चंदौली। नगर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और व्यापारियों व आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय ने पुलिस टीम के साथ बुधवार को नगर क्षेत्र में पैदल गश्त किया। पुलिस टीम ने प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस ने दुकानदारों और व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। कोतवाल ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। बाजार में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ भी की। वहीं अराजकतत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया गया कि नगर में शांति एवं कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय ने कहा कि व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। नगर में नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी जारी रहेगी। उन्होंने व्यापारियों से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पैदल गश्त से बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास नजर आया।

