29.4 C
Chandauli
Thursday, July 23, 2026

Buy now

Home Blog Page 570

प्रेक्षकों ने चुनाव संबंधित तैयारियों का लिया जायजा

Young Writer, चंदौली। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के दृष्टिगत जनपद में नियुक्त सामान्य प्रेक्षकों व व्यय प्रेक्षक एवं पुलिस प्रेक्षक द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में बैठक की। प्रेक्षकों द्वारा चारों विधानसभाओ के रिटर्निंग अफसर एवं प्रभारी अधिकारियों के साथ विधानसभा निर्वाचन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा बैठक कर जानकारी ली गई। मतदान कर्मियों की नियुक्ति, वाहन प्लान, क्रिटिकल एवं वनरेबल मतदान केंद्र, कोविड-19 से संबंधित तैयारियों, कोविड वैक्सीनेशन की स्थिति, मतदान कर्मियों का कोविड वैक्सीनेशन, मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, मतगणना की तैयारी, स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था एवं तैयारियों आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई।
इसके साथ ही निर्वाचन के दृष्टिगत पुलिस बल की तैनाती, नक्सल एक्टिविटी, सुरक्षा व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन की स्थिति, माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती, बूथो पर आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। मा0 प्रेक्षक गणों द्वारा विधानसभाओं के रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा तैयारियों के विषय में विस्तृत जानकारी ली गई। जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव सिंह व पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने प्रोजेक्टर के माध्यम से तैयारियों के संबंध में प्रेक्षक गणों को पूरी तरह जानकारी से अवगत कराया। इसके पूर्व प्रेक्षक गणों द्वारा नवीन मंडी चन्दौली का भ्रमण कर ईवीएम स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक में अपर जिलानिर्वाचन अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, रिटर्निंग अफसर गण, प्रभारी अधिकारीगण उपस्थित रहे।

प्रमसपा का चुनाव लड़ने का सपना नहीं होगा पूरा

एकल प्रत्याशी रामभरोस का नामांकन पत्र शुक्रवार को खारिज

Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव लड़ने की लालसा पाले प्रगतिशील मानव समाज पार्टी व उनके उम्मीदवारों को शुक्रवार को बड़ा झटका लगा। उनके एक मात्र चकिया विधानसभा के प्रत्याशी रामभरोस का नामांकन-पत्र निर्वाचन अधिकारी ने खारिज कर दिया। उनका पर्चा खारिज होने से जनपद में प्रमसपा की दावेदारी व रामभरोस की उम्मीदवारी पूर्णतः समाप्त हो गयी। यानी अब चंदौली के चुनावी रण में प्रमसपा पूरी तरह से बाहर हो गयी है, क्योंकि 17 फरवरी को नामांकन के अंतिम दिन उनके दो प्रत्याशी तय समय 03 बजे तक नामांकन कक्ष तक पहुंचने में नाकाम रहे, जिस कारण नामांकन कक्ष के साथ-साथ उनके चुनाव लड़ने के दरवाजे भी आगामी पांच सालों के लिए बंद कर दिए गए।

