चंदौली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर प्रदेश में बंद पड़े 26 हजार स्कूलों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने हल्ला बोल शुरू कर दिया है। शनिवार को सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ककरही गांव पहुंचे और करीब एक वर्ष से बंद पड़े विद्यालय का जायजा लिया। और “सुनो पाठशाला की पुकार, सरकारी शिक्षा को बचाएगी समाजवादी सरकार” का नारा बुलंद किया। उन्होंने स्कूल बंद होने को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उनके कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही बीएसए के निर्देश पर शिक्षक पहुंचे और बच्चों को बुलाकर शिक्षक दिवस का कार्यक्रम कराया गया।विद्यालय में शिक्षक पहुंचे तो पूर्व विधायक ने उनका सम्मान किया। इसके साथ ही उन्होंने स्कूली बच्चों को कॉपी, किताब, पेन और पेंसिल वितरित कर पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया। मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि बच्चे पढ़ना चाहते हैं। लेकिन भाजपा में शिक्षा व्यवस्था पुरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। शिक्षा को मजबूत करने के बजाय सरकार जगह-जगह शराब की दुकानें खोलवा रही है। आरोप लगाया कि लंबे समय से स्कूल बंद रहने से गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। सपा कार्यकर्ताओं का हल्ला बोल कार्यक्रम शुरू होते ही बंद विद्यालय को खोलना इस बात का प्रमाण है। कि सरकार और प्रशासन जनता की आवाज को नजरअंदाज नहीं कर सकता। स्कूल बंद करने वाली सरकार को अब जनता उखाड़ फेंकने का काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद पड़े 26 हजार स्कूलों को दोबारा खुलवाने और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए। इस दौरान “सुनो पाठशाला की पुकार, सरकारी शिक्षा को बचाएगी समाजवादी सरकार” का नारा बुलंद किया गया। इस दौरान रामजनम यादव, हरदेव मौर्य, राजनाथ सिंह, बृजेश प्रधान, रामदुलारे यादव, भैरव खरवार, रमेश यादव, पप्पू शर्मा, भागवत गोंड, दयाराम, जगमेंद्र, फौजदार राम, केदार प्रसाद, ओमप्रकाश खरवार, अशोक कुमार सिंह, गामा यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अमरनाथ यादव ने की। संचालन संतोष उपाध्याय ने किया।

