21.1 C
Chandauli
Friday, October 9, 2026

Buy now

Home Blog Page 378

निकाय चुनावः चंदौली कलेक्ट्रेट में मतदान कार्मिकों ने लिया प्रशिक्षण

कलेक्ट्रेट सभागार में मतदान संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त करते कर्मचारी।
कलेक्ट्रेट सभागार में मतदान संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त करते कर्मचारी।

Young Writer, चंदौली। नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2023 को सकुशल संपन्न कराने के दृष्टिगत मतदान कार्मिकों का द्वितीय प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभागार में दो पालियों में संपन्न हुआ। प्रथम पाली में पूर्वाहन 10 बजे से एक बजे तक पोलिंग पार्टी संख्या 01 से 45 तक एवं द्वितीय पाली में अपराहन दो बजे से पांच बजे तक पोलिंग पार्टी संख्या 46 से 90 तक के मतदान कार्मिकों (पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, मतदान अधिकारी द्वितीय, मतदान अधिकारी तृतीय) को प्रशिक्षण दिया गया।

इस दौरान मास्टर ट्रेनर द्वारा मतदान कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया एवं दायित्वों के विषय में विस्तार पूर्वक बताया गया। बैलट बॉक्स द्वारा मतदान प्रक्रियाओं के बारे में प्रैक्टिकल रूप से बताया व समझाया गया। मतदान दिवस से एक दिन पूर्व एवं मतदान के दिन की जाने वाली समस्त कार्यवाहियों व मतदान प्रक्रिया से जुड़े समस्त विषयों व आवश्यक अभिलेखों को तैयार किये जाने के विषय में विस्तार पूर्वक बताया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रथम पाली में 180 मतदान कार्मिकों (पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, मतदान अधिकारी द्वितीय, मतदान अधिकारी तृतीय) एवं द्वितीय पाली में 180 मतदान कार्मिकों (पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, मतदान अधिकारी द्वितीय, मतदान अधिकारी तृतीय) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। आज संपन्न हुए प्रशिक्षण में कुल 08 मतदान कार्मिक अनुपस्थित रहे, जिसमें प्रथम पाली में 02 मतदान कार्मिक एक पीठासीन अधिकारी, एक मतदान अधिकारी द्वितीय अधिकारी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में एक पीठासीन अधिकारी, 04 मतदान अधिकारी द्वितीय तथा एक मतदान अधिकारी तृतीय अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित कार्मिकों को कड़े निर्देश जारी करते हुए मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी कार्मिक ने कहा कि ऐसे समस्त अनुपस्थित मतदान कार्मिक अगले प्रशिक्षण 29 अप्रैल को उपस्थित होकर अपना प्रशिक्षण प्राप्त कर लें अन्यथा निर्वाचन कार्य में लापरवाही के लिए सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की जाएगी।

दो मई को बंद हो जाएगी शराब की दुकानें
चंदौली।
नगरय निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए चार मई को होने वाले मतदान से 48 घंटा पहले दो मई को ही शाम 6 बजे से मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी। यह आदेश मतदान समाप्ति तक प्रभावी रहेगेगा। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टी फुंडे ने बताया कि इसी तरह 13 मई को मतगणना प्रारम्भ होने से पूर्व 12 मई की शाम छह बजे से मतगणना समाप्ति तक समस्त थोक एवं फुटकर अनुज्ञापनों देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर, माडल शाप, होटल, बार, रेस्टोरेंट बार से मदिरा की बिक्री के अलावा भांग, ताड़ी व अन्य मादक पदार्थों की बिक्री पर पूर्णतया रोक रहेगा। इस बंदी के लिए लाइसेंसधारियों को कोई प्रतिकर देय नहीं होगा।

असलहे से आतंकित कर बदमाशों ने कैशपार कर्मी को लूटा

लूट की घटना के बाद महुआरीखास गांव में घटना स्थल पर जुटी भीड़।
लूट की घटना के बाद महुआरीखास गांव में घटना स्थल पर जुटी भीड़।