प्रमसपा के चकिया उम्मीदवार रामभरोस के नामांकन पत्र की जांच करने वाले निर्वाचन अधिकारी प्रेमप्रकाश मीणा ने नामांकन पत्र खारिज होने के बारे में कई त्रुटियां होने की वजह से उनके नामांकन खारिजा आदेश में उल्लिखित किया है। जिसमें रामभरोस द्वारा प्रारूप-26 के नियम-4क के भाग संख्या-क अंतर्गत बिंदु संख्या 3 के कालम तीन एवं बिंदु संख्या 5, 6, 7 व 8 तथा भाग-ख के कालम 6, 7, 8, 9 एवं 10 अपूर्ण पाया गया है। इसके अलावा आरओ ने जांच में पाया कि प्रमसपा प्रत्याशी दूसरे विधानसभा का मतदाता है, जिसके उसके द्वारा मतदाता सूची की प्रमािणत प्रति भी संलग्न नहीं की गयी है। वहीं प्रत्याशी द्वारा शपथ-पत्र अथवा प्रतिज्ञान प्रस्तुत नहीं किया गया है। नामांकन दाखिल के समय ही प्रत्याशी को नामांकन पत्र के सभी स्तम्भों को पूर्ण करते हुए नए शपथ-पत्र एवं मतदाता सूची की प्रमाणित प्रति के साथ 18 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे प्रस्तुत करने को कहा गया था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाए। इतना ही नहीं नामांकन पत्रों की जांच के दौरान न तो प्रत्याशी नामांकन कक्ष में मौजूद थे और ना ही उनका कोई प्रतिनिधि वहां मौजूद पाया गया। ऐसी स्थित में निर्वाचन अधिकारी ने आरपी एक्ट-1951 की सुसंगत धाराओं का उल्लंघन पाते हुए चकिया से प्रमसपा प्रत्याशी का नामांकन-पत्र अस्वीकृत कर दिया है। इसके साथ ही प्रमसपा की चंदौली जनपद में विधानसभा चुनाव लड़ने का सपना अगले पांच सालों के लिए स्वतः स्थगित हो गया है।

आप प्रत्याशी रविशंकर समेत 14 का पर्चा खारिज

नामांकन

नामांकन स्थल पर शुक्रवार को मुकम्मल हुई नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया

Young Writer, चंदौली। कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन स्थल पर शुक्रवार को विभिन्न राजनीतिक दलों व निर्दल उम्मीदवारों द्वारा किए गए नामांकन-पत्रों की जांच की प्रक्रिया मुकम्मल कर ली गयी। इस दौरान नामांकन कक्ष में निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में पूरे दिन स्क्रूटनी की प्रक्रिया सम्पन्न की गई। इस दौरान नामांकन पत्रों में खामियां मिलने पर कुल 14 प्रत्याशियों का पर्चा खारिज कर दिया गया। इससे अब 45 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। हालांकि अभी 21 फरवरी को नाम वापसी की तिथि निर्धारित है। इसके बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी।
विदित हो कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सातवें चरण में सात मार्च को मतदान होना प्रस्तावित है। इसके लिए 10 से 17 फरवरी तक नामांकन की प्रक्रिया सम्पन्न हुई। इस दौरान चारों विधानसभा सीट पर कुल 59 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन किया था। मुगलसराय विस सीट पर 19 प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की थी। सकलडीहा में 12 उम्मीदवार, सैयदराजा में 11 और चकिया विस सीट पर कुल 17 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया था। शुक्रवार को कलक्ट्रेट स्थित नामांकन कक्ष में आरओ और एआरओ ने नामांकन पत्रों की जांच किया। इस दौरान शपथ पत्र में पूर्ण जानकारी न देने व प्रस्तावक कम होने पर कुल 14 प्रत्याशियों का पर्चा खारिज कर दिया गया। मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र से नामांकन करने वाले कुल पांच प्रत्याशी का पर्चा निरस्त कर दिया गया। जिसमें जदयू के संजय सिन्हा, निर्दलीय संतोष गुप्ता, लोकतांत्रिक जनवादी पार्टी के मुरलीधर श्रीवास्तव, राष्ट्रीय कृषक दल पार्टी के विनोद, सर्वजन सनातन पार्टी के जय प्रकाश शामिल हैं। अब यहां 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं सकलडीहा विस में तीन उम्मीदवारों का पर्चा निरस्त कर दिया गया है। इसमें आम आदमी पार्टी के हरिद्वार यादव, सर्वजन सनातन पार्टी से महेंद्रनाथ और निर्दल प्रवीण श्रीवास्तव सम्मिलित हैं, यहां अब नौ प्रत्याशी हैं। जबकि सैयदराजा विधानसभा में एक भी प्रत्याशी का पर्चा खारिज नहीं हुआ है। यहां कुल 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा चकिया विधानसभा क्षेत्र से नामांकन करने वाले छह उम्मीदवारों का नामांकन पत्र खारिज हुआ है। इसमें लोकजनवादी पार्टी से अंजुमन, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) से होरीलाल, प्रगतिशील मानव समाज पार्टी से रामभरोस, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से विजयकांत पासवान, आम आदमी पार्टी से रविशंकर और आरपीआई से उषा शामिल रहीं। इससे अब यहां 11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। इससे चारों विधानसभा में कुल 45 प्रत्याशी ताल ठोंकेंगे। हालांकि 21 फरवरी को नाम वापसी तिथि के बाद स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो जाएगी।

