चंदौली। आगामी डाला छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को सदर कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपजिलाधिकारी सदर क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र रावत एवं प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह ने क्षेत्र के गणमान्य लोगों, पूजा समितियों के सदस्यों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ त्योहार की तैयारियों पर चर्चा की।
इस दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि छठ पूजा के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है, ऐसे में सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है।
बैठक में घाटों की साफ-सफाई और स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग तथा प्रशिक्षित गोताखोरों एवं तैराकों की तैनाती पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा घाटों पर रस्सी, ट्यूब, लाइफ जैकेट और नाव की पर्याप्त व्यवस्था करने के साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से जरूरी सूचनाएं प्रसारित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। उन्होंने सभी लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने तथा किसी भी समस्या या अफवाह की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को देने की अपील की।

