चंदौली। मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फोन पर खुद को फर्जी सीओ और एसओ बताकर महिलाओं व बालिकाओं से अभद्रता करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोगवारे गांव निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी महिलाओं को फोन कर पहले खुद को पुलिस अधिकारी बताते थे और फिर अभद्र भाषा का प्रयोग कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। यदि कोई महिला उनका नंबर ब्लॉक कर देती थी, तो वे दूसरे मोबाइल नंबर से कॉल कर परेशान करते थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने बताया कि इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। अभियान के तहत आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

