चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के प्रीतमपुर गांव में रविवार को हैंडपंप की मरम्मत के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई वही तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौक़े पर जुटे जुटे आस पास के ग्रामीणों ने तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहा एक कि हालत चिंताजनक देख चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। बाकी दो का इलाज़ जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मजदूर के शव को कब्जे में कर कार्यवाई में जुट गई है।
बताते हैं कि प्रीतमपुर गांव में हैंडपंप खराब होने के बाद मजदूर पिंटू अपने सहयोगी दिल मोहम्मद तथा हैंडपंप मालिक रामकृष्ण मौर्य अपने पुत्र रमेश के साथ पाइप निकाल रहे थे। इसी दौरान पाइप ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार से संपर्क में आ गया। तार के संपर्क में आते ही चारों लोग करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह सभी को विद्युत तार से अलग कराया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने इलाज़ के दौरान पिंटू को मृत घोषित कर दिया। रामकृष्ण की हालत चिंताजनक देख वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। दिल मोहम्मद और रमेश का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है। आरोप है कि आबादी क्षेत्र से गुजर रहे हाईटेंशन तार को हटाने के लिए विभागीय अधिकारियों से कई बार मांग की गई थी, लेकिन शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। इस बाबत थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई है। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

