल चाल भी लिया। दस मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन वाराणसी रवाना हुई। इस ट्रेन को देखने के लिए अन्य यात्रियों में भी उत्सुकता दिखी।

Accident: मनाने जा रहे दोस्त का जन्मदिन‚ रास्ते में हुए हादसे में मिली मौत

सड़क हादसे के बाद घायलों को चकिया अस्पताल में भर्ती कराते लोग।

हाजीपुर के पास हुआ हादसा‚ अनियंत्रित बाइक खंभे से टकराई छात्र की मौत, दो घायल

Young Writer, Chakia News: चकिया कोतवाली क्षेत्र के चकिया-शेरवा मार्ग पर हाजीपुर गांव के पास शनिवार की दोपहर 12 बजे अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई, जिसमें बाइक सवार एक छात्र की जहां मौत हो गई। वहीं दो अन्य साथी घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। युवक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
बताते हैं कि भटवारा कलां गांव निवासी धर्मेंद्र श्रीवास्तव का 20 वर्षीय पुत्र साहिल चकिया स्थित आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र था और पॉलिटेक्निक की तैयारी कर रहा था। शनिवार की दोपहर साहिल अपने दोस्त अंश यादव का जन्मदिन मनाने के लिए बाइक से अंश और अजय को साथ चकिया बाजार केक लेने आया था। केक लेकर हंसी खुशी अपने घर वापस जा रहा था। जैसे ही वह हाजीपुर गांव के पास पहुंचा तभी उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे में से टकरा गई। इस Accident में साहिल के सिर में गंभीर चोट आई‚ जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बाइक सवार उसके दोस्त अंश 17 वर्ष और अजय 18 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। Accident में अंश का पैर टूट गया। इस Accident के बाद जन्मदिन के उत्सव की खुशियां देखते ही देखते खुशी मातम में तब्दील हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। साहिल की मौत पर पिता धर्मेंद्र, माता सीमा देवी, भाई शिवम और बहन काजल का रो-रोकर बुरा हाल था।

चंदौली बर्थडे पार्टी की शॉपिंग करने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत ,दो गंभीर

चंदौली । चकिया कोतवाली के हाजीपुर गांव के समीप शनिवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हो कर सड़क किनारे खड़े पोल से टकरा गई । दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए । घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों ने घायलों को चकिया संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया । जहा चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। वही युवकों का इलाज चल रहा है ।

बताते है कि चकिया थाना क्षेत्र के भटवारे कला गांव निवासी साहिल कुमार श्रीवास्तव पुत्र धर्मेंद्र कुमार 19 वर्ष अपने साथी अंश यादव पुत्र बाबूलाल यादव निवासी 17 वर्ष और अजय पुत्र हरिदास 17 वर्ष जन्मदिन के मौके पर खरीदारी करने के लिए एक बाइक पर सवार होकर चकिया जा रहे थे । जैसे ही तीनों हाजीपुर गांव के समीप पहुंचे तभी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई । इससे तीन सड़क पर गिर कर लहूलुहान हो गए। इस दुर्घटना में तीनों को गंभीर चोटें आईं । घटनास्थल पर जुटे आप पास के ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया । यहां चिकित्सकों ने साहिल श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया । घायल किशोरों का इलाज चल रहा है । घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया ।

