चंदौली। सकलडीहा कस्बा के 35 वर्षीय मुख्तार हाशमी और मैढी गांव निवासी शाहिद हाशमी की शनिवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों युवक शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए भदोही जनपद के कटरा जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताते है कि सकलडीहा कस्बा निवासी मोहम्मद शहाबुद्दीन हाशमी के पुत्र मुख्तार हाशमी की शादी धरौली चौकी क्षेत्र के मैढी गांव निवासी फिरोज की पुत्री रानी से हुई थी। मुख्तार के दो पुत्र आफताब और मेहताब हैं। बताया गया कि रानी के भाई राजू की शादी आगामी 7 जून को होनी है। इसी सिलसिले में शनिवार को मुख्तार हाशमी अपनी लूना बाइक से मैढी गांव पहुंचे थे। वहां से अपने रिश्तेदार शाहिद हाशमी के साथ भदोही जनपद के गोपीगंज थाना क्षेत्र के कटरा गांव निमंत्रण देने के लिए निकले थे। रात करीब 9:30 बजे भट्ट पुरवा गांव के पास उनकी बाइक डंपर की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल ज्ञानपुर भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी हुई है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
शादी का कार्ड बांटने जा रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत
Chandauli:प्रेम में टूटा युवक बलुआ पुल से गंगा में कूदा,बाइक पर मिला‘पूजा’नाम का बेवफाई पत्र
चहनियां। बलुआ पुल से प्रेम में घायल अज्ञात युवक ने शुक्रवार की देर रात को अपनी बाइक खड़ी करके गंगा में छलांग लगा लिया। घटना को देख मौक़े पर मौजूद लोगो के हड़कंप मच गया। मौक़े पर मौजूद लोगो ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।सूचना पर पहुची पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल किया इस दौरान युवक के बाइक पर पूजा लिखा बेवफाई का लेटर मिला है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर कार्यवाही में जुट गई है।
दरसल एक युवक बाइक से गंगा पुल पर पहुचा और अपनी बाइक को किनारे लगाकर अपनी जेब से पर्स निकाला और बाइक पर रखकर गंगा में छलांग दिया। घटना को देख पीछे से आ रहे लोगों में हड़कंप मच गया। उन्होंने घटना की जानकारी बलुआ पुलिस को सूचना दी। सूचना पर घटनास्थल पर पहुचे बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने पहुँचकर प्राइवेट गोताखोर की सहायता से युवक की खोजबीन किया लेकिन सफलता हाथ नही लगी। उन्होंने ने बाइक और पर्स को कब्जे में ले लिया इस दौरान उन्होंने बताया कि वाहन के नम्बर से युवक का पता लगाया जा रहा है। पर्स में जो लेटर मिला है। उसमें पूजा पूजा लिखा है यह प्रेम प्रंपच का मामला लग रहा है।
Chandauli:कॉलेज के लिए निकली छात्रा तीन दिन से लापता,परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
चंदौली में एक छात्रा के अचानक लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। वार्ड नंबर दो शास्त्री नगर निवासी अरुण कुमार की बेटी मीनाक्षी कुमारी तीन दिन पहले घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन अब तक वापस घर नहीं पहुंची। मीनाक्षी अभिषेक नर्सिंग कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई करती है।
परिजनों के अनुसार, रोज की तरह मीनाक्षी कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है। पुलिस छात्रा की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस बाबत सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय ने बताया कि पिता के तहरीर पर गुमशुदगी का रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। छात्रा की तलाश की जा रही है।
Chandauli:तेज आंधी-तूफान बना आफत,दीवार और पेड़ गिरने से दो की मौत,दर्जनों घायल
चकिया। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम आए तेज चक्रवर्ती आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। अलग-अलग स्थानों पर दीवार और पेड़ गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
शिकारगंज कस्बे में 58 वर्षीय गुलाब अपनी पत्नी निराशा देवी (52) के साथ घर में बैठे थे। इसी दौरान तेज आंधी के दबाव से कच्ची दीवार अचानक भर भराकर गिर पड़ी। मलबे में दबने से गुलाब की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने सड़क पर पेड़ गिर जाने के बावजूद किसी तरह दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गुलाब को मृत घोषित कर दिया। वहीं करवदिया गांव में तेज तूफान के दौरान रास्ते से गुजर रही प्रभावती देवी (62), पत्नी नंदू, के ऊपर अचानक पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तेज आंधी और बारिश के कारण क्षेत्र के कई गांवों में पेड़ उखड़ गए तथा कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा। हादसों में मंजू देवी (42) निवासी भिषमपुर, जैनुद्दीन (45) निवासी गोगहरा, रामबली निवासी बलिया कला, रजौला देवी (60) निवासी गरला, बहादुर (30) निवासी मुस्तफापुर, आंचल (20) निवासी पचपेड़िया, उर्मिला देवी (60) निवासी इमलिया, राम प्रसाद (62) निवासी गरला, नूर मोहम्मद (40) निवासी बुडवल, आर्यन (15), अरुण (27) निवासी पचफेडिया, दिवाकर मौर्य (74) निवासी भिषमपुर, शिवलाल (30) निवासी वार्ड नंबर-1 तथा ज्योति (8) निवासी केराडीह सहित कई लोग घायल हो गए। जिनका इलाज चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय में चल रहा है। थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजे जाएंगे।
जिला पंचायत सदस्य ने कोचिंग क्लासेस का किया उद्घाटन
चंदौली। नगर के शंकर मोड़ स्थित एक निजी मकान में छात्र-छात्राओं के लिए 12वीं तक की पढ़ाई हेतु एआरसी कोचिंग क्लासेस का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव ने फीता काटकर संस्था का शुभारंभ किया।
रमेश यादव ने कहा कि शिक्षा ही सफलता का सबसे बड़ा माध्यम है और ऐसी संस्थाएं ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने संस्था के डायरेक्टर अखिलेश यादव का विशेष आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। साथ ही विश्वास जताया कि एआरसी संस्था से जुड़ने वाले बच्चों का भविष्य निश्चित रूप से उज्ज्वल होगा। इस अवसर पर संजय यादव, सदानंद यादव, अवधेश मौर्य एवं जनाब शमसुद्दीन अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Chandauli:यथार्थ नर्सिंग कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस
चंदौली। झांसी गांव स्थित यथार्थ नर्सिंग कॉलेज एवं पैरामेडीकल इंस्टीट्यूट में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल, कॉलेज संरक्षक डॉ. धनंजय सिंह निदेशक डॉ. दिव्यांगी सिंह, वाइस चेयरमैन डॉ. शुभम सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान प्रिंसिपल डॉ. जेनेट जे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए नर्सिंग की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। वही कालेज के छात्र-छात्राओं ने नर्सिंग सेवा रोगियों की देखभाल और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी सांस्कृतिक एवं शैक्षिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि रमेश जायसवाल ने कहा कि नर्सिंग मानव सेवा का सर्वोच्च रूप है। और कोविड महामारी ने नर्सों की अहम भूमिका को पूरी दुनिया के सामने उजागर किया।

डॉ. धनंजय सिंह, डॉ. दिव्यांगी सिंह और डॉ. शुभम सिंह ने छात्रों को सेवा भावना अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रो. प्रदीप सिंह, फैकल्टी प्रो. धर्मेंद्र सिंह, आकृति यादव, रिंकू मौर्य, अनुराधा प्रजापति, वंदना पाठक, अर्चना राज, स्नेहलता, रीता पाल, प्रियंका दुबे, इंदु पाल, सोनिका, अंजली पाल, आरती चौहान, आंचल, गजाला,खुशी यादव ,विजयलक्ष्मी, अभिनव यादव, नेहा भारती, प्रीति सिंह, अंकिता, नेहा पटेल, निक्की मिश्रा, अंशु आदि मौजूद रहे।
समस्याओं को लेकर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन
चंदौली। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने शिक्षक समायोजन प्रक्रिया को आरटीई एक्ट के अनुरूप लागू करने की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि जिन कंपोजिट एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में छात्र संख्या 200 से अधिक है तथा एक ही विषय के दो शिक्षक तैनात हैं। वहां किसी भी शिक्षक का समायोजन न किया जाए। साथ ही 400 तक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में कम से कम तीन शिक्षकों की व्यवस्था बनाई जाए। ताकि शिक्षण कार्य प्रभावित न हो। संगठन ने सभी विकास खंडों में शिक्षक संकुल चयन प्रक्रिया एक साथ कराने, जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों को प्रतिकर अवकाश देने तथा दूरस्थ ड्यूटी में संशोधन किया जाए। इसके अलावा लंबित वेतन भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए। शिक्षक संघ ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नियमानुसार नहीं हुआ तो संगठन न्यायालय की शरण लेने को बाध्य होगा। इस दौरान जिला महामंत्री संजय कुमार सिंह, सदानंद दुबे, रणविजय सिंह, महेंद्र मौर्य इमरान अली सहित कई शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Chandauli:24 घंटे में तीन हत्याएं करने वाला साइको किलर पुलिस मुठभेड़ में ढेर
चंदौली। जनपद में 24 घंटे के भीतर तीन सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देने वाले साइको किलर को सोमवार की देर रात पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। एसओजी टीम अलीनगर पुलिस सकलडीहा पुलिस और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। आरोपी की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो वर्ष 2021 में सेना से सिपाही पद से हटाया गया था।
एसपी ने बताया कि आरोपी ने 10 मई को डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में जमानिया निवासी मंगरू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद 11 मई की रात जम्मूतवी एक्सप्रेस में एक अन्य यात्री को सिर में गोली मार दी। वहीं सुबह अलीनगर क्षेत्र स्थित जीवक अस्पताल में भर्ती महिला लछमिना की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की तस्वीर कैद हो गई थी। घटना के बाद मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शराब की लत और नौकरी छूटने के कारण मानसिक रूप से परेशान था। उसने बिना किसी व्यक्तिगत दुश्मनी के रैंडम तरीके से लोगों को निशाना बनाया। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और लोकेशन हिस्ट्री के आधार पर तीनों घटनाओं में उसकी संलिप्तता की पुष्टि की।घटनास्थल के पुनर्निर्माण के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। आरोपी के कब्जे से रिवॉल्वर, कारतूस और एक कटी हुई डबल बैरल गन बरामद हुई है।
Chandauli:कब्रिस्तान में लगी भीषण आग,हाईटेंशन तार जलने से घंटों बाधित रही बिजली
चंदौली। मुख्यालय सकलडीहा रोड स्थित कब्रिस्तान में सोमवार को अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरे कब्रिस्तान क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया और दूर-दूर तक धुआं फैल गया। स्थानीय लोगों ने दूर से ही आग की भयावह तस्वीरें अपने मोबाइल कैमरों में कैद कीं।
आग की चपेट में आने से कब्रिस्तान के ऊपर से गुजरा हाईटेंशन बिजली का तार जलकर राख हो गया। तार टूटने के दौरान तेज आवाज सुनाई दी। जिससे आसपास के लोग सहम गए।

घटना के बाद इलाके की बिजली आपूर्ति घंटों तक प्रभावित रही। कब्रिस्तान में सूखी घास और झाड़ियों के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। जिससे आस पास के लोग डर गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची गई और आग पर काबू पाया इस दौरान अभिषेक हॉस्पिटल के कर्मचारियों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। लोगों द्वारा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
Chandauli:सीओ सदर ने न्यायालय व जिला चिकित्सालय की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा,अतिक्रमणकारियों को कड़ी चेतावनी
चंदौली। मुख्यालय पर कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ न्यायालय परिसर एवं जिला चिकित्सालय का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लेते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली गई।
साथ ही न्यायालय परिसर अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीओ सदर ने सड़कों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को लेकर भी सख्त रुख अपनाया।

उन्होंने दुकानदारों एवं ठेला संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। कहा कि ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। इस दौरान सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।











