धनतेरस पर्व पर मुगलसराय में पचास करोड़ की ज्वेलरी की हुई खरीद
Young Writer, DDU Nagar: धनतेरस पर बाजार में सोने चांदी के गहने और चांदी के सिक्कों की खरीददारी के लिए सोमवार को आभूषणों की दुकान पर खरीदारों की भीड़ जुटी। दोपहर बाद से देर रात तक दुकानों पर खरीद-फरोख्त होती रही। पूरे जिले में करीब पचास करोड़ रुपये के गहनों की खरीद हुई। दुकानदारों ने गहनों के निर्माण में लेबर छूट, सोने चांदी पर दस प्रतिशत तक की छूट दे रखी थी। नगर की पहचान रेल कर्मियों से भी है। रेलकर्मियों को दीपावली के पूर्व बोनस मिलता है। इसको भुनाने के लिए दुकानदारों ने पहले से तैयारी कर रखी थी। नगर के धर्मशाला रोड, परमार कटरा सहित अन्य इलाकों में आभूषण की दुकानों को सजाया गया। यहां दोपहर बाद खरीददारों की भीड़ जुटी।दुकानों पर सर्वाधिक बिक्री चांदी के सिक्कों की रही। लोग विक्टोरिया और जार्ज सिक्के खोजते नजर आए। गणेश लक्ष्मी बने चांदी के सिक्के भी लोगों की पसंद रहे। महिलाओं ने जोधा अकबर, पद्मावत फिल्मों की तर्ज पर बने गहनों की डिमांड की।
Young Writer, Diwali 2024 News: जनपद चंदौली के छोटे-बड़े सभी बाजार में मोटा मुनाफा कमाने के चक्कर में दुकानदार से लेकर नामी गिरामी कंपनियां मिलावट करने बाज नहीं आ रही है। बाजार में ज्यादा रुपए खर्च करने के बाद भी लोगों को सही समान नहीं मिल पा रहा है। एक अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 तक खाद्य विभाग की ओर से खोवा, पनीर, दाल, आटा, नमकीन जैसे तमाम समानों के 182 सैंपल लिए गए। जिसमे से 115 सैंपल जांच में फेल हुए है। इतने बड़े पैमाने पर सैंपल का फेल होना बाजार में बिकने वाले समानों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रहा है।
दिन प्रतिदिन बढ़ती महंगाई के बीच लोग अपने परिवार के लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के उन्हें अच्छा खाद्य पदार्थ खिलाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे है, वही दूसरी तरफ मुनाफाखोर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रहे है। तमाम जांच के बाद भी मुनाफाखोर बड़े मुनाफे के चक्कर में मिलावट का कारोबार धडल्ले से कर रहे है। जिले में कार्यरत खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन की ओर से एक अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 तक विभिन्न खाद्य सामग्रियों के 182 सैंपल लिए गए। जांच बाद इसमें से 115 सैंपल फेल हो गए है। सभी फेल हुए सैंपल के बाबत मुकदमे की कार्रवाई विभाग की ओर की गई है। इसमें 110 मामले से संबंधित बाद एडीएम कोर्ट में चल रहे है जबकि 05 मामले सीजेएम कोर्ट में विचाराधीन है।
धनतेरस पर्व पर चंदौली बाजार में बर्तन आदि की खरीद करते लोग।
बाजार में उमड़े खरीदार तो लौटी रौनक, जमकर खरीदे गए लक्ष्मी-गणेश Young Writer, चंदौली। जनपद में धनतेरस का पर्व मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बाजार में खरीदारी की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने पुरानी पम्पराओं का निर्वहन करते हुए सोने-चांदी के आभूषण व घर-गृहस्थी के सामान व बर्तन आदि की खरीदारी की। साथ ही इलेक्ट्रानिक्स गुड्स और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों आदि की खरीद की। इस दौरान ग्राहकों की भीड़ उमड़ी तो बाजार की रौनक एक बार फिर लौट बढ़ती महंगाई के बावजूद लोगों ने अपनी-अपनी आवश्यकता के अनुसार सोने-चांदी के सिक्के, गणेश-लक्ष्मी व बर्तन आदि की देर रात तक खरीदारी का क्रम बना रहा।