धानापुर गोलीकांडः नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ एफआईआर

धानापुर गोलीकांड

घायल युवक के पिता की तहरीर पर धानापुर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Young Writer, धानापुर। धानापुर गोलीकांड (Dhanapur Golikand) में घायल युवक के पिता ने थाने में एक नामजद और एक अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ तहरीर दी है जिसमें उन्होंने अपने पुत्र को जान से मारने की नियत से गोली मारने की उल्लेख किया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर एक नामजद व अज्ञात हमलावर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। विभागीय सूत्रों की माने तो इस प्रकरण ने पुलिस ने कार्यवाही करते हुए एक युवक को दबिश देकर हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्यवाही एवं जांच-पड़ताल कर ली है।
विदित हो कि कस्बा अंतर्गत बिझवल गांव के समीप शाम करीब चार बजे बाइक सवार हमलावरों ने सोनहुली गांव निवासी धर्मेन्द्र यादव, 35 वर्ष को पीछे से गोली मार दी, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद बाइक सवार हमलावर भाग निकले। गोली चलने की घटना के बाद धानापुर कस्बा व आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गयी। घरवाले व स्थानीय ग्रामीणों ने घायल को सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां युवक की हालत चिंताजनक देख चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद एसपी चंदौली अंकुर अग्रवाल समेत जिले क कई आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और वहां मौजूद ग्रामीणों से पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली। दूसरी ओर घायल युवक के परिजन उपचार के लिए अपने पुत्र को वाराणसी एक निजी अस्पताल में ले गए। यही वजह रही कि घटना के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गयी। हालांकि शनिवार को घायल धर्मेन्द्र यादव के पिता रमाशंकर यादव ने उक्त मामले में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी, जिसमें उन्होंने गांव के ही योगेश यादव पुत्र जानकी यादव समेत एक अज्ञात हमलावर द्वारा पुत्र धर्मेन्द्र यादव का पीछा कर उसे गोली मारने का जिक्र किया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर धानापुर पुलिस ने मुकदमा कायम कर आगे की कार्यवाही में जुट गयी है। धानापुर थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा-307, जान से मारने का प्रयास के तहत मुकदमा कायम कर पुलिस अग्रिम कार्यवाही कर रही है।

…दहशत! अबकी बार गंगा की धारा में फिर समा जाएगा कइयों का बसेरा

धानापुर क्षेत्र में गंगा कटान में समाहित भूमि का दृश्य।
धानापुर क्षेत्र में गंगा कटान में समाहित भूमि का दृश्य।

दो दशक से गंगा कटान की जद में धानापुर इलाके के दर्जनों गांव

अबुल खैर ‘खुशहाल’

Young Writer, धानापुर। बारिश का बेसब्री से इन्तजार हो रहा है। ऐसे में एक बड़ा और गरीब तबका ऐसा भी है जो यह दुआएं कर रहा है कि बारिश ना हो। क्योंकि बारिश हुई तो कईयों की उम्मीदें व उनके अरमान बारिश के पानी के साथ हमेशा-हमेशा के लिए बह जाएंगे। क्योंकि बारिश होगी तो गंगा नदी में उफान आएगा जो अपने साथ कछार पर मौजूद कीमती व उपजाऊ जमीन को अपने साथ बहाकर दूर ले जाएगी। पीछे कुछ रह जाएगा तो वह है गरीबी, बेबसी, लाचारी और उम्मीद को खोने का गम। जी हां! यह किसी फिल्म के मार्मिक दृश्य का प्रसंग नहीं, बल्कि धानापुर इलाके में गंगा कटान का दंश झेल रहे गरीब, किसानों की दास्तां है जो दिन गुजरने के साथ ही कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी की तरह तेजी से पांव पसार रही है और जिससे हताहत होकर गंगा के तटीय इलाके के लोग दर्द को कराह रहे हैं, लेकिन दुर्भाग्य यह है कि उनकी इस पीड़ा को चुनावी मुद्दे के रूप में जोर-शोर से उठाया जाता है, लेकिन चुनाव बाद लोगों के जीवन, उनकी आजीविका व उनके आवास-निवास से जुड़ी इस गंभीर समस्या को हर कोई नजर अंदाज करता चला आ रहा है। ऐसे में एक बार फिर बारिश के आगमन के साथ ही तटीय इलाके में निवासरत लोग अपनी जमीन व अपना मकान बचाने की जद्दोजहद में जुट गए हैं।

