चंदौली। शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे चाचा-भतीजे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बिहार के कर्मनाशा में शनिवार की देर रात हुए इस हादसे में दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही घोसवां गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।कंदवा थाना क्षेत्र के घोसवां गांव निवासी स्व. विजय बहादुर सिंह के 28 वर्षीय पुत्र अभिमन्यु सिंह उर्फ मोनू अपने 18 वर्षीय भतीजे प्रिंस सिंह के साथ रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिझुआ कलानी गांव निवासी दिनेश सिंह की भतीजी की शादी कुल्हड़ियां स्थित एक लॉन में आयोजित थी। समारोह संपन्न होने के बाद दोनों शनिवार की देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। अभी वे बिहार के कर्मनाशा स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास पहुंचे ही थे कि उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंची बिहार पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कैमूर (भभुआ) भेज दिया। बताया जाता है कि अभिमन्यु की शादी छह वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी एक पुत्री है, जबकि प्रिंस अविवाहित था। दोनों की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

