Young Writer, वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के ओम कालेश्वर निवासी रोशन खान उर्फ राजू विकलांग का टेम्पो बुधवार की भोर में अराजक तत्वों ने पेट्रोल छिड़ककर जला दिया। आगजनी की घटना की सूचना भुक्तभोगी विकलांग राजू ने स्थानीय थाना पुलिस को दी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची है। घर की कमजोर आर्थिक स्थिति और विषम हालात में शारीरिक विकलांगता के बावजूद राजू किसी तरह टेंपो चलाकर अपना व अपने परिवार का भरण पोषण करता है। ऐसे में टेम्पो जल जाने से उसके परिवार के समक्ष आर्थिक संकट गहरा गया है। इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। क्योंकि अराजक तत्वों ने टेम्पो के साथ ही परिवार के एक मात्र कमाई के जरिए को भी जलाकर खाक कर दिया।
छेड़खानी का विरोध करने पर पीटे गए भाजपा के बूथ अध्यक्ष
Young Writer, चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के एक गांव में छेड़खानी को लेकर दबंगों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। उक्त प्रकरण में दबंगों ने भाजपा के बूथ अध्यक्ष की जमकर पिटाई की, जिससे वह घायल हो गए। घटना से गुस्साए ग्रामीण दर्जनों की संख्या में बलुआ थाने पहुंचे और तहरीर देकर दबंगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की।
बताते हैं कि बलुआ थाना क्षेत्र के एक गांव की तीन छात्राएं प्रतिदिन अपने गांव से दो किलोमीटर दूर इंटर कालेज में पढ़ने जाती है। इन छात्राओं का आरोप है कि बगल के गांव का एक युवक अपने मित्रों के साथ प्रतिदिन छेड़खानी करता है। मंगलवार की शाम को उक्त युवक अपने साथियों के साथ जबरदस्ती हाथ पकड़कर बाइक पर बैठाने लगे। छात्राओं ने इसका विरोध किया और किसी प्रकार से भागकर अपने घर पहुंची। उसी समय परिजन व भाजपा बूथ अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने विरोध किया तो मनचलों ने भाजपा बूथ अध्यक्ष की जमकर पिटाई कर दी और जाने से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। इस घटना से गुस्साए दर्जनों की संख्या में ग्रामीणों ने बलुआ थाने पर मुकदमा कायम करने के लिए तहरीर दी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार परपॽ बलुआ पुलिस ने अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी। इस संदर्भ में मोहरगंज चौकी इंचार्ज जगदीश ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही की जायेगी।
पूर्व विधायक ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों को बांधने की दी चेतावनी
बोले, औचक आंदोलन के जरिए अफसरों को बांधकर होगा सवाल-जवाब
Young Writer, चंदौली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह डब्लू (Manoj Kumar Singh W) ने बुधवार की अलसुबह पचखरी पुलिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्थायी पुल निर्माण में चंदौली पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही देख आक्रोशित हो उठे। चेताया कि जो अफसर पुलिया निर्माण कार्य में बाधक बन रहे हैं उन्हें जल्द बंधक बनाया जाएगा। सार्वजनिक मंच पर उन्हें इस सवाल का जवाब देने के लिए बाध्य किया जाएगा कि आखिर किसके इशारे पर पुलिया का निर्माण नहीं किया जा रहा है। वो बताएं कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या फिर क्षेत्रीय विधायक कौन है जो नहीं चाहता कि जन सुविधाओं के लिए पचखरी में अस्थायी पुलिया बने।
उन्होंने कहा कि पुलिया निर्माण के लिए जल्द ही ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरने का काम होगा। जनहित में होने वाला यह आंदोलन औचक होगा, लेकिन जब होगा। उस वक्त पीडब्ल्यूडी के निकम्मे अफसरों को घेरने का काम जनता करेगी। उन्हें बांधकर यह सवाल-जवाब होगा कि आखिर वह किनके दबाव में पचखरी में अस्थायी पुलिया निर्माण नहीं कर रहे हैं। आखिर ऐसी कौन सी वजह है जो जनहित से जुड़े इस कार्य में बाधक बन रही है। इन सवालों का जवाब चंदौली के पीडब्ल्यूडी महकमे को हरहाल में देना होगा। विदित हो कि गत दिनों सपा नेता मनोज सिंह डब्लू के धरना-प्रदर्शन के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग के सहायक अभियंता द्वारा पुलिया के समानान्तर अस्थायी पुलिया के निर्माण की बात कही गयी और इसके शुभारंभ का समय भी मौके पर ही तय किया, लेकिन महकमे ने एक बार फिर वादाखिलाफी की और शुभारंभ अफसर पर कोई काम नहीं हुआ। ऐसे में मनोज सिंह डब्लू ने प्रतीकात्मक विरोधस्वरूप विद्वान ब्राह्मणों को मौके पर बुलाकर बकायदा काम का पूजन किया और पहले दिन स्थानीय ग्रामीणों संग श्रमदान कर इस कार्य का आगाज किया। इसके बाद मौके पर ह्यूम पाइप गिराने के साथ ही मिट्टी का थोड़ा बहुत काम पीडब्ल्यूडी विभाग ने कराया, लेकिन काफी समय से काम बंद चल रहा है जिसकी सूचना के बाद मनोज सिंह डब्लू बुधवार की अलसुबह ही इसका जायजा लेने के लिए पचखरी पुलिया पहुंचे और जिले के पीडब्ल्यूडी अफसरों को एक बार फिर निकम्मा करार दिया।

खिलाड़ियों को जल्द मिलेगी स्टेडियम की सौगात
Young Writer, धानापुर। क्षेत्र के ग्राम हिंगुतगढ़ में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का मंगलवार को विधायक सुशील सिंह ने उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने खेल के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही खिलाड़ियों की सुविधा के लिए स्टेडियम निर्माण का खिलाड़ियों को भरोसा दिया, जिससे खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने के लिए ग्राउंड व अन्य संसाधनों के लिए भटकना ना पड़े। कहा कि भाजपा सरकार ने खेल व खिलाड़ियों दोनों को बढ़ावा देने के लिए पहल की है। हाल ही चंदौली जनपद में सांसद खेल स्पर्धा सम्पन्न हुई, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया था।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में खिलाड़ियों को कहीं भी कोई दिक्कत परेशानी होती है तो उसके लिए तन-मन-धन तीनों से समर्पित रहूंगा। खिलाड़ी खेल भावना से मैदान पर अपने हुनर का प्रदर्शन करें और आगे बढ़कर गांव की मिट्टी व जनपद का नाम रौशन करें। हमारा साथ व सहयोग हमेशा खिलाड़ियों के साथ रहेगा। विधायक सुशील सिंह ने कहा धान बेचने में किसानों को जो भी दिक्कत हो रही है उससे अवगत कराएं। उनकी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। धान खरीद में किसी भी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर हरवंश सिंह, गोवर्धन सिंह, राधेरमण सिंह, अजय सिंह, संतोष सिंह, वीरेंद्र सिंह, विशाल सिंह, सुधीर यादव, धीरज कुमार, अनुपम सिंह आदि मौजूद रहे।
चंदौली न्यायालय में पेशी पर आए गवाह को दी हत्या की धमकी‚ तीन गिरफ्तार
हत्या के मामले में सुलह व पक्ष में बयान देने का बना रहे थे दबाव
Young Writer, चंदौली। हत्या के मामले में कोर्ट में पेशी पर जा रहे गवाह को धमकाने का मामला मंगलवार को प्रकाश में आया है। उक्त मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को कोर्ट परिसर से पकड़ा और कोतवाली ले गयी। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस तीन नामजद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही में जुट गयी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवकों द्वारा हत्या के मामले में पेशी पर आए गवाह को सुलह के लिए दबाव बनाने की नियत से न्यायालय क्षेत्र में वीडियो बनाने के साथ ही उसे धमका रहे थे, जिनके विरूद्ध पुलिस विधिक कार्यवाही कर रही है।
विदित हो कि धानापुर इलाके के बुढ़ेपुर गांव निवासी गोपाल सिंह, हत्या के मामले में बतौर गवाह कोर्ट में पेश होने के लिए मंगलवार चंदौली न्यायालय पहुंचे। उक्त मामले में हत्यारोपी पक्ष के बभनियांव रायपुर निवासी विशाल यादव, संदीप यादव व राजकुमार भी गोपाल सिंह की ताक में कचहरी परिसर पहुंचे और मौका देख उसे घेर लिया जैसा कि पीड़ित पक्ष का आरोप है। गोपाल सिंह ने सदर पुलिस को दी गयी तहरीर में आरोप लगाया कि वह सरकार बनाम राजकुमार के मुकदमें में गवाही देने आया था। इस दौरान न्यायालय क्षेत्र में आरोपियों द्वारा अपने 20 से 25 सहयोगियों के साथ घेर कर मुकदमें में सुलह व हत्यारोपी के पक्ष में बयान देने का दबाव बनाने लगे। इसी क्रम में आरोपियों ने गलत तरीके से वीडियो बनाया। आरोप लगाया कि सुलह की बात नहीं मानने पर गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दिए। साथ ही हत्या के षड्यंत्र के तहत वीडियो बनाकर किसी अन्य को भेजने लगे। उनके द्वारा बनाए गए वीडियो को देखने का प्रयास करने पर हाथापाई करने लगे। सूचना के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गयी। इस बाबत कोतवाल अनिल पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा कायम करने की कार्यवाही कर रही है।
अपनी सेहत के प्रति सजग रहें गर्भवती महिलाएंः छत्रबली सिंह
शहाबगंज ब्लाक परिसर में गोद भराई व अन्न-प्रासन कार्यक्रम आयोजित
Young Writer, शहांबगज। स्थानीय ब्लाक परिसर में मंगलवार को बाल विकास विभाग द्वारा मंगलवार को राष्ट्रीय पोषण अभियान के अन्तर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी गयी। मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह की मौजूदगी में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की गयी। साथ ही नौनिहालों का अन्न प्रासन का कार्यक्रम किया गया। छत्रबली सिंह ने नौनिहालों को प्यार व दुलार दिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्जवलन कर किया गया।

इस दौरान मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही राष्ट्रीय पोषण अभियान के तहत सुपोषण योजना से प्रदेश को कुपोषण मुक्त किया जा रहा है। योजना का लाभ गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं को समय से लाभ मिले इसकी जिम्मेदारी आंगनबाडी़ व आशा बहुओं को ही है। गांव की महिलाओं को उनके सेहत के प्रति सजग रहना होगा, ताकि वे गर्भावस्था के दौरान अपना व अपने शिशु के सेहद का ख्याल रख सकें। सरकार महिलाओं व नौनिहानों के हितों के लिए योजनाएं संचालित कर रही है, जिसे गांवों तक पहुंचाना हम सभी का नैतिक दायित्व है। प्रभारी बीडीओ अशोक कुमार यादव ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने स्टाल लगाकर पोषण से संबंधित जो जानकारी दी जा रही है उसी तरह की जानकारी गांव की महिलाओं को भी दे। बाल विकास परियोजना अधिकारी आशीष कुमार वर्मा ने विभाग द्वारा चलायी जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छोटे छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं, किशोरीयों को आहार समय समय पर लेना चाहिए। कार्यक्रम में मूंगफली, चना, गुड़, सोयाबिन का वितरण किया। पांच गर्भवती महिला पूनम, चन्द्रावती, हीना, आरती का गोद भराई का कार्यक्रम मुकम्मल हुआ। वहीं छोटे बच्चों का अन्न प्रासन किया गया। परिसर में बाल विभाग व स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्टाल लगाकर जानकारी व दवा वितरण किया गया। इस दौरान ब्लाक प्रमुख गीता देवी, प्रभारी चिकित्साधिकारी डा.हीरालाल सिंह, डा.एके श्रीवास्तव, मंडलीय कोआर्डिनेटर अंजनी राय, दिनेश यादव, राम सुचित द्विवेदी, मुख्य सेविका शशि यादव, गीता तिवारी, सावित्री, लीलावती उपस्थित थी।

दीनदयाल उपवन की भव्यता को मुख्यमंत्रियों के दल ने निहारा
Young Writer, पड़ाव। काशी विश्वनाथ कॉरीडोर के लोकार्पण समारोह के साक्षी बनने आए भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मंगलवार को जनपद भ्रमण रहे। इस दौरान मुख्यमंत्रियों का जत्था भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में पड़ाव स्थित दीनदयाल स्मृति उपवन पहुंचे, जहां उपवन की भव्यता को मुख्यमंत्रियों व उनके परिवार के लोगों ने निहारा। साथ ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जीवन पर बनी 3डी फिल्म को भी मुख्यमंत्रियों व उनके परिजनों ने देखा।

इस दौरान डीएम संजीव सिंह व एसपी अंकुर अग्रवाल सहित जनपद के भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने आगवानी की। इसके मद्देनजर दीनदयाल उपवन को भव्यता देखते ही बन रही थी। विदित हो कि मंगलवार को वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में मुख्यमंत्री परिषद की बैठक बुलाई गयी थी, जिसमें भाजपा शासित 12 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए थे। उक्त बैठक की समाप्ति के मुख्यमंत्री ने काशी की भव्यता व आस्था को करीब से निहारा। इसके बाद काशी का हिस्सा रहे चंदौली जनपद के अंतिम छोर पर बने पंडित दीनदयाल उपवन की भव्यता को भी निहारने पहुंचे। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा मुख्यमंत्रियों के दल की अगुवाई कर रहे थे, वहीं जिले से डीएम-एसपी समेत तमाम दिग्गज भाजपाइयों ने अतिथियों की आगवानी की। साथ ही दीनदयाल उपवन में समय गुजारा। इस दौरान उपवन को रंग-बिरंगी रौशनी से भव्यता प्रदान की गयी थी। उपवन की दीवारों पर दीनदयाल के जीवन वृत्त की अंकित पंक्तियों को भी मुख्यमंत्रियों के दल ने पढ़ा, समझा और उनके त्याग, तपस्या व बलिदान से रूबरू हुए। साथ ही उपवन में स्थापित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के निर्माण के बाबत मुख्यमंत्रियों ने जानकारी हासिल किया। वहीं दीनदयाल उपाध्याय की जीवनी पर तैयार की गयी 3डी फिल्म भी अतिथियों ने देखा और दीनदयाल के जीवन को करीब से महसूस किया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर‚ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान‚ भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह‚ सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, साधना सिंह, राणा प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।



चंदौली ब्लाक से 200 लोगों का जत्था लखनऊ रवाना
Young Writer, चंदौली। 15 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित ग्राम उत्कर्ष समारोह में जनपद के प्रधान व सेक्रेटरी शरीक होंगे। इसके मद्देनजर मंगलवार को सदर ब्लाक से 200 लोगों का दल लखनऊ के लिए रवाना हुआ, जिसे सीडीओ अजितेंद्र नारायण ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। जत्थे में ग्राम प्रधान, ग्राम सचिवों के साथ पंचायत सहायक शामिल रहे। साथ ही उनकी सुरक्षा के लिए प्रत्येक बसों में दो सुरक्षा कर्मियों को भी लखनऊ के लिए रवाना किया गया है।
एडीओ पंचायत ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से 15 दिसंबर को लखनऊ के डिफेंस एक्स्पो ग्राउंड लखनऊ में उत्तर प्रदेश ग्राम उत्कर्ष समारोह आयोजित जा रहा है, जिसमें सूबे के सभी जिलों के प्रधान, सेक्रेटरी व पंचायत सचिव हिस्सा लेंगे। जनपद के सभी ब्लाक मुख्यालयों ने प्रधानों का जत्था लखनऊ के लिए रवाना हुआ। सदर ब्लाक से 200 की संख्या में प्रधानों, सेक्रेटरी व पंचायत सहायकों का दल भी लखनऊ के लिए रवाना किया गया है, जो 15 दिसंबर को कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। जनपद वापसी के बाद वे ग्राम पंचायतों के विकास के क्रम में प्रदेश सरकार की ओर से सुझाए गए नए योजनाओं-परियोजनाओं व कायदे-कानून के मुताबिक कार्य करके विकास को गति प्रदान करने में सहायक की भूमिका अदा करेंगे।
खण्डवारी के खिलाड़ियों ने खेलकूद में दिखाया दमखम
वापसी पर महाविद्यालय में हुआ खिलाड़ियों का सम्मान
Young Writer, चहनियां। खण्डवारी महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की टीम महाविद्यालय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में परचम लहराकर लौटी है। खेलकूद में खिलाड़ियों ने अपने दमखम व सूझबूझ से करी मेडल व शील्ड अपने नाम किया। प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर खिलाडियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल प्राप्त किया। अब ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर के खेलो मे प्रतिभाग करेगे। सभी खिलाड़ीयो को विद्यालय स्तर पर सम्मानित किया गया। उनकी वापसी पर निदेशक डा.आशुतोष सिंह ने खिलाड़ियों की पीठ थपथपाकर हौसला बढ़ाया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता जो सिगरा स्टेडियम (वाराणसी) मे 6-7 दिसम्बर को खेली गयी। उसमें खण्डवारी पीजी कालेज की आनन्द पाण्डेय व निशा यादव चौम्पियन रहे। जो राष्ट्रीय खेल में अब प्रतिभाख करेगे। वही मुसाहिब हुसैन,देवेश पाण्डेय, जितेन्द्र पाण्डेय, अभिषेक विश्वकर्मा, अविनाश ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया है। 8-9 दिसम्बर को एथलेटिक्स से जुडी प्रतियोगिता सरस्वती महाविद्यालय गहनी में आयोजित की गयी, जिसमें जितेन्द्र कुमार 100 दौड मे गोल्ड मेडल, राजीव कुमार हाईजम्प मे गोल्ड मेडल, आशुतोष यादव लांग जम्प मे गोल्ड मेडल, पूजा यादव 100 दौड एव लांग जम्प मे गोल्ड मेडल जीता। इसी प्रकार ममता ने रजत पदक,आरजू ने कास्य पदक,सुमन तिवारी सहीत अन्य खिलाड़ीयो ने भी पदक जीता। इन सभी खिलाड़ियों को मां खण्डवारी देवी ग्रुप आफ कालेज के निदेशक डा. आशुतोष सिंह ने मेडल ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। कहा कि खिलाड़ियों को सम्मानित करने से इनका उत्सवर्धन होता है। बताया कि महाविद्यालय के खिलाड़ी पांच से सात जनवरी को मंगलौर में राष्ट्रीय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान कोच संतोष सिंह, अवनीश कुमार, अजय सिंह, विनोद मौजूद रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्काउट-गाइड ने दिखाया हुनर
Young Writer, चंदौली। जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज में स्काउट और गाइड की ओर से पांच दिवसीय प्रगतिशील प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में जिला कमिश्नर स्काउट व महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य डा.रामचंद्र शुक्ला रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक जय प्रकाश रावत एवं लेफ्टिनेंट सत्यमूर्ति ओझा रहे।
इस दौरान गाइडों के द्वारा तमाम प्रकार के व्यंजनों का निर्माण किया गया एवं टेंट गेट गैजेट रंगोली एवं वन विद्या पर आधारित कलाओं को अपने-अपने दलों में किया। जिला कमिश्नर स्काउट में बच्चों के कार्य को बहुत ही सराहना किया। कहा कि स्काउट गाइड आयोजन में प्रगतिशील प्रशिक्षण का बहुत बड़ा महत्व है यद्यपि स्काउट गाइड कार्यक्रम में प्रगतिशील प्रशिक्षण कराया जाए तो समाज में एक अलग प्रकार की अलख़ जगेगी, जिससे एक स्काउट गाइड स्वयंसेवी का पूर्ण रूप से विकास होगा। स्काउट गाइड सदैव अपनी सेवा से समाज का दिल जीतता है। इस अवसर पर डीओसी सैयद अली अंसारी, अंजू कुमारी, उर्मिला, अंजू, पवन, नीलम एवं प्रशिक्षक के रूप में पूजा यादव रोशनी विश्वकर्मा साधना यादव एवं इशरत परवीन रहीं।











