चंदौली। जनपद में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस ने हत्या व हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में वांछित चल रहे हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध असलहा और कारतूस भी बरामद किए
पुलिस ने बताया कि 21 अप्रैल को थाना अलीनगर क्षेत्र में हुई थी जब एक परिवार कव्वाली कार्यक्रम से लौट रहा था। आरोप है कि कुछ युवकों ने परिवार की महिलाओं पर छींटाकशी की, जिसका विरोध करने पर हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती और उसके साथियों ने पीड़ित पक्ष की गाड़ी पर पथराव किया, मारपीट की और तमंचे से फायरिंग की। इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
23 अप्रैल की रात पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी धर्मेंद्र भारती सकलडीहा थाना क्षेत्र के दीनदासपुर गांव में मौजूद है। पुलिस टीम जब उसे पकड़ने पहुंची। तो उसके रिश्तेदारों ने विरोध किया और आरोपी को शरण देने का प्रयास किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके रिश्तेदारों के खिलाफ भी सरकारी कार्य में बाधा डालने व अपराधी को शरण देने का मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की और उसे घायल कर दिया। पूछताछ में धर्मेंद्र भारती ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित पक्ष को सबक सिखाने के लिए हमला किया था। आरोपी पर हत्या, लूट, गैंगस्टर समेत करीब 40 मुकदमे दर्ज हैं।