हौसला बुलंद चोरों ने लाखों के जेवरात को किया पार

चोरी

घर में मौजूद युवती ने चोरों को रोकने का किया प्रयास

Young Writer, सैयदराजा। नगर के वार्ड नंबर 12 लोहिया नगर स्थित बुधवार की अर्धरात्रि आशुतोष अग्रहरी के मकान में घुसे हौसला बुलंद चोरों ने पांच लाख के जेवरात के साथ-साथ साठ हजार नकद रुपया लेकर हाथ साफ कर भाग निकले वहीं भुक्तभोगी की बहन ने रोकने की कोशिश भी की। इस प्रयास में चोरों से उसकी हाथापाई भी हुई, लेकिन चोरों ने एक लोहे की रॉड लेकर आक्रामक होकर जान से मारने की धमकी दी, जिससे लड़की के डर से सहम गए। चोरी की घटना के बाद भुक्तभोगी ने स्थानीय थाने में दी है, जहां पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल में जुट गई।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 12 की आशुतोष अग्रहरि के मकान में बुधवार की रात्रि में पेड़ के सहारे छत पर पहुंचकर घर में घुस गए, वही चोरों ने सभी के कमरों का दरवाजा आगे से कुंडी लगाकर बंद कर दिया, जहां आसानी से वह अन्य कमरों की तलाशी में जुट गए। एक कमरे की अलमारी में रखे जेवर हार मांटिका चूड़ी और नथिया जिसकी कीमत चार लाख कीमत समेत 60 हजार नकदी रुपया लेकर भागने लगा। इस दौरान आशुतोष अग्रहरि की बहन ने एक चोर को रोकने की कोशिश करने लगी वह हाथापाई भी हुई। हालांकि चोर ने लोहे की रॉड लेकर जान से मारने की धमकी दी, जिससे युवती असहाय हो गयी। इसके बाद आभूषण आदि लेकर चोर भागने में सफल रहे। युवकी ने जब में शोर मचाना शुरू किया तो मौके पर सभी परिजन इकट्ठा हो गए। वही उक्त मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल में जुट गई।

चंदौली में विकास के कारवां को आगे बढ़ाएगी कांग्रेसः सतीश

Young Writer, सैयदराजा। कांग्रेस प्रत्याशी विमला देवी बिंद और उनके प्रतिनिधि सतीश बिंद चुनाव प्रचार को नए आयाम देने में पूरी शिद्दत से जुटे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को सतीश बिंद ने सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के बहेरा, अरंगी, धनाइतपुर व मुड्डा समेत आधा दर्जन गांवों में लोगों से सीधा संवाद किया। इसदौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार की नीतियों, उसके वचन-पत्र से अवगत कराया। साथ ही कांग्रेस सरकार द्वारा देश, प्रदेश व जनपद में किए गए विकास कार्यों की यादें ताजा कर दी।

इस दौरान सतीश बिन्द ने कहा कि कांग्रेस की जीत के साथ ही चंदौली के रुके हुए विकास को गति मिलेगी। पंडित कमलापति त्रिपाठी ने नहरों का जाल बिछाने के साथ ही सिंचाई संसाधनों को स्थापित कर चंदौली के किसानों को बड़ा तोहफा देने का काम किया। जो उनके जाने के बाद रुका हुआ है। कांग्रेस के सत्ता में वापसी से आम आदमी व महिलाओं को महंगाई से निजात मिलेगी। साथ ही महिला सुरक्षा के प्रति कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अलावा राजनीति व नौकरी समेत तमाम क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी को कांग्रेस बढ़ाएगी। जैसा कि प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने अपने वचन-पत्र में उल्लेख किया है। महंगाई से निजात दिलाने के साथ कांग्रेस सत्ता में आने के बाद किसानों के हित में कार्य करेगी। कहा कि चंदौली की पहचान कृषि प्रधान जनपद के रूप में है। धान की रिकार्ड पैदावार के कारण चंदौली को धान का कटोरा कहा जाता है। इस पहचान को सशक्त बनाने के लिए एक बार फिर कांग्रेस को सैयदराजा विधानसभा समेत पूरे जनपद में सशक्त बनाएं। उन्होंने गांवों में बड़े-बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लेकर प्रदेश में मजबूत सरकार बनाने का आह्वान किया।

