23.7 C
Chandauli
Thursday, October 15, 2026

Buy now

Home Blog Page 489

नवहीं में अराजक युवकों ने फल विक्रेता को मारी गोली

गोलियों की तड़तड़ाह से गूंज उठी नवहीं पुलिया
Young Writer, चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र का नवहीं तिराहा गुरुवार की देर शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। फायरिंग करके फल व्यापारी को अरदब में लेने का प्रयास करने वाले मझवार गांव के तीन युवक हमला करते हुए भाग निकले। घटना के बाद मौके पर आसपास के दुकानदारों व स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायल दुकानदार को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं अस्पताल के बाहर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा है।

बताते हैं कि नवहीं गांव निवासी सुरेश राम की नवही पुलिया के पास फल की दुकान है। गुरुवार की सुरेश का पुत्र नीरज राम 18 वर्ष फल की दुकान पर मौजूद था। तभी मझवार गांव के तीन युवक बाइक पर सवार होकर आए और नीरज को लक्ष्य कर बाइक सवार एक युवक ने असलहा निकालकर फायर कर दिया। जिसे देखकर नीरज ने भागकर अपनी जान बचानी चाही, लेकिन उसे गोली लग गयी। ऐसे में गोली की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार व मौके पर मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख बाइक सवार असलहा लहराते हुए भाग निकले। फायरिंग में गोली नीरज के कमर में लगी है। सूचना के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल नीरज के मुताबिक मझवार गांव के युवक आए दिन नवही पुलिया पर स्थित दुकानदारों को अपने अरदब में लेने के लिए विवाद एवं मारपीट करते रहते हैं। मंगलवार को गांव के युवकों के इसी कृत्य का विरोध किया गया तो युवकों ने देख लेने की धमकी दी थी और गुरुवार की शाम दुकान पहुंचकर पांच फायर किया। बताया कि फायरिंग से बचने के लिए ठेले की आड़ लेकर नहर में कूदा और अपनी जान बचाई। इस मामले में एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि इस प्रकरण में गोली चलाने वाले युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कार्यवाही की जाएगी। मामला पैसे के लेन-देन से जुड़ा बताया जा रहा है।

Naugarh: बजरडीहा में दबंगों ने मनरेगा मजदूरों को पीटा

बजरडीहा में मनबढ़ों के खिलाफ लामबंदर मनरेगा मजदूर।
बजरडीहा में मनबढ़ों के खिलाफ लामबंदर मनरेगा मजदूर।

गुस्साए मजदूरों ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार

Young Writer, नौगढ़। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के बजरडीहा गांव में ग्राम समाज की भूमि पर मनरेगा योजना से कराए जा रहे चकरोड निर्माण कार्य को गांव के कुछ मनबढों ने मजदूरों को गाली गलौज व मारपीट करके रोकवा दिया। घटना के बाद पीड़ित मजदूरों ने उपजिलाधिकारी डा.अतुल गुप्ता को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाया है। वहीं महिला श्रमिकों ने दलित उत्पीडऩ का मुकदमा दर्ज करने के लिए चकरघट्टा थाने में तहरीर दिया है।
मनरेगा मजदूरों का कहना है कि मंगलवार को ग्राम पंचायत बजरडीहा मे मनरेगा योजना से चकरोड का कार्य ग्राम प्रधान के निर्देश पर किया जा रहा था। जिसे देख गांव के ही सुदामा रघुनाथ रबीन्द्र ईत्यादि ने थानाध्यक्ष चकरघट्टा अलख नारायण व कांस्टेबल मनीष गुप्ता तथा सत्यप्रकाश के साथ मौके पर पहुंच कर हम मजदूरों को काफी भद्दी भद्दी गालियां देते हुए कार्य करने से रोक दिया गया। साथ ही ग्राम प्रधान पर भी अपशब्दों की बौछार की गई। वहीं महिला मनरेगा श्रमिकों का आरोप है कि चकरोड कार्य के दौरान छटुई पत्नी सुदामा लालती पत्नी रघुनाथ लालती पत्नी रबींद्र सनकलिया पत्नी सतीश आदि ने मौके पर पहुंचकर दलित महिलाओं को जातिसूचक गालियां दी। ग्राम प्रधान संजय यादव ने कहा कि ग्राम समाज के आधिपत्य वाली भूमि पर गांव के कुछ प्रभावशाली ब्यक्तियों ने अवैध रूप से कब्जा दखल किया हुआ है। जिसपर कराए जा रहे चकरोड निर्माण कार्य को अपनी दबंगई से प्रभावित किया जा रहा है। उपजिलाधिकारी को पत्रक देने वाले मे सतेन्द्र, पेब्बर, रामदहीन, ओमप्रकाश, अजय, राजनाथ, जयप्रकाश, नन्दलाल, गोरख व चकरघट्टा थाने पर तहरीर देने वाली महिलाओं में कुमारी सिताबी रींका आदि शामिल रही।

नकेलः अब थाने में अपराधियों को लगानी होगी हाजिरी

बलुआ थाने में हाजिरी लगाने पहुंचे अपराधी।

Young Writer, चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र में हत्या, लूट, छिनैती, दहेज हत्या, बलात्कार, चोरी आदि जैसे संगीन जुर्म करने वाले अभियुक्तों को अब बलुआ थाने में हर महीने या फिर आगामी डेट मिलने पर आकर बलुआ थाने में हाजिरी लगानी होगी। हाजिरी न लगाने पर उन्हें फिर जेल की हवा खानी होगी।
बलुआ थाने में संगीन जुर्म में न्यायालय से जमानत पर आए अभियुक्तों को अब बलुआ थाने में आकर उन्हें हर महीने या फिर पुलिस द्वारा दिए गए डेट पर आकर हाजिरी लगानी होगी। ऐसा न करने पर उन्हें फिर से जेल की हवा खानी पड़ेगी। बलुआ पुलिस द्वारा ऐसे संगीन अपराधियो की लिस्ट तैयार कर नोटिस भेजा जा रहा है। बीसापुर गांव के दो अभियुक्त अवनीश सिंह व प्रजापति लूट की घटना में आरोपित है। इनके ऊपर गुंडा एक्ट में कार्यवाही हुई थी। न्यायालय द्वारा 3 महीने प्रति सप्ताह थाने पर हाजिरी लगाने का आदेश पारित हुआ था। जिनकी हाजिरी लेने के बाद सख्त हिदायत दी गयी। अब ऐसे ही अन्य पर भी कार्यवाही होगी। इस संदर्भ में बलुआ इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अब हर उस अपराधी पर नजर रखा जाएगा जो जमानत पर छूट कर आये है। उन्हें थाने में आकर हाजिरी लगानी होगी, नहीं आने पर कानूनी कार्यवाही होगी।

लतीफशाह में पिकनिक मनाने आया युवक नहाते समय कुंड में डूबा

लतीफशाह कुंड में युवक के डूबने के बाद मौके पर जुटी भीड़।

खुशियां बदली मातम में कुंड में डूबने से युवक की मौत

Young Writer, चकिया। कोतवाली क्षेत्र के लतीफशाह बिअर में सोमवार की दोपहर डैम के निचले हिस्से में बने कुंड में नहाने के दौरान संत रविदास नगर जिले के खमरिया गांव निवासी 18 वर्ष सिकंदर की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दियाद्य युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ।
संत रविदास नगर जनपद के औराई थाना अंतर्गत खमरिया गांव निवासी एक दर्जन नवयुवक निजी साधन से लतीफशाह की मजार पर बकरा ईद के त्यौहार पर चादर पोशी करने और पिकनिक मनाने के लिए आया हुआ था। जहां कर्मनाशा नदी में मोहम्मद सईद का पुत्र सिकंदर और उसका साथी मेराज नदी किनारे बने कुंड में नहाने लगे। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने की वजह से दोनों डूबने लगे। आसपास के लोगों ने किसी तरह मेराज को तो बचा लिया, लेकिन सिकंदर की जान नहीं बचा सके, उसकी गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घंटों मशक्कत के बाद किसी तरह शव को नदी के कुंड से बाहर निकलवाया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही मजार के पास बैठे उसके साथी उस्मान, सलीम, शोएब, गुलाम-ए-मुस्तफा, मोहम्मद अल्ताफ, साहिल, महफूज, कैफ, शुभम, रंजीत फिरोज कलीम सहित अन्य साथियों का रो रोकर बुरा हाल था। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर 13 जुलाई को लगेगी पोषण पाठशाला

Young Writer, चंदौली। जनपदमें 13 जुलाई को पोषण पाठशाला का आयोजन प्रस्तावित है। उक्त कार्यक्रम जिले के एनआईसी व सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर किया जाएगा। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से लाभार्थियों के पूछे गए प्रश्नों का उत्तर भी दिया जाएगा। यह जानकारी सीडीओ अजितेंद्रनारायण ने दी है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में यह कार्यक्रम 30 जून को निर्धारित किया गया था। लेकिन निदेशालय के आदेशानुसार कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था। लेकिन पुनरू 13 जुलाई को पोषण पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य थीम प्रभावी स्तनपान के लिए सही तकनीकी है। इसमें विभागीय अधिकारियों के साथ विषय विशेषज्ञों की ओर से इस संबंध में विस्तार से चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट वेब लिंग पर किया जाएगा। इस लिंक के माध्यम से कोई भी लाभार्थी कार्यक्रम से सीधे जुड़ सकता है। कहाकि आंगनबाड़ी कार्यकत्री अपने स्मार्ट फोन से वेब लिंक के जरिए इस कार्यक्रम से जुड़ेंगी। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्री अपने केंद्र पर पंजीकृत अंतिम त्रैमास की गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं व उनके अभिभावकों की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगी।

ड्रेन व नहर की सफाई न होने से नाराज भाकियू ने दिया धरना

खोनपुर में धरने पर बैठे भाकियू के पदाधिकारी व कार्यकर्ता।
खोनपुर में धरने पर बैठे भाकियू के पदाधिकारी व कार्यकर्ता।

Young Writer, चहनियां। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन द्वारा अधिकारियो को पत्रक देने के बाद भी ड्रेन व नहर की खुदाई-सफाई न होने पर से गुस्साए भाकियू कार्यकर्ता सोमवार को खोनपुर स्थित मां काली मंदिर प्रांगण में धरने पर बैठ गए। इसके पूर्व बैठक कर धरना की रणनीति भी बनी थी। सोमवार को खोनपुर स्थित काली माता के मन्दिर पर अनरवत धरना प्रदर्शन शुरू हो गया।
यूनियन के युवा मंडल अध्यक्ष वाराणसी मिथिलेश कुमार सिंह उर्फ मनमन सिंह द्वारा ड्रेन व नहर की सफाई न होने पर जनपद के अधिकारियों को पत्रक के माध्यम से 10 जुलाई तक सफाई का अल्टीमेटम दिया गया था। इसके बाद 11 से अनवरत खोनपुर काली मंदिर पर धरना देने की चेतावनी दी थी। रविवार तक नाही सफाई की गयी और ना ही किसी ने सर्वे किया। इससे नाराज संगठन के लोग किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए खोनपुर में काली माता के मन्दिर पर सोमवार से अनरवत धरना प्रदर्शन करेंगे। युवा मंडल अध्यक्ष मिथिलेश सिंह ने कहा कि ना ही नहरों की सफाई की गयी है और नाही ड्रेनों की। जबकि इस संदर्भ में जिला प्रशासन एवं बंधी प्रखण्ड अधिकारियों को अवगत करा दिया गया था। सफाई के नाम पर विभागीय लोग रुपये का बंदरबाट कर लिया जाता है। अब जब तक नहरों व ड्रेनों की सफाई नहीं हो जाती है तब तक धरना प्रदर्शन चलेगा। इस दौरान मण्डल सचिव अखिलेश यादव, जिलाध्यक्ष शेषनाथ यादव, प्रीतम सिंह, रामाशीष शर्मा, राम प्रकाश, बसंत शर्मा, रमाशंकर मौर्य, जसवंत मौर्य, राजेश सिंह आदि लोग मौजूद थे। अध्यक्षता नामवर यादव व संचालन प्रीतम सिंह ने किया।

देश में जनसंख्या नियंत्रण से ही समृद्ध होगा भारत: डा. अनिल यादव

चंदौली कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपते डा. अनिल यादव।
चंदौली कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपते डा. अनिल यादव।

जिलाधिकारी को सौंपा प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन

Young Writer, चंदौली। विश्व जनसंख्या दिवस पर सोमवार को जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष डा.अनिल यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जनसंख्या असंतुलन के कारण देश में संभावित गृह युद्ध को रोकने तथा सुख समृद्धि हेतु जनसंख्या नियंत्रण नियंत्रण कानून बनाने की मांग की। अंत में प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, विधि एवं न्याय और मुख्यमंत्री के नाम से संबोधित ज्ञापन को जिलाधिकारी संजीव सिंह को सौंपा।
इस दौरान जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि भारत पूरे विश्व का लगभग 18 प्रतिशत जनसंख्या का भार वहन कर रहा है। जबकि आबादी के अनुपात में हमारा भूभाग बहुत कम यानी लगभग 24 प्रतिशत है और जल भी विश्व का मात्र 4 प्रतिशत है। यही कारण है कि सरकार के तमाम उपायों के बावजूद भी देश में बेरोजगारी और गरीबी की समस्या बढ़ती जा रही है। जनसंख्या समाधान फाउंडेशन जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर पिछले 8 वर्षों से अधिक समय से अपनी मांग करता आ रहा है लेकिन इस बार एक निर्णायक व असरदार कानून बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस संगठन को तथा अभियान को संरक्षक इंद्रेश कुमार एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज किशोर के साथ-साथ 125 सांसदों का समर्थन भी प्राप्त है। इस दौरान जिला अध्यक्ष दीपक कुमार आर्य, आरसी शर्मा, गौरव सिंह चौहान, लेसनाथ, जवाहिर, रामजी यादव नवनीत कुमार गुप्ता, उदित नारायण दास, अवधेश शर्मा, शंभू विश्वकर्मा उपस्थित रहे।

Mission-2024 फतह करने की मुहिम पर BJP: डा.महेंद्रनाथ पांडेय

भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते डा. महेंद्रनाथ पांडेय।
भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते डा. महेंद्रनाथ पांडेय।

Young Writer, चंदौली। BJP सांसद एवं केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय सोमवार को जनपद दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने जनपद के कई बूथों का जायजा लिया। खासकर उन बूथों पर केंद्रीय मंत्री की नजर रही, जहां BJP को बीते चुनावों में अपेक्षा के अनुरूप आमजन का कम मत प्राप्त हुआ था। इस दौरान उन्होंने बूथ को सशक्त बनाने आमजन को भाजपा के कार्यक्रमों से जोड़ने और भाजपा की प्रगतिशील व विकासपरक नीतियों व सिद्धांतों से जोड़ने का सुझाव दिया।
इस दौरान भाजपा कार्यालय से सटे धुरीकोट गांव स्थित बूथ पर कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित किया। कहा कि लोकसभा के चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन भाजपा अभी से मिशन-2024 की तैयारियों में जुट गयी है। पहले चुनावों में जहां चूक हुई है उसे दुरूस्त करने की मुहिम चल रहा है। भाजपा संगठन के साथ ही सांसद, विधायक व मंत्री गांवों के दौरे पर है ताकि कमजोर बूथों को मजबूती के साथ सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने धुरीकोट में बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। जिले के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर अपने-अपने बूथ को मजबूत बनाने की कार्ययोजना पर काम करने का आह्वान लिया। बताया कि भाजपा कमजोर बूथ पर काम कर रही है, और हारे हुए बूथों पर जीत बीजेपी की प्राथमिकता होगी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रपति चुनाव को लेकर जुड़े सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि द्रोपदी मुर्मू आदिवासी समाज की बेटी है। शिक्षा पूरी होने के बाद से समाज कल्याण में लगी हुई है। दावा किया कि द्रोपदी मुर्मू देश की अगली राष्ट्रपति होने जा रही है। भारत महिला सशक्तिकरण और सर्वजन हिताय की आम भूमिका में आगे बढ़ रहा है, जो भारत के लोकतंत्र की खूबसूरती है। इस अवसर पर जिला प्रभारी मीना चौबे, जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, सर्वेश कुशवाहा, रमेश जायसवाल, राणा प्रताप सिंह, अजीत पाठक, अरविंद पांडेय, हरिवंश उपाध्याय, पंकज मिश्रा, जैनेंद्र राम आदि उपस्थित रहे। संचालन अनिल तिवारी ने किया।

चंदौली जिला अस्पताल में घायल श्रमिकों को नहीं मिल रहा समुचित ईलाज: अंजनी सिंह

जिला अस्पताल में सीएमएस के समक्ष श्रमिकों से बातचीत करते अंजनी सिंह।
जिला अस्पताल में सीएमएस के समक्ष श्रमिकों से बातचीत करते अंजनी सिंह।

Young Writer, चंदौली। जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह सोमवार को पंडित कमलापती त्रिपाठी जिला चिकित्सालय चंदौली पहुंचकर सीएमएस डा. उर्मिला सिंह से मिले। इस दौरान उन्होंने घायल श्रमिकों को समुचित इलाज ना मिलने की परिजनों के शिकायत सीएमएस के समक्ष रखी। उन्होंने सीएमएस को साथ लेकर सभी घायल श्रमिकों का स्वास्थ्य हाल जाना।
बताते चले कि बीते दिनों कमालपुर दलित बस्ती की श्रमिक महिलाएं जो नरवन परगना के डैना गांव में रोपनी करने जा रही थीं सिकठा गांव के पास पिकअप पलट जाने से लगभग चालीस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों के परिजनों ने बताया कि उन्हें हॉस्पिटल में खाना दवा मिल रहा है। इंजेक्शन भी लगाया जा रहा है मगर कोई बड़ा डाक्टर मरीजों के पास नहीं जा रहा है। साथ ही चार दिन से एडमिट मरीजों का सीटी स्केन तक नहीं हो पाया। सीएमएस ने बताया कि उनके पास हॉस्पिटल में डाक्टर का काफी अभाव है जो डाक्टर हैं उनकी ड्यूटी प्रधानमंत्री व सांसद के दौरे में लगी है। सीएमएस ने तत्काल सभी घायल श्रमिकों के समुचित देखभाल व इलाज का आदेश दिया। अंजनी सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि भाजपा ने पिछली सरकारों को खूब बदनाम किया। भाजपा कि सरकार में दलित पिछड़े, अल्पसंख्यक, गरीब, सवर्णाे का इलाज तक नहीं हो पा रहा है। कहा कि चंदौली सरकारी हॉस्पिटल में एमआरआई की व्यवस्था ही नहीं हो पाई। मांग किया कि चंदौली कमलापती त्रिपाठी हॉस्पिटल में योगी की सरकार तत्काल एमआरआई की व्यवस्था की जाय। डाक्टरों की कमी को पूरा करते हुए चंदौली को मॉडल हॉस्पिटल बनाए। इस अवसर पर काजू मिश्रा, अंगद खरवार, अमित राम, रविकिरण सिंह, अशोक यादव आदि उपस्थित रहे।

हृदय रोगः उपचार के साथ रोग की जटिलता को समझते चिकित्सक

हृदय रोग के लक्षणों व उपचार की जटिला पर डाक्टरों का ने किया चिंतन

Young Writer, चंदौली। चंदौली मेडिकोज एसोसिएशन के बैनर तले शनिवार की रात नरसिंहपुर खुर्द स्थित एक ढाबे पर दवा कम्पनी जेबी फार्मा की ओर से सीएमई कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान हृदय रोग विशेषज्ञ डा. विवेक राज सिंह ने चंदौली के चिकित्सकों के समक्ष हृदय रोग, उसके उपचार व मरीजों को बेहतर चिकित्सकीय परामर्श व उनके दवा-ईलाज के संबंध में अपने वक्तव्य को विस्तारपूर्वक रखा।

इस दौरान उन्होंने कहा कि हृदय रोग एक अत्यंत गंभीर बीमारी है। यदि इस बीमारी का समय रहते समुचित उपचार नहीं किया जाय तो रोगी की जान जा सकती है। यह रोग जितना जटिल है उसका उपचार भी उतना ही जटिल है। इस जटिलता को समझकर ही मरीजों का बेहतर ईलाज कर पाना संभव है। कहा कि हृदय रोग के नए प्रभाव, उनके लक्षणों को देखते हुए हर दिन ईलाज की नई तकनीकी व नई दवाएं विकसित हो रही है ताकि हृदय रोगियों की जान को बचाया जा सके। उन्हें उचित ईलाज देकर समुचित जीवन जीने की उम्मीद को जिंदा रखने में मदद मिल सके। कहा कि बहुत से रोगी, बीमारी का पता चलते ही हताश व निराश होने लगते हैं। ऐसे मरीजों की बेहतर काउंसलिंग की जरूरत है ताकि वे रोग से घबराएं नहीं, बल्कि उसके ईलाज के लिए मानसिक रूप से तैयार हो और अपना जीवन पहले की तरह सामान्य तरह से जी सके। यह सबकुछ एक चिकित्सक व मरीज के बीच एक मजबूत विश्वास पर टिका है।

आज के दौर में किसी भी रोग का सफल व समुचित उपचार एक चिकित्सक के लिए बड़ी चुनौती है जिसका सामना यहां मौजूद सभी चिकित्सक हर दिन करते हैं। हृदय रोग पर आयोजित यह कार्यशाला चिकित्सकों की जानकारी को और अधिक पुख्ता और मजबूत करेगा। साथ ही चंदौली जनपद में मरीजों के उपचार की नई दिशा दिखाने का भी काम करेगा। इस दौरान कार्यशाला में जमा चिकित्सकों ने हृदय रोग से जुड़े अपने विचारों व नजरियों को अपने साथी चिकित्सकों से साझा किया और अपने कई सवालों को भी कार्यशाला के पटल पर रखा। इसके बाद चिकित्सा के क्षेत्र में बेहतर सेवाएं प्रदान करने वाले चिकित्सकों को मोमेंटों प्रदान कर सम्मानित किया गया है। इस दौरान डा. रमाशंकर सिंह, डा. शैलेश, डा. दिनेश सिंह, डा. जितेंद्र सिंह, डा. मुस्तकीम, डा.चंद्रिका, डा.अनिल सिंह, डा. गोपाल सिंह व समाजसेवी दीपक पांडेय, दिलीप मौर्य सहित 50 चिकित्सक उपस्थित थे।

Chandauli
clear sky
23.7 ° C
23.7 °
23.7 °
84 %
1.4kmh
4 %
Wed
24 °
Thu
31 °
Fri
32 °
Sat
31 °
Sun
32 °
Verified by MonsterInsights