चंदौली। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के प्रीतमपुर गांव में बुधवार को पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के नेतृत्व में पीडीए जनचौपाल संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पीडीए समाज के लोग जुटे। मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याएं चरम पर हैं। सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के पास डिग्रियां हैं। लेकिन रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं। भाजपा सरकार के कार्यकाल में संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण पर खतरा मंडरा रहा है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए लोगों से सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील की। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि भाजपा सरकार में गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ ठीक से नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के हिस्से का राशन भी उन्हें पूरी तरह उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में युवाओं के लिए सेना भर्ती सहित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाता था। जबकि भजपा सरकार में युवा नौकरी के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी का असर सीधे गरीब, किसान और युवाओं पर पड़ रहा है। जनचौपाल में वक्ताओं ने पीडीए समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय और रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, रामजन्म यादव, हरदेव कुशवाहा, अजय मौर्या, संतोष उपाध्याय, वीरेंद्र बिंद, सुधाकर कुशवाहा, मनीलाल मौर्या, छाया गोंड़ सहित सैकड़ों की संख्या में नेता मौजूद रहे।

