चंदौली। आगामी दीपावली और धनतेरस पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर नगर सहित प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
सदर कोतवाली प्रभारी त्रिवेणी सिंह भारी पुलिस बल के साथ नगर में भ्रमणशील रहे। उन्होंने बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों और अराजकतत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। त्योहार के मद्देनजर नगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और नुक्कड़ों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। पुलिस की सक्रियता से असामाजिक तत्वों में खलबली मची हुई है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि त्योहार को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

