चंदौली। जनपद में अचानक आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को हिला कर रख दिया। मौसम के इस अचानक बदले मिजाज के चलते जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली वहीं दूसरी ओर जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नेशनल हाईवे पर आंधी और तेज बारिश के चलते वाहनों की रफ्तार थम गई।

कई जगहों पर वाहन चालकों को मजबूरन अपने वाहन रोकने पड़े तेज हवा के कारण दृश्यता भी कम हो गई। जिससे लोगों को सफर करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आंधी और पानी के कारण लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। बाजारों में भी सन्नाटा पसर गया। और दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं। कई दुकानों के सामने लगे टीन शेड और खंभे तेज हवा के चलते उखड़ गए। जिससे नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं। लगभग एक घंटे तक चली इस तेज आंधी और बारिश के कारण लोगों का दैनिक कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़क पर आवाजाही कम हो गई और लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश में जुटे रहे। हालांकि, मौसम ठंडा होने के बाद जनपदवासियों ने राहत की सांस ली और गर्मी से कुछ समय के लिए छुटकारा मिला।


