चंदौली। यूजीसी आरक्षण बिल वापस लेने की मांग को लेकर सोमवार को सवर्ण समाज के लोगों ने बिछिया स्थित धरनास्थल पर प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में जुटे सवर्ण समाज के लोगों ने सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए बिल को तत्काल वापस लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगे पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धरनास्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अधिवक्ता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष झनमेजय सिंह ने कहा कि यूजीसी बिल सवर्ण समाज के लिए बड़ा अन्याय है। उन्होंने कहा कि चंदौली जनपद में करीब 15 लाख सवर्ण समाज के लोग हैं। ऐसे में पूरे प्रदेश में सवर्ण समाज की संख्या कितनी होगी। इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने सरकार से इस बिल पर पुनर्विचार कर इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। कहा कि प्रस्तावित बिल से सवर्ण समाज के हित प्रभावित होंगे और उनके अधिकारों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाई जा रही है। यदि सरकार ने यूजीसी आरक्षण बिल को वापस नहीं लिया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान सवर्ण समाज के लोगों ने नारेबाजी करते हुए अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।

