Young Writer, चंदौली। आगामी 24 दिसंबर को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल की स्थापना के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस मौके को यादगार बनाने एवं व्यापारियों को संगठित करने के उद्देश्य से दीपोत्सव समेत विविध आयोजन किए जाएंगे। उक्त जानकारी देते हुए उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि व्यापार मंडल की स्थापना आज से 50 वर्ष पूर्व 24 दिसंबर 1972 को वाराणसी के गंगा तट पर हुई थी।
उस वक्त मां गंगा को साक्षी मानते हुए स्वर्गीय लाला विश्वम्भर दयाल एवं स्वर्गीय पंडित श्याम बिहारी मिश्रा एवं अन्य तीन लोगों संगठन की स्थापित किया था, जो अपने संघर्ष व तमाम चुनौतियों को पार करते हुए व्यापारी हित में कार्य करते हुए खुद को स्थापित किया। उद्योग व्यापार मंडल का 50वां स्थापना वर्ष हम सभी मनाने जा रहे हैं। यह एक-एक व्यापारी के गौरवशाली क्षण है। कहा कि 24 दिसंबर सम्पूर्ण प्रदेश के व्यापारी सार्वजनिक स्थलों पर दीपोत्सव मनाएंगे। इसी क्रम जनपद चंदौली मुख्यालय पर स्थित श्रीराम जानकी शिव मठ मंदिर के प्रांगण में शाम पांच बजे सभी व्यापारी एकत्रित होकर दीपोत्सव मनाएंगे। आह्वान किया कि जनपद के सभी नगरीय इकाईयां इस प्रकार का आयोजन अपने-अपने बाजार में करते उसे यादगार बनाए।
आह्वानः उद्योग व्यापार मंडल दीपोत्सव के रूप में मनाएगा स्थापना दिवस
हौसला बुलंद चोरों ने पुलिस को दी चुनौती‚ आढ़त में सेंधमारी कर चुराए अनाजों से भरे बोरे
चोरों ने आढ़त में सेंधमारी कर उड़ाया 36 बोरा अनाज
Young Writer, बबुरी। बबुरी पुलिस को हौसला बुलंद चोरों ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर चुनौती दी है। अभी क्षेत्र के दूदे गांव स्थित परी माता मंदिर से हुई मुकुट की चोरी, लेवा गांव से हुई चार लाख के उचक्का गिरी की खबरों का खुलासा हुआ भी नहीं था कि चोरों ने बुधवार की रात क्षेत्र के गौडिहार गांव में एक गल्ले की दुकान में दो जगह सेंध लगाकर 36 बोरी अनाज पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार बबुरी गांव निवासी बबलू केशरी की गौडिहार गांव स्थित गौडिहार-अकोढवा मार्ग पर अनाज की आढत है। प्रतिदिन की भांति बुधवार को दुकानदार बबलू शाम के बाद दुकान पर ताला लगा कर घर चला आया। इसी बीच देर रात कुछ अज्ञात चोरों ने दुकान के पीछे पहुंचकर सेंध लगा कर गेहूं और चावल से भरी 36 बोरी अनाज पर हाथ साफ कर दिया। ग्रामीणों द्वारा सुबह होने पर चोरी की जानकारी दुकानदार को मिली जिस पर दुकानदार के होश उड़ गए। आनन-फानन में दुकानदार दुकान पहुंच गया तथा घटना की जानकारी बबुरी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मौके का मुआयना करके आगे की कार्यवाही में जुट गयी। दुकानदार बबलू केशरी के मुताबिक घटना में दुकान के पीछे दीवार में सेंध लगाकर चावल व गेहूं के 36 बोरी चोर चुरा ले गए। गौरतलब है कि क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस द्वारा मामलों को दबा दिया जा रहा है। आलम यह है कि जनता में चोरों का खौफ समाया हुआ है। लोगों का कहना है कि अभी ठंड की ढंग से शुरुआत भी नहीं हुई कि चोरों ने घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया। वही बबुरी पुलिस के ढुलमुल रवैये से चोरों में किसी प्रकार की दहशत नहीं है। हौसला बुलंद चोर पुलिस पिकेट के पास ही घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस अंधेरे में लकीर पीट रही है।
बलुआ पुलिस के हत्थे चढ़े हमला करने के आरोपी पिता-पुत्र
Young Writer, चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के कैथी गांव में विगत चार दिन पूर्व एक पक्ष द्वारा गांव के दो लोगों पर हमला करने के आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने दोनों को मुखबीर की सूचना पर मजीदहा तिराहे से गिरफ्तार किया है।
बताते हैं कि कैथी गांव में शकलु तिवारी व मुकेश तिवारी के बीच वर्षों से जमीन का विवाद चला आ रहा था। इसे लेकर पहले भी मारपीट हो चुकी थी। 19 दिसम्बर को पुनः मारपीट हो गयी। जिसमंे एक पक्ष के 45 वर्सीय मुकेश तिवारी व 26 वर्सीय सोनू तिवारी बुरी तरह से घायल हो गये। घटना की सूचना पर पुलिस ने घायलों को चहनियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा। जिसमें मुकेश की हालत गम्भीर देख ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया था। ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों द्वारा जवाब देने पर वाराणसी स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में आज भी जिंदगी मौत के बीच मुकेश तिवारी जूझ रहा है। जानलेवा हमला करने के बाद पिता पुत्र फरार चल रहे थे। बुधवार की शाम को मुखबीर की सूचना पर पिता शकलु तिवारी व पुत्र उज्ज्वल तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। हमला करने में प्रयुक्त बेसबॉल डंडा को दुकान से बरामद किया। बलुआ इंस्पेक्टर विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि चन्दौली से मुकेश व सोनू घर जा रहे थे। रास्ते मंे घेरकर आरोपियों ने उनपर जानलेवा हमला किये है। गिरफ्तार करने वाले टीम में उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद, उपनिरिक्षक कैलाश नाथ सिंह, परमात्मानन्द यादव, विशाल यादव, राजदेव उपस्थित थे।
पोल्ट्री फार्म पर करेंट की जद में आने से भाई-बहन की मौत‚ मामला संदिग्ध
Young Writer, कमालपुर। जनपद के धीना थाना क्षेत्र के बहेरी गांव में पोल्ट्री फार्म में लगे इन्वर्टर से विद्युत करेंट की चपेट में आने से जूही तिवारी 26 वर्ष व उसके भाई सत्यम उपाध्याय 20 वर्ष की मृत्यु हो गयी। बताते हैं कि जूही तिवारी अपने ससुराल में बहेरी अपने भाई के संग पोल्ट्री फार्म पर चारा डालने गुरुवार की सुबह पांच बजे गए थे। पोल्ट्री फार्म गांव से सात सौ मीटर दूर खेत में बना है। नित्य की भांति गुरुवार की सुबह को भाई-बहन दोनों मुर्गाे को चारा डालने के लिए गए थे। पोल्टी फार्म में अंधेरा था। रोशनी के लिए सत्यम इन्वर्टर का पलक लगाने गय,ा तब तक इन्वर्टर में प्रवाहित विद्युत करेंट की चपेट में आने से वह इन्वर्टर से सट गया। यह देख बहन जूही ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी।
जूही के पति सियाराम तिवारी ने सुबह जब पत्नी को फोन किया और उसका फोन नही उठा तो उसने अपने साले को फोन किया। पत्नी व साले से बात नहीं होने के कारण उसने अपने घर के मोबाइल नंबर पर फोन किया और अपनी सात वर्षीय पुत्री आरोही से बात की और मां से बात कराने के लिए कहा। इसके बाद जब आरोही अपने भाई पांच वर्षीय सिद्धार्थ के साथ पोल्टी फार्म पर गयी तो देखा कि मां और मामा दोनों जमीन पर पड़े हुए थे। इसके बाद आरोही ने फोन कर पिता को घटना की जानकारी दी। थोड़ी ही देर में घटना की जानकारी पूरे गांव में आग की तरह फैल गयी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी। वहीं सत्यम का शव उसके परिजन तोरवा गांव ले गए थे, जिसे पोस्टमार्टम के लिए धीना पुलिस शव लेने के लिए तोरवा के लिए रवाना हो गयी।
डीएम का फरमानः रात में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाएं रेंडम चेकिंग अभियान
जिलाधिकारी ने अफसरों संग कलेक्ट्रेट में की कर-करेत्तर की बैठक
Young Writer, चंदौली। जिलाधिकारी ईशा दुहन की अध्यक्षता में कर-करेत्तर व राजस्व वसूली की मासिक समीक्षा बैठक मंगलवार की देर शाम हुई। इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रवर्तन की प्रभावी कार्यवाही करते हुए निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाय। भू-राजस्व वसूली की प्रगति कम रहने पर उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया। कहा कि वसूली की प्रगति बेहतर सुनिश्चित हो। कर-करेत्तर व राजस्व की विभागवार समीक्षा में पाया गया कि वाणिज्यकर, स्टाम्प एवं निबंधन, परिवहन, खनन आदि की राजस्व वसूली की प्रगति संतोषजनक नहीं है। जिलाधिकारी ने कहा कि वसूली की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाये जाने के प्रयास किया जाए।
जिलाधिकारी ने वाहनों की चेकिंग हेतु प्रभावी अभियान संचालित किया जाय। बैठक के दौरान खनन निरीक्षक को निर्देश दिया गया कि अनाधिकृत भट्ठों को नोटिस जारी करते हुए नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। साथ ही रायल्टी जमा समय से कराने के निर्देश दिया। 10 बड़े बकायेदारों पर अभियान चलाकर वसूली सुनिश्चित करते हुए कृत कार्यवाही से अवगत कराएं। इस दौरान वन विभाग, आबकारी, बांट-माप, खनन इत्यादि विभागों के राजस्व वसूली की समीक्षा कर वसूली की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाये जाने के निर्देश दिये। निर्देश दिया आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करायें। कहा कि पांच वर्ष से अधिक के लंबित राजस्व वादों की शीघ्र सुनवाई करके निस्तारण किया जाए। तहसीलों में लक्ष्य के अनुरूप वादों का निस्तारण न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारी व एसडीएम से समन्वय स्थापित कर ओवरलोड वाहन के खिलाफ रात्रि में रेंडम अभियान चलाकर कार्यवाही सुनिश्चित किया जाए। कहा कि कोरोना काल में चंदौली से इलाहाबाद जाने वाली रोडवेज बसें बंद हो गई है उनका नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए परिचालन शुरू किया जाए। जिलाधिकारी ने बाट-माप विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि कुछ व्यापारियों द्वारा अवगत कराया गया है कि निर्धारित शुल्क से ज्यादा वसूली की जा रही है। ऐसी बातें कत्तई संज्ञान में न आए अन्यथा ऐसे लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित करते हुए कहा कि बड़े बकायेदारों को आरसी जारी करते हुए वसूली सुनिश्चित किया जाए। कहा कि जनपद कृषि प्रधान जनपद है नहरों की हेड से टेल तक सिल्ट सफाई मानक के अनुरूप सुनिश्चित हो इसकी बेहतर मानिटरिंग सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान एडीएम उमेश मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
रोजगार मेलाः विदेशों में रोजगार के लिए 47 अभ्यर्थियों ने दी सहमति
राजकीय आईटीआई कालेज के छात्र–छात्राओं में बंटा टेबलेट
Young Writer, चंदौली। सेवायोजन विभाग की ओर से बुधवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रेवसा में रोजगार मेला का आयोजन कियागया। इस दौरान मुगलसराय विधायक रमेश जायवाल ने हिस्सा लिया और अभ्यर्थियों को रोजगार को लेकर सुझाव देकर उनका मार्गदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपका चयन जिस भी कम्पनी में हो आपके पूरे मनोयोग, ईमानदारी व पूर्ण लगन के साथ कम्पनी के लिए कार्य करना चाहिए, जिससे आपकी तरक्की हो और आर्थिक उन्नति करें।
इसके साथ ही राजकीय आईटीआई प्रशिक्षण केंद्र के विद्यार्थियों में स्मार्टफोन व टेबलेट वितरण किया गया। साथ ही आयोजित जिला स्तरीय कैशलाथॉन प्रतियोगिता-2022 में विनर अभ्यर्थियों को मेडल, प्रमाण-पत्र के साथ-साथ पुरस्कार के रूप में प्रत्येक अभ्यर्थियों को आर्थिक धनराशि बतौर प्रोत्साहन प्रदान किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य अरुण कुमार यादव ने कहा कि रोजगार मेला हिस्सा में लेने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के बाद जानकारी देकर उनका मार्गदर्शन किया। साथ ही मुख्य अतिथि विधायक रमेश जायसवाल को अंगवस्त्रम व बुके प्रदान कर सम्मानित किया। इस दरम्यान नेशनल स्किल डवेलपमेंट कार्पोरेशन के अंतर्गत स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर वाराणसी द्वारा विदेशों में रोजगार प्रदान करने हेतु प्री-काउंसलिंग भी की गई, जिसमें कुल 47 अभ्यर्थियों द्वारा विदेश में रोजगार हेतु सहमति प्रदान किया गया। इस दौरान रोजगार मेला में 248 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें क्विस कार्प, गीगा कार्पशोल, बीकेटी टायर्स, जय जगदम्बा लिमिटेड, पाइपल ट्री आनलाइन आदि कम्पनियों द्वारा कुल 118 बेरोजगार अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इस मौके पर दीप सिंह, आनंद कुमार श्रीवास्तव, सुनील कुमार, आकांक्षा सिंह, आदि उपस्थित रहे।
सलाहः मानसिक रोगों को प्रारंभिक दौर में कराएं उपचार‚ पाएं निजात
धानापुर में आयोजित मानसिक स्वास्थ्य शिविर में 72 लोगों का निःशुल्क इलाज
Young Writer, धानापुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर में मंगलवार को मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान मनोचिकित्सक द्वारा 72 लोगों को निःशुल्क इलाज किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित शिविर में चिकित्साधिकारी डा.जेपी गुप्ता ने लोगों से कहा कि मानसिक रोगों के प्रति अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है। समस्या बहुत साधारण स्तर से शुरू होकर बाद में जटिल मानसिक रोग, पागलपन का रूप ले लेती है। ऐसी समस्याओं को प्राथमिक स्तर पर काउंसलिंग के माध्यम से आसानी से दूर किया जा सकता है। मानसिक रोगों से बचने के लिए हमें जीवन-शैली में सुधार लाने और नियमित रूप से योग को अपनाने की जरूरत है। मनोचिकित्सक डा.नितेश सिंह ने कहा कि मानसिक रोग से मनुष्य की दिनचर्या अव्यवस्थित हो जाती है। मानसिक रोग दो तरह के होते हैं साइकेट्रिक और न्यूरोट्रिक। कुछ लोगों को दूर से देखकर पहचान हो जाती है कि वह मानसिक रोगी हैं। सरकारी अस्पतालों में इसके लिए काउंसलिंग और दवाओं की निःशुल्क व्यवस्था है। इस अवसर पर डा.अमरनाथ सिंह, डा.संदीप, विनय कुमार, शशांक, रवि रंजन आदि लोग मौजूद रहे।
चेतावनीः अपमिश्रित शराब के सेवन से अंधा होने खतरा, जा सकती है जान
Young Writer, चंदौली। जिलाधिकारी ईशा दुहन तथा जिला आबकारी अधिकारी चंदौली ने आमजन से आह्वान किया कि क्रिसमस एवं नववर्ष 2023 पर अवैध स्थानों व अड्डों से खरीदी गयी शराब मिथाईल अल्कोहल मिश्रित हो सकती है, जो एक घातक जहर है और इसकी बहुत थोड़ी सी भी मात्रा पीने से व्यक्ति अन्धा हो सकता है तथा उसकी जान भी जा सकती है। आपका जीवन अमूल्य है, इसे सस्ती शराब के चक्कर में न गवायें। इसलिए अपनी एवं अपने परिवार को सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी दशा में अवैध स्थानों व अड्डो से खरीदकर शराब का सेवन न करें।
यदि मदिरा का सेवन आवश्यक हो, तो अधिकृत आबकारी दुकान से ही सील लगी बोतल खरीदकर सेवन करें। शराब खरीदते समय शीशियों पर लगे क्यूआर कोड अवश्य देख लें। अधिकृत आबकारी दुकानों से शराब क्रय करते समय अपने मोबाइल फोन के गूगल प्ले स्टोर से आबकारी विभाग का स्कैनर एप यूपी एक्साइज स्कैनर स्वयं डाउनलोड कर शराब की शीशियों पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर वैधता की जाँच करने के उपरान्त निर्धारित मूल्य पर ही खरीदें। यदि आपको किसी भी प्रकार की अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, तस्करी व निर्धारित मूल्य से अधिक पर मदिरा की बिक्री की सूचना प्राप्त होती है, तो इसकी सूचना अधिकारियों के मोबाइल नम्बर पर दें। शिकायत के लिए सुभाष चन्द्र, जिला आबकारी अधिकारी चंदौली-9454465611, शरद कुमार, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 सदर चन्दौली-9454466173, उमेश द्विवेदी, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 चकिया-9454466174, दीपक ओझा, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 सकलडीहा-9454466175, जय प्रकाश पाण्डेय, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4, मुगलसराय-9454466176, राम मोहन त्रिपाठी, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-5, नौगढ़-8707511989 के अलावा अवैध मदिरा के निर्माण एवं बिक्री की सूचना प्रदेश स्तर पर संचालित टोल फ्री 14405 तथा व्हाट्सएप नम्बर 9454466019 पर भी दिया जा सकता है।
जिंदा रामजीत को मृत दिखाकर वरासत के जरिए हड़प ली जमीन‚ षड्यंत्र में लेखपाल भी शामिल
Young Writer, चंदौली। जनपद के पूरा विजयी निवासी रामजीत मंगलवार को जिलाधिकारी से मिले। इस दौरान उन्होंने खुदा को जिंदा बताते हुए कतिपय लोगों द्वारा कागज में मृत घोषित कर जमीन को अवैध तरीके से वरासत किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। बताया कि इस बात की जानकारी उन्हें उस वक्त हुई जब उनके किसान सम्मान निधि का पैसा उनके खाते में आना बंद हो गया। आरोप लगाया कि क्षेत्रीय लेखपाल को प्रभाव में लेकर गलत तरीके से वरासत किए जाने की बात कही और वरासत की गई जमीन को वापस अपने नाम कराने के साथ ही दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही की मांग की।
उन्होंने शिकायती प्रार्थना-पत्र के जरिए बताया कि वह अत्यंत वृद्ध है। इसका फायदा उठाकर क्षेत्रीय लेखपाल अम्ब्रीश सिंह द्वारा खसरा संख्या-495, 596 व 799 को जूड़ा हरधन निवासी सर्वसती, अमरनाथ सिंह व शोभनाथ सिंह को वारिस दर्ज कराते हुए वरासत कर दिया। इस कारण रामजीत के किसान सम्मान निधि का पैसा आना बंद हो गया है। उन्होंने वरासत के पूर्व एवं बाद की खतौनी के साथ ही अपना आधार कार्ड, परिवार रजिस्टर की नकल आदि दस्तावेज पेश करते हुए अवैध तरीके से किए गए वरासत को निरस्त किए जाने की मांग की। साथ ही ऐसा कृत्य करने वाले दोषियों व षड्यंत्र में शामिल लेखपाल के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की। साथ ही किसान सम्मान निधि का पैसा दिलाए जाने का आग्रह जिलाधिकारी से किया।
पटवा समाजः निहारिका अध्यक्ष व अन्नू देववंशी बनी महामंत्री
Young Writer, सकलडीहा। अखिल भारतीय देववंशी पटवा समाज के बैनर तले सखी सहेली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि सुषमा महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा वाराणसी मंडल की महिला पदाधिकारियों का गठन और शपथ ग्रहण कराया गया। इस दौरान विभिन्न बिंदूओं पर विस्तार से चर्चा किया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि सुषमा गुप्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकार मिलने पर ही समाज सशक्त होगा। इसलिये महिलाओं को भी सामाजिक भागीदारी में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिये। राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव देववंशी और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आर के सिंह देववंशी के निर्देश पर सखी सहेली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अंत में संगठन की मजबूती के लिये महिला संगठन का गठन किया गया। जिसमें निहारिका देववंशी अध्यक्ष, नम्रता देववंशी उपाध्यक्ष अन्नू सिंह देववंशी सचिव, पूनम देववंशी सहायक सचिव, रेखा देववंशी संरक्षक,प्रियंका देववंशी शिक्षा मंत्री, किरन देववंशी संस्कृति मंत्री व खुसबू, पायल, वंदना पटवा आदि को पदाधिकारी नामित किया गया। अंत में महिला संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुषमा द्वारा शपथ ग्रहण कराया गया। इस मौके पर संरक्षक सुरेश लाल, ओमप्रकाश देववंशी,प्रमोद देववंशी, आंनदी लाल, डीएन सिंह, प्रदुम्मन, विक्रम, विरेन्द्र, पुरूषोत्तम, आशुतोष आर्य, नयन, विजय माल्या,विशाल, सन्नी आदि मौजूद रहे।