धानापुर क्षेत्र में गंगा कटान में समाहित भूमि का दृश्य।

विदित हो कि धानापुर इलाके में गंगा कटान से दीयां, पसहटा, बुढ़ेपुर, नौघरा, नरौली, बड़ौरा, सकरारी, सोनहुली, नगवा, मेढ़वा समेत दर्जनों दो दशक से गंगा कटान की चपेट है। जाहिर सी बात है कि मर्ज पुराना है तो उसका दुष्प्रभाव भी प्रभावित इलाके और वहां के रहवासियों के लिए उतना ही घातक और पीड़ादायी होगा। स्थानीय पुरनिए बताते हैं कि गंगा कटान हर साल खेती-किसानी के लिहाज से कीमती व उपजाऊ जमीन को काटकर अपनी धरा में समाहित कर लेती है। यह सिलसिला अनवरत जारी है और इससे लगातार तटीय क्षेत्र के किसान भूमिहीन होते जा रहे है। एक वक्त था जब गंगा का तटीय इलाका मसालों के खेती की खुशबू गमक उठता था, लेकिन ना जब वो जमीन है और ना ही अब उन पर मसालों की खेती हो पा रही है। एक तरफ जहां जमीन खोने से किसान भूमिहीन होने का दंश झेल रहे हैं। वहीं हर वर्ष कृषि योग्य भूमि पर खेती-बारी से होने वाली आमद भी गंगा कटान की भेंट चढ़ गयी। देखा जाए तो गंगा कटान सैकड़ों परिवार की बर्बादी व तंगहाली का कारण बना तो इसके निदान के लिए गांव स्तर से आवाज उठी, जो धानापुर ब्लाक मुख्यालय पहुंचने के बाद जिला मुख्यालय और प्रदेश स्तरीय मुद्दा बनी। यहां तक की इसे केंद्र सरकार तक पहुंचाकर कटान से मुक्ति दिलाने का आग्रह व अनुनय-विनय किया गया, लेकिन आश्वासन के सिवान क्षेत्रीय लोगों को कुछ नहीं मिला। नतीजा आज कटान विकराल रूप से ले चुका है। स्थानीय लोग बताते हैं कि कटान से गंगा नदी की धारा भी बदल गयी है। उनका आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी, स्थानीय प्रशासन के साथ ही सरकार का रवैया गंगा कटान के प्रति उदासीन रहा। वहीं राजनेता, विधायक, सांसद व मंत्री केवल मंच से अपनी उपलब्धियां गिनाने में मशगूल रहे। जब भी चुनाव आते हैं कि प्रचार के शोर में गंगा कटान का मुद्दा उठाया जाता है, लेकिन उस पर कोई कार्यवाही नहीं होती। चुनाव बीतने के बाद सभी नेता इस मुद्दे को भूल जाते हैं। ऐसा ही विधानसभा चुनाव में भी हुआ, लेकिन चुनाव बीते तीन माह से अधिक का वक्त हो गया। बावजूद इसके न तो क्षेत्रीय विधायक ने इस बारे में कुछ किया और ना ही क्षेत्रीय सांसद व मंत्रिगण की ओर से कोई पहल हुई। इसका खामियाजा आज हम सभी ग्रामीण भुगत रहे हैं।

दुश्वारियों के बीच कट रही गरीबों की जिन्दगी

धानापुर। गंगा कटान से प्रभावित गोपाल निषाद, चिन्ता निषाद, परशुराम निषाद, रानी निषाद, रामदुलार व नरसिंह यादव का कहना है कि सरकार व जनप्रतिनिधियों ने उन्हें हमेशा छला है। आज स्थिति यह है कि गंगा कटान से हमारी जमीनें और कईयों के मकान नदी की धारा में समा चुके हैं। बरसात में नदी उफान पर होती है तो उसकी लहरे हम सभी के घर की दहलीज की नींव को छूने लगता है। कइयों के मकान ऐसी स्थिति में है कि वह कब धारा में समा जाए कहा नहीं जा सकता है। इसी डर के साए में हम सभी की जीवन जैसे-तैसे कट रहा है। बारिश जाते ही जर्जर कच्चे मकानों को तिरपाल से ढककर हम सभी अपने परिवार को एक अदद आशियाना जैसे-तैसे मुहैया करा पा रहे हैं। यदि राजनेताओं व सरकार ने तनिक भी ध्यान दिया होता है तो आज ऐसी विषम स्थिति हम लोगों के समक्ष नहीं होती है। कहा कि यदि सरकार व राजनेता आज भी हमारी समस्या को लेकर गंभीर हो जाएं तो हमारे जीवन से दुख-तकलीफ काफी हद तक कम हो जाएगा।

धानापुर में गंगा के तट पर बारिश में अपने कच्चे आवास को तिरपाल से ढकती महिला। 

धानापुर में दिनदहाड़े बदमाशों ने युवक को मारी गोली‚ दहशत

धानापुर सामुदायिक अस्पताल भर्ती गोलीकांड में घायल युवक।

Young Writer, धानापुर। कस्बा अंतर्गत बिझवल के सामने शुक्रवार की दोपहर एक युवक को बदमाशों ने पीछे से पीठ में गोली मार दी। इससे युवक घायल हो गया और घटना के बाद हमलवार मौके से भाग निकले। मौके पर जुटे आसपास के लोगों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस सोनहुली गांव निवासी 35 वर्षीय धर्मेन्द्र यादव पुत्र रमाशंकर यादव को उपचार के लिए उपचार के लिए भर्ती कराया, जहां पुलिस निगरानी में घायल का उपचार चल रहा है। फिलहाल गोली चलने की घटना का पता नहीं चल पाया है। थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि गोली किन कारणों से मारी गयी। इस बाबत घायल युवक ने भी कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक को पीछे पसली में दो गोली मारी गयी है।

गोलीकांड में घायल युवक।

चंदौली डीडीयू जंक्शन के फुट ओवर ब्रिज पर लगी आग,यात्रियों में मचा हड़कंप


चंदौली- डीडीयू जंक्शन पर फुट ओवर ब्रिज पर शॉर्ट सर्किट के बाद भीषण आग लग गई है. एक्सलेटर सीढ़ी के पास आग लगने रेल महकमें व यात्रियों में हड़कम्प मच गया. इस दौरान 15 मिनट पर तार जलता रहा. मौके पर पहुँची जीआरपी व आरपीएफ की टीम ने फायर बिग्रेड टीम को बुलाया. जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम व फायर टेंडर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. वहीं आगलगी की घटना के बाद रेलवे के आलाधिकारी अपनी लापरवाही छुपाने के लिए मीडिया में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया. इस दौरान अच्छी बात यह रही कि हादसे के वक्त दीनदयाल उपाध्याय जनक्शन पर किसी ट्रेन का ठहराव नहीं था. वरना किसी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था. घटना के बाद से मुगलसराय स्टेशन पर पावर सप्लाई ठप हो गई है हालांकि रेलवे परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है

