चंदौली। चकिया क्षेत्र में सीआरपीएफ कैंप के समीप शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक आम के पेड़ पर विशालकाय अजगर दिखाई दिया। पेड़ पर अजगर को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते अजगर को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
अजगर की मौजूदगी की जानकारी होने पर सीआरपीएफ जवानों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। विशालकाय अजगर पेड़ पर काफी ऊंचाई पर था, जिसके कारण उसके रेस्क्यू में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वन विभाग के कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाते हुए अजगर को सुरक्षित नीचे उतारा और अपने कब्जे में ले लिया। अजगर के पकड़े जाने के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वन विभाग की टीम ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद अजगर को सुरक्षित तरीके से घने जंगल में छोड़ दिया। अजगर के जंगल में छोड़े जाने के बाद ग्रामीणों और आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।अजगर के दिखाई देने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। वन विभाग की टीम ने लोगों से अपील की कि जंगल अथवा आबादी के आसपास किसी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके साथ छेड़छाड़ न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें ताकि वन्यजीव को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।

