चंदौली। जनपद में लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले वाले आठ अंतरराज्यीय चोरों को मुगलसराय पुलिस स्वाट व सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर धर दबोचा जिनके कब्जे 3.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, दो लैपटॉप, एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर सहित चोरी में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा और चोरी के रुपये से खरीदी गई वेन्यू कार बरामद की है। उक्त मामले का खुलासा बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने पुलिस लाइन सभागार में किया।
उन्होंने बताया की गिरोह के सदस्य दिन में बंद और सूने मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में ताला तोड़कर घरों में घुसकर नकदी व कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी के सामान और रुपये को आपस में बांट लिया जाता था। पूछताछ में आरोपितों ने मुगलसराय, चंदौली और बलुआ थाना क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस सूचना मिली कि इंडियन इंस्टीट्यूट नाच घर के पास सफेद रंग की वेन्यू कार और ऑटो रिक्शा के पास कुछ संदिग्ध लोग चोरी के माल के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे हैं। सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर आठों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में प्रशांत सोनी उर्फ बाबू सेठ, विशाल भारती, रहमान उर्फ आंखी, राजेश सिंह, अनिल गुप्ता, दीपक जायसवाल उर्फ रवीन्द्र कुमार जायसवाल, तुषार वर्मा और लकी जायसवाल शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक कई आरोपितों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। टीम में मुगलसराय थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, स्वाट प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, सर्विलांस टीम तथा थाना पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे

