चंदौली। जनपद में बृहस्पतिवार को हस्तशिल्प और निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ की गई। विभिन्न प्रतिष्ठानों, बिजली उपकेंद्रों और सार्वजनिक स्थानों पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा की गई। इस दौरान पूरे दिन धार्मिक आयोजनों से माहौल भक्तिमय बना रहा। चंदौली मझवार रेलवे स्टेशन परिसर में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद बिरहा कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन हुआ। बिरहा सुनने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से देर रात तक लोगों का मनोरंजन किया। वहीं भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसी क्रम में सदर बिजली उपकेंद्र पर भी अवर अभियंता प्रमोद यादव के नेतृत्व में बिजली कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा की। उपकेंद्र परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूजा-अर्चना के बाद कर्मचारियों ने प्रसाद वितरण किया। भक्ति गीतों के बीच कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा से विद्युत व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। जनपद के अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों और कार्यस्थलों पर भी पूजा कार्यक्रम आयोजित किए गए।