खेल से टीम वर्क व अनुशासन की मिलती है सीखः आशुतोष

धानापुर में खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर अतिथिगण।

दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह का हुआ समापन

Young Writer, धानापुर। शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा का समारोहपूर्वक सम्पन्न हुआ। समापन सत्र में मुख्य अतिथि राम मनोहर लोहिया पीजी कॉलेज, वाराणसी के प्राचार्य प्रोफेसर आशुतोष कुमार सिंह रहे।
इस दौरान उन्होंने खेल की महत्ता पर बल देते हुए उसके दूरगामी लाभों पर व्यापकता से प्रकाश डाला। कहा कि खेल से आपसी प्रेम व सद्भाव मजबूत होता है। खेल हम सभी को अनुशासन व टीम वर्क की ताकत का ऐहसास कराता है, लिहाजा खेल से मिलने वाले संदेश को अपने जीवन में उतारें। विशिष्ट अतिथि सत्येंद्र विक्रम सिंह ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साह वर्धन किया। अध्यक्षता कालेज के प्राचार्य डा.रामनरेश शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बड़े ही अनुशासन में रहते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया, उनके प्रति आभार जताया। कार्यक्रम शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डा.नौशाद अहमद के नेतृत्व में सकुशल संपन्न हुआ। इस अवसर पर डा. प्रवेश कुमार, डा.पूनम निर्मल, डा.किरण यादव, डा.रीना सिंह, डा. नेहा, डा.संदीप यादव, डा.प्रवेश कुमार सिंह, डा.प्रदीप यादव, डा.सत्य प्रकाश, डा.अंकित पटेल के अलावा नंदलाल, मंजरी व दिनेश आदि उपस्थित थे। काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी से आए कश्यप, सुनील, संजीव एवं अनुराग पटेल का कार्यक्रम के सकुशल आयोजन में सराहनीय सहयोग रहा। आज की प्रतियोगिता में जैवलिन थ्रो में प्रदीप गिरी, रमाकांत कनौजिया, मदन मौर्या डिस्कस थ्रो में दीपाली मौर्या, रानी, आराधना एवं ज्योति कुशवाहा ऊंची कूद प्रतियोगिता में बृजेश कुमार, अभिषेक कुमार शाह आलम ने क्रमशः प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।

सभी कामकाज पर मतदान को दें वरीयताः डीआईओएस

Young Writer, चंदौली। जिला विद्यालय निरीक्षक विजय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुगलसराय विधानसभा के अंतर्गत नगर रामकृष्णा विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रांगण में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान निबंध प्रतियोगिता, वाद-विवाद, मतदाता जागरूकता गीत, युवा मतदाता जागरूकता गीत, नुक्कड़ नाटक, श्लोगन, रंगोली व पोस्टर मेकिंग जैसे रोचक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस दौरान डीआईओएस विपी सिंह ने बच्चों को प्रेरित करते हुए बच्चोँ को मतदाता शपथ ग्रहण के विषय में जानकारी दी। उन्होंने मतदाताओं को एक एक वोट की महत्ता के विषय में बताया। एडुलीडर्स संयोजक निशा सिंह ने छात्राओं को अपने परिवारजन को बिना लालच एवं भय के सात मार्च को मतदान करने हेतु जागरूक करने को कहा। एडुलीडर्स संयोजक सचिन सिंह ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए समस्त विद्यालय को बधाई दी। कहा कि मतदाताओं को मतदान के प्रति सजग व सतर्क रहने की जरूरत है। मतदान एक महत्वपूर्ण अधिकार है लिहाजा मतदान तिथि को सभी कामकाज के ऊपर मतदान को वरीयता दें और एक मजबूत लोकतंत्र को स्थापित करने में अपना योगदान दें। अंत में डीआईओएस विपी सिंह, एडुलीडर्स ग्रुप के निशा सिंह, सचिन सिंह अरविंद सिंह, सुधीर भास्कर पांडेय ने मतदाताओं को सात मार्च को मतदान करने का शपथ दिलाया। संचालन शिक्षिक रेहाना ने किया।

धान खरीदः आक्रोशित किसान बोले‚ पेट भरने वाले भर देंगे जेल

कलेक्ट्रेट पर हंगामा करते किसानों से बातचीत करती पुलिस।

धान खरीद नहीं होने पर चंदौली कलेक्ट्रेट पहुंचे दर्जनों किसान

Young Writer, चंदौली। राकेश टिकैत देश के किसानों के आदर्श बन गए हैं। दिल्ली बार्डर पर केंद्र सरकार के खिलाफ किसान हित में उनकी दृढ़ता ने देश भर के किसानों में अपने हक के लिए आवाज बुलंद करने का जज्बा भरा। यह जज्बा शुक्रवार को चंदौली के किसानों में देखने को मिला। चुनावी सरगर्मी के बीच फौजी मणि देव चतुर्वेदी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर भारी संख्या में किसान अपनी धान की उपज लेकर पहुंचे और उसकी खरीद की मांग करने लगे। मामला तनावपूर्ण देख कलेक्ट्रेट पहुंची पुलिस ने धारा-144 का हवाला देते किसानों को गिरफ्तार करने की बात कह दी। पुलिस की यह अप्रत्यक्ष धमकी आग में घी डालने जैसी रही, जिससे तेवर में आए किसानों ने पुलिस वालों को जमकर लताड़ा। कहा कि किसानों की समस्या का निराकरण करने की बजाय गिरफ्तार की धमकी दी जा रही है, जो किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं है। ऐसी धमकियां अब किसानों को डरा नहीं सकती।

इस दौरान किसानों ने जिला प्रशासन व जिला विपणन विभाग पर बड़ा आरोप लगाया। कहा कि गांवों में धान खरीद के लिए स्थापित एक भी क्रय केंद्र भौतिक रूप से संचालित नहीं हो रहे हैं। सारे क्रय केंद्रों पर किसानों की उपज नहीं ली जा रही है। ऐसे में हम किसान अपनी धान की खरीद के लिए कलेक्ट्रेट आए हैं। सरकार धान खरीद को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन कभी भी जिला प्रशासन या जिम्मेदार अफसरों द्वारा धान खरीद को लेकर क्या व्यवस्थाएं की और इसका क्रियान्वयन कितना अच्छा हो रहा है। इसकी पतड़ाल करने की फुर्सत नहीं है। यह सीधे तौर पर किसान हितों की उपेक्षा है। कहा कि अब किसान पहले जैसे नहीं रहे। यदि किसानों के हितों की उपेक्षा की गयी तो किसान खेतों से खुदाल-फावड़ा लेकर सड़क पर उतरे को विवश होगा, तब जिला प्रशासन किसानों के ताप और आक्रोश को बर्दाश्त नहीं कर पाएगा।

कहा कि पुलिस अफसरों द्वारा दी गयी धमकी उनके गैरजिम्मेदाराना कृत्य को प्रदर्शित करती है। उनकी जवाबदेही जनता के प्रति होनी चाहिए, लेकिन वे सत्ता के संरक्षण पाकर इस बात को भुलते जा रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले नौगढ़ जैसे सुदूर इलाके से चलकर आए किसानों ने कहा कि लोगों का पेट भरने वाले किसान जेल भी भर देंगे। गिरफ्तारी की धमकी देकर किसानों को डराने की मुगालफत पुलिस-प्रशासन ना पाले। अंततः किसानों के तेवर को देखते हुए जिला प्रशासन व पुलिस को बैकफुट पर आना पड़ा। किसानों द्वारा ट्रैक्टर-ट्राली पर लाए गए धान की खरीद करते हुए जिला प्रशासन ने शेष उपज को दो दिन के अंदर खरीदने का लिखित आश्वासन दिया, तब जाकर किसानों का गुस्सा शांत हुआ। मंडल प्रवक्ता मणि देव् चतुर्वेदी ने बताया कि यहां सिर्फ पीड़ित किसान है,जो अपना धान शांतिपूर्वक तरीक़े से बेचने आये है। जब तक धान नहीं बिकेगा, साथ ही क्रय केंद्र सुचारू रूप से नहीं चलेगा, तब तक किसान यही मौजूद रहेगा। धान खरीद की स्थित यह है कि बीते एक फरवरी से अघोषित रूप से गांवों में खोले गए सभी क्रय केंद्र बंद चल रहे हैं, जिस कारण खरीद पूरी तरह से ठप है। इसे मामले को जिला विपणन अधिकारी अनूप श्रीवास्तव से अवगत कराया गया, लेकिन वह भी 10 दिनों तक सुस्त पड़े रहे। जिलाधिकारी से बातचीत के बाद 39 किसानों की सूची सौंपी गयी, लेकिन फिर भी धान खरीद की दिशा में कोई सार्थक पहल नहीं हुई। ऐसे में विवश होकर किसानों को अपने उपज के साथ कलेक्ट्रेट आना पड़ा।

फेसबुक वाल से पलट दिया मुगलसराय विधानसभा का समीकरण

चंदौली कलेक्ट्रेट पर नामांकन करने जाते सपा के मुगलसराय प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव।

भ्रम के भंवर में फंसी थी सपा में प्रत्याशी चयन को लेकर लोगों की उत्सुकता

Young Writer, चंदौली। सोशल मीडिया इस वक्त सूचना का सशक्त माध्यम बन गया है। साथ ही सबसे ज्यादा भ्रम भी यहीं फैलाया जा रहा है। हाल-फिलहाल जनपद के सपाइयों ने फेसबुक वाल पर ऐसी सक्रियता दिखाई की, खुद उनकी पार्टी के नेता-कार्यकर्ता व आम जनता भ्रम के भवसागर में फंसकर रह गए। जी हां! बात समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी चयन की हो रही है। जिसे लेकर मानो फेसबुक पर एक अघोषित जंग छेड़ दी गयी हो। स्थिति यह रही कि 16 फरवरी की शाम को पूर्व सांसद रामकिशुन के पक्ष में टिकट मिलने की डिजिटल कैम्पेनिंग इतने जोर-शोर से हुई कि लगा कि अबकी बार फिर सपा ने स्वर्गीय गंजी प्रसाद के परिवार के राजनीतिक रसूख भर भरोसा जताया है, लेकिन 17 फरवरी की सुबह एकाएक फेसबुक का माहौल अचानक से बदल गया।

समाजवादी के युवा कार्यकर्ता, नेता व संगठन से जुड़े कुछ प्रमुख चेहरे सयुस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव के टिकट मिलने की खुशियां बांटने लगे। शुरुआती दौर में इस पर सभी को संदेह हुआ। ऐसे में समाजवादियों के एक धड़े ने दूसरे से इसके साक्ष्य स्वरूप समाजवादी पार्टी से जारी होने वाली प्रत्याशियों की सूची तलब की। हालांकि ऐसी कोई सूची सार्वजनिक नहीं की गयी, जिसमें चंद्रशेखर यादव या फिर रामकिशुन यादव को मुगलसराय से बतौर प्रत्याशी चुने जाने की पुष्टि हो, अंततः समाजवादी पार्टी से प्रत्याशियों की जारी अंतिम सूची का प्रकाशन नहीं हुआ। लेकिन जब यह कारवां निरंतर बढ़ता गया तो फेसबुक वाल के साथ ही मुगलसराय विधानसभा की राजनीतिक सरगर्मी भी करवटें बदलने लगी। स्थिति यह रही कि आखिरकार सयुस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव माला पहनकर नामांकन करने कलेक्ट्रेट पहुंचे तो यह संदेह स्वतः स्पष्ट हो गया। हालांकि पूर्व सांसद रामकिशुन के पैतृक आवास पर समर्थकों व कुछ दिग्गज सपाइयों जमावड़ा पूर्व सांसद रामकिशुन के आवास पर डंटा रहा। ऐसे में चर्चाएं रही कि पूर्व सांसद रामकिशुन यादव पार्टी के निर्णय के खिलाफ जाकर नामांकन करने वाले हैं, लेकिन चंद्रशेखर यादव के नामांकन के दौरान पूर्व सांसद कलेक्ट्रेट पहुंचे और चंद्रशेखर को अपने आशीष से नवाज कर पार्टी के फैसले का समर्थन किया और उसे सम्मान देने का काम किया। सपा प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव के लिए पूर्व सांसद रामकिशुन यादव का आशीष कई मायनों में बेहद अहम रहा। क्योंकि उनके मार्गदर्शन के अभाव में समाजवादी पार्टी के दो फांट होने की आशंकाओं से इन्कार नहीं किया जा सकता। हाल-फिलहाल पटल पर समाजवादी पार्टी एकजुट नजर आ रही है, लेकिन आगे चुनावी संग्राम में कब कौन सी घटना घट जाए। इसके बारे में कुछ भी कह पाना असंभव है। फिलहाल प्रत्याशी चयन के उहापोह पर विराम लग गया है और अब प्रत्याशियों के हार-जीत के कयास लगाए जा रहे हैं।

…कलेक्ट्रेट में सरपट दौड़े‚ फिर भी नामांकन से चुके दो उम्मीदवार

Young Writer, चंदौली। विधानसभा चुनाव-2022 लड़ने की लालसा पाले दो उम्मीदवार नामांकन कक्ष तक पहुंचते-पहुंचते लेट हो गए। अब उन्हें चुनाव लड़ने का अगला अवसर 2027 में प्राप्त होगा। जी हां! दोनों उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ने के लिए दौड़ तो जोरदार लगाई, लेकिन तब तक वह नामांकन कक्ष तक पहुंचने चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित समयावधि बीत चुकी थी और नामांकन कक्ष में तैनात कर्मचारियों ने गेट बंद कर दिया। हालांकि प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल करने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाए और निराश होकर वापस लौट गए। दरअसल प्रगतिशील मानव समाज पार्टी के सैयदराजा प्रत्याशी सीताराम बिंद व मुगलसराय से प्रत्याशी सेचू केशरी को चुनाव लड़ना था, लेकिन नामांकन संबंधित कागजात पूर्ण करने में समय इतना विलंब हो गया कि वे कलेक्ट्रेट पर विलंब से पहुंचे। इसके बाद किसी तरह उन्हें कलेक्ट्रेट में एंट्री की और दौड़ लगाते हुए नामांकन कक्ष पहुंचे, लेकिन तब तक विलंब हो चुका था।

जनपद में विधायिकी लड़ेंगे 59 उम्मीदवार
चंदौली। चंदौली कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन स्थल पर गुरुवार को तीन बजे पर्चा दाखिल करने की प्रक्रिया मुकम्मल हो गयी। इसके बाद नामांकन के अंतिम दिन प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक कुल 59 उम्मीदवारों ने अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र से नामांकन किया है। विधानसभा मुगलसराय से सर्वाधिक 19 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। वहीं सकलडीहा से 12, सैयदराजा में 11 तथा विधानसभा चकिया से 17 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। नामांकन पत्रों की जांच व नाम वापसी की प्रक्रिया मुकम्मल होने के बाद चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को स्थिति पूर्णतः स्पष्ट हो पाएगी।

Chandauli
light rain
29.4 ° C
29.4 °
29.4 °
72 %
4.9kmh
100 %
Thu
29 °
Fri
34 °
Sat
35 °
Sun
36 °
Mon
37 °

You cannot copy content of this page

Verified by MonsterInsights