धनतेरस पर्व पर चंदौली बाजार में बर्तन आदि की खरीद करते लोग।
मंगलवार को धनतेरस पर्व पर जनपद के छोटे-बड़े सभी मार्केट में रौनक देखने को मिली। खासकर बर्तन व घर-गृहस्थी के सामान के साथ ही सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के व अन्य जरूरी सामान की ग्राहकों ने खरीद की। दोपहर बाद बाजार में भीड़ बढ़ी तो देर शाम तक बाजार में रौनक बनी रही।
धनतेरस पर्व पर चंदौली बाजार में बर्तन आदि की खरीद करते लोग।
इस दौरान चंदौली नगर के चांदनी मार्केट में बर्तन व आभूषण की दुकानों पर भीड़ रही। वहीं रंग-बिरंगे झालरों, दीया व मोमबती की खरीदारी किया। सुरक्षा के मद्देनजर जगह पुलिस बल तैनात रही। साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों में बैरिकेट लगाकर बड़े वाहनों की आवाजाही रोक दी गयी थी, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न होने पाए। चंदौली स्थित चांदनी मार्केट में खरीदारों की भीड़ उमड़ने से देर रात तक बाजार गुल्जार रहा।
चंदौली बाजार में धनतेरस पर आभूषण की खरीद करती महिलाएं।
जबरदस्त भीड़ के कारण लोगों को पैदल चलने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यह सिलसिला देर रात तक अनवरत जारी रहा। इस दौरान टीवी से लगायत वाशिंग मशीन आदि की खरीद की। उधर, दूसरी ओर दीपावली पर्व पर गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमाओं के साथ ही मिट्टी के दीयों की बाजार सजा हुआ नजर आया। अबकी बार मिट्टी के दीयों के प्रति लोगों का आकर्षण कुछ हद तक बढ़ा है, जो कुम्हारों के लिए सुखद प्रतीत हो रहा है। दुकानदार रिन्कू सोनकर ने बताया कि पचास रुपये से लेकर 1000 रुपये तक की मूर्तियां बाजार में उपलब्ध है। लोग अपनी आवश्यकतानुसार मूर्तियों की खरीद कर रहे हैं। खरीद के प्रति लोगों में उत्साह दिख रहा है, लेकिन महंगाई से बाजार में मायूसी छाई हुई है।
DM Chandauli निखिल टीकाराम फुंडे ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट में की बैठक
Young Writer, चंदौली। जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे की अध्यक्षता में विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2025 की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। इस दौरान डीएम ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को आयोग द्वारा जारी पुनरीक्षण कार्यक्रम को पढ़कर सुनाया गया तथा उन्हें इसकी प्रतियाँ उपलब्ध करायी गयी।
जिलाधिकारी ने प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2025 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण हेतु निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 29 अक्टूबर 2024 को किया जायेगा। 29 अक्टूबर से 28 नवम्बर तक दावे व आपत्तियां प्राप्त की जायेगी। आयोग द्वारा उक्त अवधि में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ स्तर एजेण्टों द्वारा दावे और आपत्तियां प्राप्त करने हेतु कुल 04 विशेष अभियान की तिथि 09 नवम्बर, 10 नवम्बर एवं 23 व 24 नवम्बर, 2024 निर्धारित की गयी है।
विशेष तिथियों को छोड़कर शेष दिनों में बूथ स्तर अधिकारियों द्वारा घर-घर सत्यापन का कार्य किया जायेगा। बीएलओ द्वारा घर-घर सत्यापन के दौरान आश्रयहीन, घुमन्तू, बंधुआ मजदूरों, विकलांग आदि व्यक्तियों का पात्रतानुसार मतदाता सूची में नाम शामिल किये जाने की कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों को दावे व आपत्तियों के सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि प्रकाशन अवधि में जो व्यक्ति 01 जनवर, 2025 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं या पूर्ण कर चुके हैं तथा अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है वे अपना आवेदन फार्म-6 प्राप्त कर मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं।
यदि अपरिहार्य कारणों से फार्म-6, 7, 8 ऑफलाइन फार्म नहीं भर सकते है तो ऐसी स्थिति में आनलाइन वेबसाइट पर लॉगिन कर आवेदन कर सकते है। बैठक में ई पी रेशियों, जेण्डर रेशियों के बारे में विस्तार से चर्चा की गयी तथा ऑनलाइन फार्म भरे जाने हेतु विशेष जोर दिया गाय तथा जनपद में नियुक्त किये गये बीएलओ के विभागवार आंकड़े उपलब्ध कराये गये।
Young Writer, नौगढ़। जिलाधिकारी के निर्देश पर कस्बा नौगढ बाजार में अवैध रूप से संचालित आरव डायग्नोस्टिक सेंटर को उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर की मौजूदगी में डिप्टी सीएमओ संजय कुमार सिंह ने सील कराया। उपजिलाधिकारी ने बताया कि बीते दिनों तहसील नौगढ में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर कस्बा बाजार में अवैध रूप से संचालित आरव डायग्नोस्टिक सेंटर की शिकायत प्राप्त हुआ था। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टीम ने सोमवार को मौके पर पहुंच कर के डायग्नोस्टिक सेंटर संचालित किए जाने संबंधी कागजातों की मांग किया। जिसे संचालक ने नहीं दिखा पाया। डायग्नोस्टिक सेंटर को सील किए जाने की कार्रवाई की गई है।
चंदौली। नगर में बंदरों के आतंक से नगरवासी में दहशत का माहौल हो गया है। नगर में प्रतिदिन बंदरो का झुंड महिलाओं व बच्चों को काट कर घायल कर दे रहे हैं। जिससे लोग भयभीत हो जा रहे हैं। बंदरो को पकड़े के लिए नगर पंचायत व जिला प्रशासन की तरह से कुछ महीने पहले पिजड़ा लगता गया था। लेकिन टीम बंदरों को पकड़ने में नाकाम रही। इससे नगरवासियों में रोष व्यक्त है। दरअसल कही से भाग कर आए बंदरों ने नगर में अपना डेरा बना लिया है। और दीन प्रति दिन उनकी संख्या बढ़ती ही जा रही है। बंदरों के झुंड दर्जनों की संख्या में नगर में व लोगो की छतों पर विचरण करते हैं। और बच्चों व महिलाओं को अपना शिकार बना लेते हैं। वहीं छत पर पड़े गेंहू कपड़े व अन्य सामानों को भी बर्बाद कर देते हैं। यही नही कपड़ो को उठा कर भाग जाते हैं। इससे लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। वही छत के रास्ते से लोगों को घर में घुसकर किचन में प्रवेश कर जाते हैं। और फ्रिज के साथ किचन में रखे सारे सामान को नष्ट कर देते हैं। और लोगों द्वारा चिल्लाने पर उनको काटने के लिए दौड़ा रहे हैं। जिससे लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो जा रहे हैं
चंदौली। खुशी की उड़ान संस्था की तरह से समाज सेविका सारिका दुबे ने रविवार को धुस गांव में गरीबों पिछड़ो एचआईवी पीड़ित के बीच जाकर दीपावली की खुशियां बाटी और उनको नए वस्त्र भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दी। जिससे लोगो को चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने कहा कि दिवाली आते ही जहां लोग अपनी शौख और ज़रूरतें पूरी करने में लग जाते हैं। वही समाज का एक वर्ग इस सोच में रहता है। कि घर में दिए कैसे जलाएंगे। और साथ ही महिलाओं और बच्चियों में यह जिज्ञासा होती है। कि वह नए वस्त्र और आभूषण पहनकर सज धज कर मां लक्ष्मी के आगमन का इंतजार करें। परंतु जिम्मेदारियां और अभाव उनके इस खुशियों पर पानी फेर देता है। ऐसे ही कुछ लोगों के मन की इस पीड़ा को दूर करने के लिए 300 लोगो मे नए वस्त्र भेंट किया गया है। की ताकि यह दिवाली उनकी खुशहाली भरी दिवाली बनी रहें। इस दौरान श्रीधर दुबे, अन्नपूर्णा दुबे, कृतिका दुबे, रितिक कुमार, चितेश्वर सेठ, विशाल कुमार सम्मिलित रहे।
चंदौली। आदर्श नगर पंचायत की ओर से नगर के प्रमुख मार्ग के सड़कों को सुधारने के लिए दो करोड़ 25 लाख रुपये की धनराशि और मुक्त हुई है। इससे के प्रमुख मार्ग जिला जज के आवास से लेकर संतोषी माता मंदिर तक निर्माण कार्य होगा। जिसके चलते नगर वासियों के साथ-साथ नगर आने वाले लोगों को राहत मिलेंगी। नगर पंचायत की माने तो जल्द ही नगर के प्रमुख सड़कों का निर्माण कर शुरू हो जाएगा। जिससे आम जन जीवन को राहत मिलेगी। आदर्श नगर पंचायत चंदौली में जर्जर हो चुके सडको को दुरुस्त किया जाएगा। जिसकी रूप रेखा नगर पंचायत ने तैयार कर लिया है। जल्द ही नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील यादव गुड्डू व अधिशासी अधिकारी पूजा परिहार द्वारा जर्जर सड़को का निरीक्षण कर कार्य शुरु कर दिया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील यादव गुड्डू ने बताया कि चांदनी मार्केट व जिला जज आवास से लेकर संतोषी माता मंदिर तक पुरानी सड़को को तोड़कर नाली के साथ नए सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही मठ वाली गली से पुरानी बाज़ार तक सीसी रोड बनाया जाएगा। वही वार्ड नंबर सात किदवई नगर में स्थित मौर्य बस्ती में जर्जर हो चुके सड़क को भी सीसी रोड बनाया जाएगा। इसके साथ महेंद्र टेक्निकल कालेज से सामने आवास पर जा रहे सड़क को सीसी रोड बनाया जाएगा। वही इलिया रोड से शंकर मोड़ तक नाली निर्माण का कार्य कराया जाएगा। जिससे लोगों की आवागमन के लिए कठिनाइयों का सामना नही करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नगर की सड़कों को साफ व सुरक्षित रखना नगर पंचायत का दायित्व है। जल्द ही इस जर्जर सड़को का निरीक्षण किया जाएगा। और इन पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इसके निर्माण से नगर के प्रमुख सड़कों को दुरुस्त कर दिया जाएगा। जिससे नगर ही नहीं उक्त मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
चंदौली। हाईकोर्ट इलाहाबाद में चंदौली के प्रशासनिक जज नलिनकांत श्रीवास्तव शनिवार को जनपद दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने मुख्यालय स्थित डाक बंगले पर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दरम्यान चंदौली के अधिवक्ताओं ने जिला न्यायालय निर्माण के मुद्दे को एक बार फिर प्रशासनिक जज के समक्ष उठाया और तत्काल इसके निर्माण की आवश्यकताओं पर बल दिया। साथ ही अधिवक्ताओं ने जिला न्यायालय भवन निर्माण की प्रगति जाननी चाही। डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के महामंत्री झन्मेजय सिंह ने कहा कि तमाम संघर्षों के बाद भी न्यायालय निर्माण में लगातार बाधाएं पैदा की जा रही है, जिससे अधिवक्ता व वादकारियों को प्रतिदिन तमाम तरह की दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान प्रशासनिक जज द्वारा चंदौली के अधिवक्ताओं को बताया गया कि प्रस्तावित जिला न्यायालय भवन के मानचित्र में पार्किंग को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आपत्ति लगाई गयी है, जिसकी वजह से निर्माण में विलंब हो रहा है। इसमें हाईकोर्ट के स्तर से प्रयास निरंतर जारी है, ताकि आपत्ति का निस्तारण कराकर जिला न्यायालय निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जा सके। महामंत्री झन्मेजय सिंह ने कहा कि पूर्व में भी कई बार शासन के स्तर पर मानचित्र का परीक्षण किया जा चुका है। धन आवंटन भी हो चुका है। पूर्व में अधिवक्ताओं को यह जानकारी दी गयी कि शासन-प्रशासन स्तर से कोई भी प्रक्रिया लंबित नहीं है। आरोप लगाया कि जान-बूझकर चंदौली के प्रगति को बाधित करने की नियत ने कुछ तथाकथित उच्च अधिकारी इस मामले को लंबित कर रहे हैं, जो कहीं से भी उचित नहीं है। ऐसे में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का यह दायित्व बनता है कि जल्द से जल्द शासन स्तर पर लगी हुई आपत्ति को निस्तारित कराकर न्यायालय निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं। अधिवक्ता समाज की यही मांग है। कहा कि अधिवक्ताओं के लम्बे संघर्ष के बाद न्यायालय का मुद्दा यहां तक पहुंचा है। बावजूद इसके अब जानबूझ कर स्थगित करने का षड्यंत्र हो रहा है। यदि जल्द मामले में सार्थक पहल नहीं हुई तो जनप्रतिनिधियों के साथ ही सरकार को अधिवक्ताओं का विरोध झेलना पड़ेगा। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार अध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सिविल बार एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश रत्न तिवारी, हरेंद्र प्रताप सिंह, अनिल कुमार सिंह, संतोष सिंह, पंचानन पांडेय, महेंद्र यादव, योगेश सिंह लड्डू, अभिनव आनंद सिंह आदि उपस्थित रहे।
चंदौली। जिला मजिस्ट्रेट निखिल टीकाराम फुंडे ने दीपावली पर्व समेत तमाम महत्वपूर्ण पर्व व आगामी परीक्षाओं को देखते हुए जनपद में धारा-163 लागू कर दी है, जो आगामी 16 दिसंबर तक प्रभारी रहेगा। डीएम चंदौली ने शान्ति, जनसुरक्षा के हित एवं भयमुक्त वातावरण में आगामी परीक्षाओं एवं पर्वों को सकुशल शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए जनपद के सम्पूर्ण क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जनपद में धारा-163 लागू किया है। इस दौरान कोई भी व्यक्ति सम्पूर्ण जनपद में लाठी-डंडा, स्टिक अथवा नुकीले एवं धारदार शस्त्र जैसे तलवार, भाला, बल्लम, भुजाली, छूरी-चाकू आदि किसी प्रकार का अस्त्र अथवा ऐसे किसी विस्फोटक पदार्थ, विनाशकारी आपत्तिजनक सामग्री जैसे पटाखा आदि अपने पास नहीं रखेगा एवं अवैध शस्त्र धारण करके नहीं चलेगा तथा कोई आक्रामक पदार्थ जैसे इंट-पत्थर आदि के टुकडे एकत्रित नहीं करेगा। इस प्रतिबंध से मजिस्ट्रेट, पुलिसकर्मी तथा ड्यूटी पर शस्त्र धारण करने वाले अधिकारी व कर्मचारी, सिक्ख एवं गोरखा जाति के व्यक्ति, जो प्रथा के अनुसार हथियार रखने हेतु अधिकृत है एवं लाठी का सहारा लेकर चलने वाले वृद्ध, दृष्टीहीन व दिव्याग व्यक्ति मुक्त होंगे। कहा कि सार्वजनिक स्थान पर पाँच या पाँच से अधिक व्यक्ति एक साथ एकत्रित नहीं होंगे, न ही समूह में विचरण करेंगे। यह आदेश परम्परागत धार्मिक उत्सवों, धार्मिक स्थल, मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च पर लागू नहीं होगा। कोई भी व्यक्ति जनपद के सीमान्तर्गत मादक द्रव्यों का प्रयोग करके जनसाधारण में अश्लील, अभद्र व्यवहार करते हुए विचरण नहीं करेगा। ना ही आपत्तिजनक बैनर, पोस्टर, पम्पलेट लगायेगा और न ही आपत्तिजनक उत्तेजनात्मक नारेबाजी करेगा, जिससे जन साधारण में अशान्ति पैदा हो। कोई भी जुलूस व सभा का आयोजन एवं लाउडस्पीकर अथवा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग किसी सार्वजनिक स्थान पर सम्बन्धित एसडीएम की अनुमति के बिना नहीं किया जाएगा। आदेश का उल्लंघन दंडित अपराध होगा।