Young Writer, चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के महुआरीखास व सराय गांव के बीच बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार को असलहा सटाकर कैशपार कर्मी सिद्धनाथ शर्मा से दिनदहाड़े तेईस हजार सात सौ रुपये छीन लिये। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश महुआरी गांव होते हुए फरार हो गए। कैशपार कर्मी समूह की महिलाओं से रुपया वसूलकर चहनियां कार्यालय में जमा करने जा रहा था। जानकारी के बाद घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक, सीओ, थाने की फोर्स के साथ ही क्राइम ब्रांच के अधिकारीयो ने जांच पड़ताल व पूछताछ किया। घटना से गांव में दहशत है।
बताते हैं कि इमिलिया घोसवा थाना धीना के रहने वाले सिद्धनाथ शर्मा पुत्र राधे शर्मा भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड में संगम मैनेजर के पद पर कार्यरत है। शुक्रवार को महुआरीखास गांव में समूह की महिलाओं की बैठक कर 23,700 रुपये वसूल किया। रुपये वसूलने के बाद वह चहनियां कार्यालय में जमा करने जा रहा था। सराय की तरफ से आ रहे महुआरीखास गांव व सराय गांव के बीच सुनसान जगह देख बाइक पर सवार तीन मुंह बांधे बदमाशों ने कैशपार कर्मी को ओवरटेक कर रोका और असलहा सटाकर रुपये छीन लिये। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी और महुआरीखास गांव होते हुए फरार हो गये। कैशपार कर्मी ने आकर ग्रामीणों को हाल सुनाया। ग्रामीणों की सूचना पर पहले पहुंचे बलुआ थानाध्यक्ष विनय प्रकाश सिंह व क्षेत्राधिकारी राजेश राय ने कैशपार कर्मी से पूछताछ किया। वही पंचायत भवन में लगे सीसी फुटेज को भी चेक किया। घटना की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने घटना स्थल का मौका मुआयना किया। कैशपार कर्मी की तहरीर पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। वही क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर श्यामजी यादव, इंस्पेक्टर अजीत यादव व इंस्पेक्टर शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने मौका पर लोगो से पूछताछ व रास्ते मे लगे सीसी फुटेज को खंगाला। इस संदर्भ में क्षेत्राधिकारी राजेश राय का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल किया जा रहा है। शीघ्र ही बदमाश पुलिस की पकड़ में होंगे। वही घटना से ग्रामीणों में दहशत है।

आम आदमी के जीवन में बदलाव लाने की होगी पहलः ओपी सिंह

चंदौली नगर क्षेत्र में अपने चुनाव प्रचार को गति देते ओमप्रकाश सिंह।
चंदौली नगर क्षेत्र में अपने चुनाव प्रचार को गति देते ओमप्रकाश सिंह।

Young Writer, चंदौलीं। नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रचार-प्रसार अब पूरे शबाब पर है। सुबह-शाम प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों की टीम के साथ वोटरों को रिझाने व अपने पाले में लाने की कवायद में लगे हुए। चंदौली चेयरमैन पद के लिए भाजपा प्रत्याशी ओम प्रकाश सिंह भी अपने चुनाव को गति देने में पूरी शिद्दत के साथ जुटे हैं। वह भाजपा सरकार के कामकाज, नीतियों व सिद्धांतों को लेकर आमजन के बीच में जा रहे।

भाजपा प्रत्याशी द्वारा नगर के अलग-अलग हिस्सों में अपने समर्थकों के साथ जनसम्पर्क व पैदल मार्च कर वोटरों से मुलाकात की जा रही है। भाजपा सरकार की नीतियों व सिद्धांतों के साथ ही आमजन के हित में सरकार की ओर से किए जा रहे कामकाज की बदौलत अपने पक्ष में वोट देने का आह्वान करते नजर आ रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद वह निरंतर चंदौली नगर में जन-जन तक अपनी पहुंच बनाने के जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं।