चंदौली के लाल सुनील पांडेय ने मायानगरी में जमाई धाक




सकलडीहा, किसी भी क्षेत्र में नाम और पहचान बनाने के लिए लगन के साथ-साथ मेहनत और काम करने की दृढ़ इच्छा शक्ति उसे सफलता दिलाती है। कुछ ऐसा ही चंदौली जनपद के सकलडीहा कस्बा निवासी सुनील पांडेय बाइक एजेंसी को छोड़कर मुम्बई के मायानगरी में छोटे पर्दे से लेकर दर्जनों धारवाहिक में धमाल मचाये हुए है। मशहूर फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर और रजनीकांत को अपना आदर्श मानते हुए मुंबई जैसे बड़े शहर में वह मुकाम हासिल कर दिखाया है जो हर किसी युवा का सपना होता है।
सकलडीहा कस्बा निवासी सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर सुदर्शन पांडेय के दो पुत्र सुनील पांडेय और चंकी पांडेय और एक बहन प्रिंयका पांडेय है। माता गीता पांडेय एक गृहणी है। बचपन से ही कुछ बड़ा करने की सोच रखने वाले सुनील पांडेय बाइक की एजेंसी छोड़ मुम्बई की माया नगरी में पहुंचकर सपना संयोजने में जुट गया। कड़ी मेहनत और लगन के साथ छोटी बड़ी दर्जनो धारवाहिक और छोटे पर्दे पर धमाल मचाये हुए है। भोपाल में शूट हो रहे एक हिंदी फीचर फिल्म साजिश ….द कंसिपिरेन्सी में अभिनेता सुनील पांडेय एक पुलिसवाले की भूमिका में हैं। इस फिल्म के निर्माता एसएस पटनायक और सह निर्माता राज नायर हैं । डायरेक्टर हीरालाल खत्री हैं इस फिल्म में लीड कैरेक्टर की भूमिका में फिल्म अभिनेता देव मेनारिया है जो कि एक सीनियर इंस्पेक्टर की भूमिका में है रजा मुराद, शाहबाज खान, और मुश्ताक खान मुग्धा गोडसे और सहकलाकार सुमित कृष्णा जैसे धुरंधर अभिनेताओं से सजी यह फिल्म इस साल के अंत तक ओटीटी प्लेटफॉर्म और बड़े पर्दे पर दिखाई देगी। इसके अलावा क्राइम पेट्रोल, क्राइम अलर्ट, सावधान इंडिया, अहिल्याबाई होलकर, मेरे साईं, साथ निभाना साथिया, छोटी सरदारनी, तारक मेहता का उल्टा चश्मा, इमली, विद्रोही,सब सतरंगी, कुंडली भाग्य, भाग्य लक्ष्मी, और शुभ लाभ जैसे अनेकों टीवी सीरियल में अपने अभिनय का लोहा इन्होंने मनवाया है। इस कामयाबी के लिये अपने माता पिता के साथ अपनी पत्नी लक्ष्मी पांडेय को देते हुए बताया कि मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। अपनी संस्था ग्लोबल एक्टिंग अकैडमी में नए युवाओं को प्रशिक्षित भी कर रहे हैं । साथ ही किसी भी प्रकार के शार्टकट के रास्ते को अपनाने से बचने की सलाह देते हैं ।

युवा अग्निपथ योजना को लेकर न हो भ्रमित: डिप्टी एसपी



सकलडीहा,अग्निपथ योजना को लेकर पुलिस प्रशासन के लोग अलर्ट है। गुरूवार को एसपी के निर्देश पर सीओ अनिरूद्ध सिंह व कोतवाल विनोद मिश्रा कस्बा में पुलिस फोर्स के साथ फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति बनाये रखने का अपील किया। इसके साथ ही व्यापारी और प्रधानों को युवाओं को समझाने का अपील किया।
केन्द्र सरकार की अग्नि पथ योजना को लेकर यूपी सहित कई प्रदेश में जमकर युवाओं ने हंगामा मचाया। जिले में भी कुचमन और मुस्तफापुर में हंगामा के बाद पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। अधिकारी से लेकर पुलिस प्रशासन गांव भ्रमण कर लोगों को समझाने में जुट गये है। इसक्रम मे सीओ अनिरूद्ध सिंह सकलडीहा, टिमिलपुर, तेन्दुई, नागेपुर, ईटवा, तेन्दुई आदि गांव व कस्बा में भ्रमण कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाये रखने का अपील किया। इसके साथ ही लोगों को अवैध अतिक्रमण न करने की आग्रह किया। इस मौके पर कोतवाल विनोद मिश्रा, एसआई शशी सिंह, भैरोनाथ यादव, बीर चंद यादव, महफूज अहमद, सुरेश, दिनेश, अनुराग गुप्ता, नेहा, अनिता, संदीप सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

Chandauli
overcast clouds
35.3 ° C
35.3 °
35.3 °
44 %
3.9kmh
100 %
Wed
35 °
Thu
39 °
Fri
34 °
Sat
34 °
Sun
29 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights