चंदौली। कंदवा पुलिस स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त टीम ने सोमवार की देर रात मुखबिर की सूचना पर एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। साथ ही मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। बरामद 147 पेटी शराब व बीयर की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर कंदवा थाना के सामने बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कंदवा की ओर से आ रहे ट्रक संख्या UP60BT9648 का चालक कतार से हटकर यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोकते हुए चालक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ट्रक के डाले में लोहे की चादर से बनाए गए विशेष गुप्त चैम्बर से 147 पेटी यानी 1354.8 लीटर अंग्रेजी व देशी शराब तथा बीयर बरामद हुई। इसमें ब्लेंडर प्राइड, 8 पीएम, किंगफिशर बीयर और ब्ल्यू लाइम शामिल हैं। पुलिस ने चालक रिंकू चौहान निवासी हिनौता थाना अहरौरा मिर्जापुर को गिरफ्तार किया।पूछताछ में चालक ने शराब को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की बात बताई। पुलिस ने ट्रक को सीज कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

