चंदौली। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151 वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने परिक्षेत्रीय कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान डीआईजी ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर नमन किया।
कार्यक्रम में डीआईजी वैभव कृष्ण ने उपस्थित सभी शाखा प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आंतरिक सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प भी दिलाया। इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और देशी रियासतों के एकीकरण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति का उल्लेख करते हुए डीआईजी ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने और देश की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
इनसेट—–
एसपी आकाश ने पुलिसकर्मियों को शपथ
चंदौली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय समेत जिले के सभी थानों और चौकियों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस लाइन चंदौली में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सरदार पटेल के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया। एसपी ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और दृढ़ नेतृत्व से देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। उनकी जयंती हमें राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