उनके साथ उनके पुत्र गोपाल सिंह व अभिषेक के साथ ही भाजपाईयों की टीम व समर्थन लोगों से संवाद स्थापित कर सरकार की उपलब्धियों को बताने व गिनाने का काम कर रहे हैं। इसके अलावा अपने वादे व इरादों से भी चंदौली नगर क्षेत्र के मतदाताओं को अवगत कराने का काम किया जा रहा है।

चंदौली नगर क्षेत्र में अपने चुनाव प्रचार को गति देते ओमप्रकाश सिंह।
चंदौली नगर क्षेत्र में अपने चुनाव प्रचार को गति देते ओमप्रकाश सिंह।

ओपी सिंह ने कहा कि वह चेयरमैन निर्वाचित हुए तो चंदौली में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ की जाएगी। आम आदमी की बुनियादी जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा। साथ ही कल्याणकारी योजनाएं पात्र गरीबों तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। लोगों को शौचालय व आवास जैसी योजना से लाभान्वित कर उनके जीवन स्तर में बदलाव लाने की पहल की जाएगी।

काम किया है‚ काम करेंगे‚ आम जन का सम्मान करेंगेः बबलू सोनी

राजीव नगर वार्ड में चुनाव प्रचार को गति प्रदान करते बबलू सोनी।
राजीव नगर वार्ड में चुनाव प्रचार को गति प्रदान करते बबलू सोनी।

Young Writer, चंदौली। नगर पंचायत चुनाव में मतदाताओं को रिझाने व अपने पाले में वोट करने की सभी कवायदों पर अमल हो रहा है। कोई अपने नाम पर वोट मांग रहा है तो कोई पार्टी की नीतियों व योजनाओं को वोट मांगने का आधार बनाए हुए है। वहीं इसमें कुछ प्रत्याशी ऐसे हैं जो निवर्तमान है और अपने काम के आधार पर एक बार फिर जनप्रतिनिधित्व का अवसर मांग रहे हैं।

ऐसे सभासदों में एक हैं कि वार्ड नंबर-13 राजीव नगर के निर्दल उम्मीदवार बबलू सोनी, जो कि निवर्तमान सभासद हैं और अपने वार्ड से प्रत्याशी भी हैं। उनका कहना है कि अपने पांच साल के संक्षिप्त कार्यकाल को शानदार बनाने का भरपूर प्रयास किया। इस दरम्यान आमजन ने अपने सुझाव देकर वार्ड के विकास में भरपूर सहयोग किया। कहा कि इस दौरान छोटे-बड़े सभी सुझावों को प्राथमिकता दी गई और अधिकांश कामों को स्वीकृत कराकर पूरा कराने का प्रयास किया गया। पांच सालों में बहुत कुछ करने का अवसर मिला और अभी बहुत कुछ किया जाना शेष है। इसी उद्देश्य के साथ एक बार फिर आमजन के बीच में बतौर प्रत्याशी हूं। कहा कि पिछले कार्यकाल में पूरी शिद्दत और ईमानदारी से जनहित में काम किया है और आगे भी काम करने के इस सिलसिले को बढ़ाने का जज्बा पाले हुए। इसके अलावा आमजन का सम्मान करना मेरा नैतिक दायित्व है। बताया कि अबकी बार पिछले पांच साल के कार्यकाल के तर्जुबे के साथ लोगों के बीच हूं उम्मीद है लोगों का साथ व सहयोग आगे भी अनवरत ऐसे ही बना रहेगा।

-Chandauli Election News

Breaking New: दो किलो सोने के साथ दो तस्कर को डीआरआई ने पकड़ा 

Young Writer, डीडीयू नगर। स्थायीन स्टेशन पर वाराणसी डीआरआई टीम ने बुधवार की देर रात मुखबिर की सूचना पर दो कैरियरों को दबोच लिया। आरोपितों की तलाशी में दो किलो सोना बरामद बरामद हुआ। बरामद सोना की कीमत लगभग एक करोड़ 16 लाख बताई जा रही है। डीआरआई की टीम आरोपितों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने में जुटी है।

वाराणसी डीआरआई के अधिकारियों को बुधवार की देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि बिकानेर दुरंतो एक्सप्रेस से दो कैरियर सोना की खेप लेकर डीडीयू पर पहुंचेंगे। वही दानापुर पूणे एक्सप्रेस में सवार होकर जबलपुर जाएंगे। इसकी जानकारी होते ही डीआरआई की टीम डीडीयू स्टेशन पर पहुंची। तस्कर बिकानेर दुरंतो एक्सप्रेस से उतरकर जैसे ही दानापुर पूणे एक्सप्रेस को पकड़ने के लिए प्लेटफार्म संख्या चार पर पहुंचे। तभी डीआरआई की टीम ने आरोपितों को हिरासत में ले लिया। आरोपितों की तलाशी में दो किलो सोना बरामद हुआ। जिसकी कीमत लगभग एक करोड़ 16 लाख है। पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपित मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी कृष्णा पांडेय व राकेश कुमार है। आरोपितों के खिलाफ डीआरआई के अधिकारी कार्रवाई करने में जुटे है।

यूपी बोर्ड रिजल्टः लालमनी बाबूलाल मौर्य विद्यालय में सम्मानित हुए होनहार छात्र

लालमनी बाबूलाल मौर्य विद्यालय में छात्राओं को मिठाई खिलाते शिक्षक।
लालमनी बाबूलाल मौर्य विद्यालय में छात्राओं को मिठाई खिलाते शिक्षक।

Young Writer, चंदौली। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के घोषित परीक्षा परिणामों में लालमनी बाबूलाल मौर्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भटरौल के छात्र छात्राओं ने अपनी मेघा का परिचय देते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। बच्चों के उम्दा प्रदर्शन से विद्यालय परिवार भी गदगद है और इन होनहारों का हौसला बढ़ाने के लिए विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानाचार्य संतोष मौर्य समेत शिक्षकों द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाई गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
अबकी बार हुए बोर्ड परीक्षा में विद्यालय की वर्षा मौर्या ने 91.83 अंक पाकर विद्यालय का नाम रोशन किया है। इसी क्रम में सपना गुप्ता 87.66, खुशी गुप्ता 83, नेहा गुप्ता 82.5, राजबहादुर सिंह 81.83 और साबिया बानो ने 81 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय का नाम रोशन किया है। सभी हाई स्कूल की परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र छात्राओं को विद्यालय में बुलाकर उन्हें मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया और आगे भी सफलता अर्जित करने के लिए शुभकामनाएं दी गई। प्रबंधक चंद्रशेखर मौर्य द्वारा सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की गई। इस दौरान प्रधानाचार्य संतोष मौर्य, अजीत पाण्डेय, विंध्यवासिनी, प्रीति गुप्ता, संजू चौहान, मनीषा चौहान, सुगम मौर्या, मनोरम मौर्या, पीयूष मौर्य, सुजीत शर्मा, रामप्रसाद चौहान, अजय कुमार, विवेक कुमार आदि शिक्षक उपस्थित रहे।

कुर्सी नहीं, महिला प्रतिनिधित्व व सशक्तिकरण के लिए लड़ रही चुनावः रत्ना सिंह

चंदौली नगर क्षेत्र में मतदाताओं के बीच अपने वादों व इरादों को रखती आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रत्ना सिंह।
चंदौली नगर क्षेत्र में मतदाताओं के बीच अपने वादों व इरादों को रखती आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रत्ना सिंह।

Young Writer, चंदौली। इस वक्त नगर निकाय चुनाव में कुर्सी की खातिर उम्मीदवार अंधी दौड़ लगाए हुए हैं। चंदौली नगर पंचायत का भी कुछ ऐसा ही हाल है। जहां प्रत्याशियों को अपनी जीत व कुर्सी के सिवाय इस वक्त कुछ नहीं नजर आ रहा है। ऐसी अंधाधुंध दौड़ के बीच एक प्रत्याशी है जो अलग औरों से बिल्कुल अलग। अपने हाव से भाव और अपने प्रभाव है। जी हां! बात हो रही है आम आदमी पार्टी की महिला उम्मीदवार रत्ना सिंह की। जो न तो अपनी जीत और ना ही कुर्सी को हासिल करने के लिए चुनाव लड़ रही है।

नारी होने के नाते शक्ति की प्रतिमूर्ति रत्ना सिंह अबकी बार चंदौली नगर पंचायत चुनाव में पुरुषों की प्रधानता के बीच महिला प्रतिनिधित्व को बनाए रखने और उसे बचाए रखने के लिए लड़ व जूझ रही हैं। ऐसे चुनाव में जहां पुरुष प्रत्याशियों के बीच भीषण घमासान मचा है।

चुनाव के इस कोलाहल से दूर रत्ना सिंह अपने चुनाव को नए अंदाज मजबूती प्रदान कर रही हैं। भले ही उनका चुनाव प्रचार शांत हो, लेकिन वह स्थिर, स्थायी व उनके चुनावी जमीन को मजबूती प्रदान करने वाला है। रत्ना सिंह कहती हैं कि पुरुष के मुकाबले महिलाएं अधिक संवेदनशील होती है, लिहाजा जन समस्याओं को निस्तारित करने व जन-जन के कल्याण में महिला जनप्रतिनिधि पुरुषों के मुकाबले बेहतर व संजीदा साबित होंगी।

महिलाओं में अपना ऊर्जा, लक्ष्य को हासिल करने का जुनून व हौसला होता है, लेकिन महिलाएं आज जागरूकता और मार्गदर्शन के अभाव में अपने जुनून व हौसले से पहचान नहीं पा रही है। महिलाओं को इसी पहचान से रूबरू कराने के लिए नगर पंचायत चंदौली के चेयरमैन का यह चुनाव लड़ा जा रहा है जो आगे आने वाले दिनों नजीर के तौर पर देखा, सुना व जाना जाएगा। कहा कि चुनाव में जन-जन का सहयोग मिला और बहुमत को प्राप्त कर चेयरमैन बनी तो महिला कल्याण, सशक्तिकरण, शिक्षा व स्वरोजगार के क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर कार्य होंगे।

नगर निकाय चुनावः मजबूत इरादों व वादों के साथ गांधीनगर वार्ड में सक्रिय नजर आ रहे अशोक जायसवाल

गांधी नगर वार्ड में डोर टू डोर जनसम्पर्क करते भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार जायसवाल।
गांधी नगर वार्ड में डोर टू डोर जनसम्पर्क करते भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार जायसवाल।

गांधीनगर वार्ड में विकास व जनकल्याण के साथ जन भावनाओं को प्राथमिकता देंगे भाजपा उम्मीदवार

Young Writer, चंदौली। नगर निकाय चुनाव अब पूरे शबाब पर है। ऐसे में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी अपने-अपने चुनाव को बुलंदी प्रदान करने में जी-जान से जुटे हैं। नगर के मुख्य बाजार को अपने आप में समेटे गांधीनगर वार्ड में चुनाव लड़ रहे भाजपा उम्मीदवार व व्यापारी अशोक कुमार जायसवाल जनता के बीच अपनी सक्रियता को निरंतर बनाए हुए हैं। वह न केवल अपने मजबूत वादों व इरादों के जरिए आमजन से मतदान करने के लिए अपील कर रहे हैं, बल्कि वोट देने के अधिकार के महत्व को भी बताने व जागरूक करने का प्रयास उनके द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने वादों की जो लिस्ट बनाई है। उनमें वार्डवासियों के साथ-साथ व्यापारियों व चंदौली बाजार में आने वाले आसपास के गांव व इलाके के ग्राहकों की सुविधा को भी शामिल किया गया है।

गांधी नगर वार्ड में डोर टू डोर जनसम्पर्क करते भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार जायसवाल।
गांधी नगर वार्ड में डोर टू डोर जनसम्पर्क करते भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार जायसवाल साथ में पूर्व विधायक साधना सिंह।

गांधीनगर वार्ड से भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार जायसवाल ने बताया कि आगामी पांच सालों में वार्ड में नियमित साफ-सफाई का प्रबंध किया जाएगा। इसके लिए सफाई कर्मियों की रोस्टरवार ड्यूटी लगाई जाएगी। रास्तों और गलियों को रात के वक्त रोशन और सुरक्षित बनाने के लिए स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बताया कि वार्ड का अधिकांश इलाका मार्केट से जुड़ा है जिसे देखते हुए दूरदराज से आने वाले ग्राहकों, स्थानीय व्यापारियों और वार्डवासियों के लिए स्वच्छ पेयजल का बंदोबस्त किया जाएगा। इसके लिए जगह-जगह वाटर कूलर की स्थापना की जाएगा। साथ ही पुराने वाटर कूलर को रिपेयर कराकर उसे क्रियाशील किया जाएगा।

गांधी नगर वार्ड में डोर टू डोर जनसम्पर्क करते भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार जायसवाल।
गांधी नगर वार्ड में डोर टू डोर जनसम्पर्क करते भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार जायसवाल।

कहा कि चंदौली नगर में पार्किंग का बंदोबस्त नहीं होना व्यापारियों के लिए बड़े आर्थिक आघात जैसा है। लिहाजा चंदौली के आर्थिक जोन कहे जाने वाले गांधी नगर वार्ड में मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा, जिससे वाहनों के पार्किंग की समस्या दूर होगी। इससे नगर में लगने वाले जाम की समस्या के साथ ही अनावश्यक वाहनों के चालान से लोगों को निजात मिलेगी। साथ ही व्यापारियों का व्यापार भी विकसित और आगे बढ़ेगा। इसके अतिरिक्त वार्ड में स्वच्छ सुलभ शौचालय का बंदोबस्त किया जाएगा, ताकि स्थानीय व्यापारियों, ग्राहकों खासकर महिलाओं और वार्डवासियों को राहत मिलेगी। वहीं नगर के मध्य से होकर गुजरे मुख्य नाले की सफाई के साथ ही उसे सुदृढ़ कराकर गंदे पानी की निकासी का समुचित प्रबंधन किया जाएगा।

कहा कि वार्ड की जनता के द्वारा दिए गए सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी और उन पंचायत के बोर्ड की बैठक में उसे स्वीकृत कराकर विकास कार्य कराए जाएंगे। वार्ड क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गरीबों और जरूरतमंदों तक सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पहुँचाने का कार्य होगा। गांधीनगर वार्ड में इनके समर्थन में चुनाव प्रचार करने के साथ ही उनकी दावेदारी में दंभ भरने के लिए मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल के साथ पूर्व विधायक साधना सिंह समेत भाजपा के कई दिग्गज जनसंपर्क व वार्ड में कदमताल करते हुए नजर आ चुके हैं।

नाबार्ड से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को मिला प्रमाण-पत्र

Young Writer, चंदौली। नाबार्ड की ओर से आयोजित कौशल विकास पहल कार्यक्रम योजना अंतर्गत प्रशिक्षण दाई संस्था पूर्वांचल कंप्यूटर शिक्षण सेवा संस्थान चंदौली में कंप्यूटर हार्डवेयर एवं नेटवर्किंग में 30 कैंडिडेट का दो मासिक प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। इसके साथ ही सकलडीहा ब्लाक में संचालित कोर्स एलईडी बल्ब टेक्नीशियन में 30 कैंडिडेट का दो मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम में सफल कैंडिडेट को मुख्य अतिथि डीडीएम नाबार्ड तनुज कुमार सेन द्वारा प्रमाण पत्र वितरित करके प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन रामचंद्र प्रबंधक पूर्वांचल कंप्यूटर शिक्षण सेवा संस्था द्वारा मुख्य अतिथि का अंगवस्त्रम भेंट कर स्वागत किया गया तथा प्रबंधक द्वारा सफल अभ्यर्थियों का धन्यवाद व मंचासीन प्रशिक्षक व प्रशिक्षण में अपना योगदान प्रदान किए हुए सभी स्टाफ का धन्यवाद व आभार व्यक्त किया गया। इस कार्यक्रम में उद्यमिता विकास कार्यक्रम की जानकारियां जैसे वित्तीय लेखन उद्यम आधार तथा स्वरोजगार के लिए चलाई जा रही विभिन्न विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई साथ ही साथ स्थानीय स्तर की आवश्यक कोर्स की सैद्धांतिक तथा व्यवहारिक प्रशिक्षण कुशल प्रशिक्षक द्वारा पूर्ण कराया गया जिसमें स्वरोजगार के लिए अधिकतम अभ्यर्थी को विभाग की योजनाओं से संबंधित ऋण प्रदान करके स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया जिससे नाबार्ड द्वारा संचालित योजना का लाभ प्रदान किया जा सके प्रमाण पत्र प्राप्त करके सभी अभ्यर्थियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।

नगर निकाय चुनावः वोट डालने के लिए मतदाता कर सकते हैं 15 पहचान पत्रों का इस्तेमाल

Young Writer: नगर निकाय

Young Writer, चंदौली। जनपद में नगरीय निकाय चुनाव पहले चरण में चार मई को होना है। इसको लेकर तैयारी अंतिम दौर में चल रही है। वहीं राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव में मतदान करने के लिए 15 पहचान पत्र भी जारी कर दिया गया है। इसमें कोई एक पहचान पत्र होना आवश्यक है।
इसमें भारत निर्वाचन आयोग से निर्गत मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आयकर पहचान पत्र, राज्य एवं केन्द्र सरकार व सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों अथवा पब्लिक लिमिटेड कम्पनियों द्वारा उनके कर्मचारियों को जारी किए जाने वाले फोटोयुक्त पहचान पत्र, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों व पोस्ट आफिस से जारी फोटोयुक्त पासबुक, फोटोयुक्त पेंशन अभिलेख यथा भूतपूर्व सैनिक पेंशन बुक, पेंशन भुगतान आदेश, वृद्धावस्था पेंशन आदि होना चाहिए। इसके अलावा फोटोयुक्त स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पहचान पत्र, फोटोयुक्त शस्त्र लाइसेंस, फोटोयुक्त शारीरिक रूप से अशक्त होने का प्रमाण पत्र, श्रम मंत्रालय की योजना के अन्तर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के अन्तर्गत रजिस्ट्रार जनरल आफ इंडिया द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र, राशन कार्ड जारी किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कोई दस्तावेज जो परिवार के मुखिया के पास ही उपलब्ध होते हैं। वह उक्त परिवार के दूसरे सदस्यों की पहचान के लिये भी वैध माने जाएंगे। बशर्ते कि सभी सदस्य एक साथ आते हैं और उन सदस्यों की पहचान परिवार के मुखिया द्वारा की जाती है। उक्त निर्वाचन में उपरोक्तानुसार मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करायी जायेगी।  

Chandauli
clear sky
21.1 ° C
21.1 °
21.1 °
85 %
0.8kmh
0 %
Fri
31 °
Sat
32 °
Sun
32 °
Mon
32 °
Tue
32 °
Verified by MonsterInsights